Category: Rashifal

  • छठे वेतन आयोग का लंबित एरियर न मिलने से होमगार्ड्स जवानों में रोष  

    छठे वेतन आयोग का लंबित एरियर न मिलने से होमगार्ड्स जवानों में रोष  

    पुलिस व अन्य विभागो के पास लंबित है लाखो का एरियर 

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश होमगार्ड्स कल्याणकारी संगठन जिला ऊना ने छठे वेतन आयोग के अंतर्गत मिलने वाले लंबित एरियर को न दिए जानें को लेकर रोष जताया है। यूनियन ने कहा है की कुछ विभागो ने सरकारी अधिसूचना लागू होने के बाबजूद होमगार्ड्स विभाग को   एरियर की राशि जारी नही की है । जिससे होमगार्ड्स जवानों को कई प्रकार की आर्थिक तंगी से जीवनयापन  व्यतीत करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। होमगार्डस  संगठन के प्रधान तिलक राज  ने कहा की जिला में विभिन्न स्थानों पर होमगार्ड्स जवान अपनी सेवाए दे रहे हैं। उन्होंने कहा की पूर्व सरकार द्वारा बर्ष 2022 में छठे वेतन आयोग की अधिसूचना जारी कर पहली किस्त पचास हजार रुपए देने के आदेश जारी किए थे। लेकीन आदेशों के 10 माह बाद भी होमगार्ड्स जवानों को  पुलिस विभाग ,बैबरेज   ( शराब ) डीपू , आरटीओ बैरियर व  संप्रेषण बाल गृह समूर कलां ने एरियर की लाखों की राशि का भुगतान न किया है।जिससे जवानों में रोष व्याप्त है। होमगार्ड्स यूनियन ने  प्रदेश सरकार से मांग  की है छठे वेतन आयोग की एरियर संबंधी  अधिसूचना को अमलीजामा पहनाकर होमगार्डस वर्ग को न्याय प्रदान किया जाए ।
  • दिल दहलाने वाला मामलाः 21 वर्षीय युवक के किए 8 टुकड़े, बोरे में डालकर नाले में फेंका शव

    दिल दहलाने वाला मामलाः 21 वर्षीय युवक के किए 8 टुकड़े, बोरे में डालकर नाले में फेंका शव

    चंबाः मुंबई में सरस्वती और दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड से जहां पूरा देश स्तब्ध है। तो वहीं, अब ऐसा ही मिलता जुलता मामला हिमाचल प्रदेश के चंबा से भी सामने आया है। यहां 21 साल के एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद उसके शव के 8 टुकड़े किए गए। फिर उन टुकड़ों को एक बोरे में बंद करके नाले में फेंक दिया गया। घटना सलूणी उपमंडल के तहत भांदल पंचायत का है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, हत्या की इस वारदात के बाद पूरे चंबा जिले में भय का माहौल है।

    मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, मनोहर का एक मुस्लिम लड़की के साथ अफेयर चल रहा था। लड़की के परिवार वालों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने इसका विरोध किया। लड़की को कहा कि वह मनोहर से दूर रहे। आरोप है कि लड़की के भाइयों ने ही मनोहर की हत्या की है। हत्या करने के बाद उन्होंने मनोहर के शरीर के 8 टुकड़े किए। बाद में इन टुकड़ों को बोरी में बंद कर दिया और नाले में फेंक दिया।

    पुलिस के मुताबिक, 6 दिन पहले मनोहर किसी काम के सिलसिले में घर से निकला था। जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस अभी जांच कर ही रही थी कि इसी बीच कुछ लोग 9 जून को थरौली गांव के पास एक नाले से गुजर रहे थे। तभी उन्हें बदबू आई तो देखा कि नाले में एक बोरी पड़ी हुई है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जब बोरी को खोला तो उसमें युवक की लाश 8 टुकड़ों में कटी हुई पड़ी थी। पता चला ये लाश मनोहर की ही है। घर वालों को इसकी सूचना दी गई। उन्होंने हत्या के पीछे तीन लोगों का नाम लिया। चंबा के एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में जांच जारी है।

  • राशन कार्ड धारकों को सीएम ने दी बढ़ी राहतः अब मिलेगा इतने रुपए सस्ता तेल

    राशन कार्ड धारकों को सीएम ने दी बढ़ी राहतः अब मिलेगा इतने रुपए सस्ता तेल

    शिमला: बढ़ती महंगाई के दौर में राशनकार्ड धारकों के लिए अच्छी खबर है। अब राशनकार्ड धारकों को उचित मूल्य की दुकानों में सरसों का तेल 37 रुपये सस्ता मिलेगा। अब सभी को 110 रुपये प्रति लीटर की दर से सरसों का तेल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जून से पहले गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) 142 रुपये व गरीबी रेखा से ऊपर (एपीएल) के लाभार्थियों को 147 रुपये प्रति लीटर की दर से तेल दिया जा रहा था। बाजार में सरसों तेल के दाम में आई कमी और खाद्य एवं आपूर्ति निगम द्वारा खोले टेंडर के कारण दाम 109.74 रुपये तय हुआ है। 

    पहले सरकार 20 रुपये का उपदान प्रदान करती थी। अब उपदान में 10 रुपये की बचत होगी। प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत 19,74,790 राशन कार्ड धारक हैं। सरसों तेल पर 10 रुपये उपदान कम देने और टेंडर कम दाम पर खुलने से सरकार को मासिक चार करोड़ रुपये का लाभ होगा। राशनकार्ड धारकों को सरसों का तेल मासिक 26 लाख लीटर दिया जा रहा है।

  • ऑरेंज अलर्ट के बीच झमाझम बारिश, चोटियों पर बर्फबारी, देखें वीडियो

    ऑरेंज अलर्ट के बीच झमाझम बारिश, चोटियों पर बर्फबारी, देखें वीडियो

    शिमलाः हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच झमाझम बारिश हुई है। प्रदेश की राजधानी शिमला व अन्य भागों में बुधवार सुबह से बारिश का दौर जारी रहा। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले में करीब तीन दशक बाद मई में मौसम का मिजाज बदला है। मई अंत में भी दिसंबर जैसी ठंड महसूस की जा रही है। शिमला में भी अभी तक लोगों के स्वेटर व जैकेट नहीं उतरे हैं। बुधवार सