Author: Encounter News Desk

  • पंजाबः सरकार ने प्रॉपर्टी कारोबारियों को दी राहत, अब मात्र इतने दिनों में मिलेगी NOC

    पंजाबः सरकार ने प्रॉपर्टी कारोबारियों को दी राहत, अब मात्र इतने दिनों में मिलेगी NOC

    चंडीगढ़ : पंजाब के लोगों को संपत्ति की खऱीद एवं बिक्री के दौरान होने वाले झगड़ों और मुकदमेबाज़ी से बचाने के लिए वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा और राजस्व मंत्री ब्रम शंकर जिम्पा ने गुरूवार को एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान एनओसी प्रक्रिया को 21 दिनों से घटाकर काम-काज के 15 दिन करने का फ़ैसला लिया।

    पंजाब भवन में हुई इस बैठक के दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के सुझाव पर यह भी फ़ैसला लिया गया कि प्रवासी भारतियों और अन्य ऐसे व्यक्तियों जिनके पास समय की कमी होती है, की सुविधा के लिए तत्काल सुविधा के अंतर्गत एनओसी प्रक्रिया के लिए समय 5 दिन का होगा। वित्त मंत्री ने कहा कि इस सुविधा के अंतर्गत प्रवासी भारतीय या वह व्यक्ति जो इस सुविधा को जल्द हासिल करना चाहते हैं मामूली सी अधिक फीस अदा कर 5 दिनों में एनओसी हासिल कर सकेंगे।  

    इसी दौरान कैबिनेट मंत्रियों द्वारा एनओसी की ऑनलाइन प्रक्रिया पर नजऱ रखने के लिए राजस्व विभाग के सब-रजिस्ट्रार को लॉगइन आईडी और पासवर्ड मुहैया करने का फ़ैसला किया गया, जिससे वह रजिस्टरी के मौके पर असली और नकली एनओसी का पता लगा सके। इससे नकली एनओसी के कारण हुई रजिस्टरी के मामलों में सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जा सकेगी और धोखाधड़ी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध समय पर आपराधिक मामले दर्ज करने में भी सहायता मिलेगी।

    बैठक के दौरान लोगों की सुविधा के लिए वसीका नवीसां के नए लाइसेंस जारी करने का भी फ़ैसला किया गया। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित बनाने के लिए कहा गया कि हरेक वसीका नवीस पंजाब सरकार द्वारा समय-समय पर जारी की गई हिदायतों को संपत्ति विक्रेता और खरीददार की जानकारी के लिए प्रदर्शित करे और तहसीलदारों द्वारा औचक चैकिंगें कर इसको सुनिश्चित बनाया जाए। बैठक के दौरान यह भी फ़ैसला किया गया कि लोगों को अधिकृत और अनाधिकृत रिहायशी कॉलोनियों संबंधी अवगत करवाने के लिए राज्य भर की सभी अधिकृत कॉलोनियों की सूची को राजस्व, आवास निर्माण एवं स्थानीय सरकार की विभागीय वैंबसाईटों पर प्रकाशित किया जाएगा। 

    वित्त मंत्री ने बैठक में उपस्थित राजस्व, आवास निर्माण एवं स्थानीय सरकार विभागों के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अगली बैठक के दौरान संपत्ति रजिस्टरी प्रक्रिया में आने वाली अन्य कठिनाईयों के हल के लिए सुझाव पेश करें, जिससे लोगों की सुविधा और रीयल एस्टेट में तेज़ी लाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व अधीन पंजाब सरकार सभी विभागों की कार्यवाही को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • जालंधरः अवैध दुकानों पर कार्रवाई करने गई निगम टीम को Batra Brothers ने दी धमकियां, देखें वीडियो

    जालंधरः अवैध दुकानों पर कार्रवाई करने गई निगम टीम को Batra Brothers ने दी धमकियां, देखें वीडियो

    जालंधर/वरुणः गोपाल नगर स्थित बत्तरा ब्रदर्स एक बार फिर से चर्चा में आ गए। दरअसल, आज निगम कमिश्नर दविंदर सिंह के आदेश पर बिल्डिंग ब्रांच एमटीपी नीरज भट्टी की टीम ने बत्तरा ब्रदर्स की अवैध 15 दुकानों कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। इस दौरान बत्तरा ब्रदर्स की ओर से निगम टीम सहित पुलिस अधिकारियों के साथ बत्तरा ब्रदर्स की काफी बहस हुई। बत्तरा ब्रदर्स ने पुलिस अधिकारियों को धमकी देते हुए कहा कि उन पर कोई पहला दर्ज नहीं होने जा रहा।

    पहले भी कई मामले उन पर दर्ज है। वीडियो में आप देख सकते है कि कैसे अधिकारियों को जाने से मारने की धमकी भी बत्तरा ब्रदर्स की ओर से दी गई। बता दें कि पिछले सप्ताह भी निगम की टीम ने इस दुकानों पर कार्रवाई करते हुए काम को रुकवा दिया था, लेकिन दीवाली की सरकारी छुट्टियों के चलते बत्तरा ब्रदर्स द्वारा फिर से काम शुरू करवा दिया गया और इन 15 दुकानों पर लैंटर डलवाया गया।

    जिसके बाद निगम की टीम ने बीते दिन इस कार्रवाई को दोबारा रुकवा दिया। वहीं आज निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध दुकानों के लैंटर को गिरा दिया। गौर हो कि बत्तरा ब्रदर्स पर निगम की ओर से पहली बार कार्रवाई नहीं की गई। इससे पहले भी निगम की ओर से बत्तरा ब्रदर्स की सांई रसोई पर कार्रवाई की गई थी। उस दौरान बत्तरा ब्रदर्स द्वारा उग्र प्रदर्शन किया गया था, जो शहर में कई महीनो तक चर्चा  का विषय बना रहा था। इस दौरान भी बत्तरा ब्रदर्स की ओर से निगम टीम को धमकियां दी गई थी।

  • बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, रेलवे स्टेशन से संदिग्‍ध बैग में  भारी मात्रा में विस्‍फोटक सामग्री बरामद

    बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, रेलवे स्टेशन से संदिग्‍ध बैग में भारी मात्रा में विस्‍फोटक सामग्री बरामद

    जम्मू: जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों की मुस्‍तैदी से बड़ी आतंकी वारदात टल गई। जम्मू रेलवे स्टेशन में टैक्सी स्टैंड के पास से एक संदिग्‍ध बैग बरामद क‍िया गया है। इस बैग में 2 डिब्बे मिले हैं। इसमें एक डिब्बे में विस्फोटक सामग्री और दूसरे डिब्बे में 18 डेटोनेटर्स मिले। रेलवे स्‍टेशन पर व‍िस्‍फोटक म‍िलने की सूचना पर सुरक्षा एजेंस‍ियों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की।

    उधर, इस पूरे मामले में जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताब‍िक, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने वीरवार को जम्मू रेलवे स्टेशन के टैक्सी स्टैंड पर एक बैग बरामद क‍िया। बैग के संद‍िग्‍ध पाए जाने पर इसकी जांच की गई तो हड़कंप मच गया।

    बैग से विस्फोटक बरामद किया गया। जीआरपी के एसएसपी मोहम्मद आरिफ रिशु ने बताया कि विस्फोटक दो बक्सों में पैक किया गया था। उन्होंने बताया कि बैग में 18 डेटोनेटर और कुछ तार भी रखे गए थे। एसएसपी आरिफ रिशु ने कहा कि बक्से लगभग 500 ग्राम मोम टाइप की सामग्री से भरे हुए थे, जिसकी जांच की जा रही है।

  • पंजाबः चोरी करने और चोरी का सामान खरीदने वाले गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार

    पंजाबः चोरी करने और चोरी का सामान खरीदने वाले गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार

    मोहालीः लूटपाट के बढ़ते मामलों को लेकर वारदातों को लेकर पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई करते हुए गिरोह के 5 सदस्यों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों से सोने के गहने सहित भारी मात्रा में अन्य सामान बरामद किया है। उक्त आरोपी बंद घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। एसएसपी विवेकशील सोनी की टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी करने वाले और चोरी का सामान खरीदने वाले गिरोह के 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चोरी करने वाले श्याम मंडल और अमित कुमार के तौर पर हुई है। वहीं चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपियों की पहचान संतोष कुमार, लल्लन प्रसाद और अजय महिनपाल के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए एसएसपी ने बताया कि आरोपी दिन में मोहाली इलाके में घूमते और जिन घरों में सीसीटीवी कमरे नहीं लगे होते उन घरों को निशाना बनाकर रात में चोरी को अंजाम देते थे।

    तीन-चार वारदातों को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने राज्य बिहार वापस चले जाते थे ताकि उनका पता न चल सके। इनके पास से बरामद सामान में शुद्ध सोना, सोना और हीरे के आभूषण (लगभग 76 तोला सोना और हीरा) जिनका वजन 767.73 ग्राम है, चांदी के आभूषण 661 ग्राम, 11 लाख रुपये नकद, 6000 अमेरिकी डॉलर, रिवॉल्वर समेत चार राउंड, 3 घड़ियाँ और मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।

  • चुनाव पर्यवेक्षकों ने नोडल अधिकारियों के साथ की आवश्यक बैठक

    चुनाव पर्यवेक्षकों ने नोडल अधिकारियों के साथ की आवश्यक बैठक

    जिला में चुनाव से संबंधित की गई व्यवस्थाओं की भी ली जानकारी

    ऊना/सुशील पंडित: सामान्य विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जिला ऊना के लिए नियुक्त किए हुए सामान्य पर्यवेक्षकों ने वीरवार को चुनाव प्रक्रिया से जुडे़ नोडल अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक की। डीआरडीए सभागार में आयोजित बैठक में सामान्य पर्यवेक्षक मुकेश कुमार आईएएस 2009 बैच और प्रशांत मिश्रा आईएएस 2014 बैच ने जिला ऊना में चुनावों के लिए व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों से निष्पक्ष व स्वतंत्र और शांतिपूर्ण मतदान करवाने के लिए जिला में किए जा रहे सभी प्रबंधों/व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने दिव्यांगजनों, बजुर्गों व 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं के लिए मतदान के लिए किए जा रहे प्रबंधों की भी जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि रिटर्निंग अधिकारियों के माध्यम से शत-प्रतिशत वोटर स्लीप वितरित करना सुनिश्चित करें तथा सी-विजल ऐप भी डाउनलोड करने को कहा।
    जिला निर्वाचन अधिकारी एव ंउपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने पर्यवेक्षकों को चुनाव के लिए जिला में की गई सभी आवश्यक रूप से विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला में चुनावों में सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। राघव शर्मा ने बताया कि जिला ऊना में पांच विधानसभा क्षेत्र है जिसमें 515 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं जिनमें 476 पोलिंग स्टेशन ग्रामीण क्षेत्र व 39 पोलिंग स्टेशन शहरी क्षेत्रों में बनाए गए हैं जिसमें 446 सामान्य है और 69 संवेदनशील हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जिला में 4,24,813 मतदाता है जिसमें 2,15,034 पुरूष मतदाता तथा 2,09,777 महिला मतदाता और दो ट्रांस्जेंडर मतदाता शामिल हैं।
    उन्होंने बताया कि जिला में 100 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 112 मतदाता है और 90 प्लस आयु वर्ग के 1665 मतदाता है। उन्होंने बताया कि बजुर्गों व दिव्यांगजनों और 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इस प्रक्रिया के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 5-5 टीमें निर्धारित की गई हैं तथा 80 वर्ष या इससे अधिक आयु व दिव्यांग मतदाताओं से पोस्टल बैलट पेपर की सुविधा मुहैया करवाई गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो महिला बूथ स्थापित किए गए हैं।
    इसके अतिरिक्त दो मॉडल मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। राघव शर्मा ने बताया कि 272 मतदान केंद्रों में मतदान के दिन वेबकास्टिंग का प्रबंध भी किया गया है। इसके अलावा जिला में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए होर्डिंग्ज़ स्थापित किए गए हैं तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला में निर्वाचन प्रक्रिया से जुडे़ अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए प्रथम चरण का पूर्वाभ्यास हरोली, गगरेट व ऊना के लिए 23 अक्तूबर को तथा चिंतपूर्णी और कुटलैहड़ के लिए 26 अक्तूबर को आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि हरोली, गगरेट व ऊना के लिए दूसरे चरण का पूर्वाभ्यास 4 नवंबर को तथा चिंतपूर्णी व कुटलैहड़ के लिए 5 नवंबर को आयोजित होगा। जबकि तीसरा पूर्वाभ्यास 10 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। राघव शर्मा ने बताया कि जिला में सीमावर्ती क्षेत्रों में 25 नाकों पर सुरक्षा कर्मियों के माध्यम से वाहनों पर नज़र रखी जा रही है। 
  • पंजाबः फर्जी पुलिस मुठभेड़ में CBI कोर्ट ने दो पूर्व पुलिस अधिकारियों को ठहराया दोषी

    पंजाबः फर्जी पुलिस मुठभेड़ में CBI कोर्ट ने दो पूर्व पुलिस अधिकारियों को ठहराया दोषी

    तरनतारन: सीबीआई कोर्ट मोहाली ने आज तरनतारन के करीब 30 साल पुराने फर्जी एनकाउंटर पर फैसला सुनाया है। सीबीआई की विशेष अदालत ने दो पुलिस कर्मियों को दोषी ठहराया है। दोषियों में पूर्व थानेदार शमेशर सिंह व जगतार सिंह शामिल हैं। दोनों को आईपीसी की धारा 302, 120 व 218 के तहत दोषी ठहराया गया है। अदालत ने दोनों को पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। दोषियों को सोमवार को सजा सुनाई जाएगी।

    इस केस के दो आरोपियों की ट्रॉयल के दौरान मौत हो चुकी है। अदालत में पुलिस द्वारा बताई गई कहानी पूरी तरह झूठी साबित हो गई। थाना सदर तरनतारन की पुलिस ने तीस साल पहले दावा किया था कि 15 अप्रैल 1993 को सुबह साढ़े चार बजे जब वह उबोके निवासी हरबंस सिंह को हथियारों की रिकवरी के लिए जा रहे थे, तो तीन आतंकियों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस ने अपने बचाव की कोशिश की। क्रॉस फायरिंग में हरबंस सिंह व एक अन्य अज्ञात आतंकी की मौत हो गई थी।

    इस संबंध में अमृतसर के थाना सदर में 302, 307 और 34 आईपीसी, असला एक्ट व टाडा एक्ट की धारा पांच के तहत अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया था। हालांकि मृतक हरबंस के भाई परमजीत सिंह को यह सारा मामला संदिग्ध लगा। उन्होंने अपने मृतक भाई को इंसाफ दिलाने के लिए कानूनी जंग शुरू कर दी। वह इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक गए। जिसके बाद सीबीआई ने हरबंस सिंह के भाई परमजीत सिंह की शिकायत पर कार्रवाई शुरू की।

    सीबीआई की जांच में यह कहानी फर्जी पाई गई। इसके बाद 1999 में केस की पड़ताल के बाद सीबीआई ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया। साथ ही केस की जांच शुरू हो गई। केस दर्ज करने के तीन साल 2002 में सीबीआई ने थाने के तत्कालीन एसएचओ, एसआई शमशेर सिंह, एएसआई जागीर सिंह और एएसआई जगतार सिंह व थाने में तैनात सभी मुलाजिमों पर आरोप पत्र दाखिल किया गया। करीब 11 महीने बाद 13 दिसंबर 2002 में आरोपियों पर आरोप तय किए गए। जब यह कार्रवाई हो गई तो इसी बीच केस की सुनवाई पर अदालत में स्टे लग गया। साल 2006 से लेकर 2022 तक मामले की सुनवाई रुकी रही। इसी समय के बीच मामले के दो आरोपियों पूरन सिंह व जागीर सिंह की मौत हो गई। इस केस में कुल 17 गवाहों ने अपने बयान दर्ज करवाए थे। जिसके बाद सभी पक्षों को सुनने के बाद तीस साल बाद अदालत ने आरोपियों को दोषी करार दिया। 

  • चंडीगढ़ में धू-धू कर जली शराब की फैक्टरी, हादसे में 4 लोग झुलसे, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ में धू-धू कर जली शराब की फैक्टरी, हादसे में 4 लोग झुलसे, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः इंडस्ट्रियल एरिया फेज 1 में वीरवार को शराब की फैक्टरी में आग लग गई। आग की चपेट में आने से चार लोग घायल हो गए हैं। सभी को सेक्टर 32 अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि यह बत्रा ब्रुअरीज और डिस्टिलरीज के नाम से संचालित है। दोपहर करीब 2.37 बजे फैक्ट्री में अचानक आग लग गई।

    वहीं सूचना पाकर पहुंचे दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों के सहारे पहली मंजिल पर विंडो तोड़कर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी है। इसके साथ दमकल विभाग की एक टीम फैक्ट्री के निचले हिस्से से आग पर काबू पाने में लगी है। वहीं मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने बताया कि अभी तक आग लगने की वजह का पता नहीं चला है। लेकिन एक बार आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद इस तथ्य की गहनता से जांच की जाएगी। फिलहाल प्राथमिक तौर पर आग लगने की वजह शार्ट-सर्किट समझ में आ रही है।

  • पंजाबः घरेलू विवाद सुलझाने गए ASI से की हाथापाई, फाड़ी वर्दी 

    पंजाबः घरेलू विवाद सुलझाने गए ASI से की हाथापाई, फाड़ी वर्दी 

    मोहालीः जिले के गांव घटौर से घरेलू विवाद सुलझाने गए एएसआई की वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया है। दरअसल, पति-पत्नी के घरेलू विवाद में सुलह करवाने पहुंचे कुराली सदर थाने के एएसआई जसपाल सिंह की गुस्साए व्यक्ति ने वर्दी फाड़ दी और उससे हाथापाई कर उसे घायल कर दिया। हमला करने वाला व्यक्ति पूर्व फौजी है, जिसकी पहचान भगवंत सिंह के रूप में हुई है।

    भगवंत सिंह गांव घटौर का रहने वाला है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भगवंत सिंह के खिलाफ सदर कुराली थाने में आइपीसी की धारा 353, 186, 506 व 509 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। एएसआई ने बताया कि आरोपी की पत्नी ने कुराली सदर थाने शिकायत दी थी कि उसका पति आर्मी से रिटायर्ड है और उससे काफी मारपीट करता है। पत्नी की शिकायत ड्यूटी पर तैनात एएसआई जसपाल सिंह महिला के पति भगवंत सिंह से सुलह करवाने घर पहुंचे थे।

    जब वह भगवंत सिंह को समझा रहे थे तो उसने एएसआई जसपाल सिंह पर गुस्से में आकर हमला कर दिया। हाथापाई करते हुए उसने एएसआई जसपाल सिंह की वर्दी फाड़ दी। इस हमले में एएसआई जसपाल सिंह घायल हो गया। जिसने मदद के लिए पुलिस थाने फोन कर अपनी टीम को मौके पर बुलाया। इसके बाद भगवंत सिंह को गिरफ्तार किया गया और एएसआई को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। 

  • जालंधर में युवतियों के बाद अब युवक का हवाई फायर का वीडियो हुआ वायरल, देखें वीडियो

    जालंधर में युवतियों के बाद अब युवक का हवाई फायर का वीडियो हुआ वायरल, देखें वीडियो

    जालंधर,(वरुण/हर्ष): महानगर में लगातार युवक और युवतियों द्वारा हवाई फायर करने के मामले सामने आ रहे है। इसी महीने 4 अक्तूबर को बुलेट रानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके कुछ दिन बाद दीवाली वाले दिन एक और युवती का गोली चलाने का वीडियो वायरल हुआ। वहीं अब एक युवक का सड़क पर गोली चलाने का वीडियो वायरल हुआ है।

    बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो जालंधर का है। हवाई फायर करने वाले युवक का नाम गुरशेर खरबंदा है। जानकारी के मुताबिक युवक मॉडल टाउन स्थित स्कूल में पढ़ाई कर रहा है और युवक के पिता प्रॉप्टी डीलर बावा नाम से मशहूर है। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति का फर्नीचर का शोरूम भी है।  जिसने युवक को अपनी रिवाल्वर से हवाई फायर करने के लिए दिया था। हैरानी की बात यह है कि इन सबके बावजूद पुलिस प्रशासन आंखे मूंद कर सोया हुआ है। 

  • 29  से होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

    29 से होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

    तमिलनाडु : मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में इस बात की भविष्यवाणी की है कि 29 अक्टूबर से देश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में निचले क्षोभमंडल के स्तर में उत्तर-पूर्वी हवाओं के साथ पूर्वोत्तर मानसून की बारिश हो सकती है। पूर्वानुमान में यह भी कहा गया है कि एक चक्रवाती परिसंचरण वर्तमान में पश्चिम मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के निचले क्षोभमंडल स्तरों में बना हुआ है।
    इसके अलावा, मौसम विभाग ने कहा कि निचले क्षोभमंडल स्तरों में एक ट्रफ रेखा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से तमिलनाडु होते हुए बंगाल की दक्षिण-पश्चिम खाड़ी तक जाती है। आईएमडी ने कहा, ”उपरोक्त स्थितियों के कारण 29 और 30 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और केरल में अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है।” मौसम विभाग ने कहा है, “30 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान उत्तर-पूर्वी राज्यों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग जगहों पर हल्की वर्षा की संभावना है।” पूर्वानुमान में यह भी कहा गया है कि अगले पांच दिनों के दौरान देश के बाकी हिस्सों में शुष्क मौसम रहने की संभावना है।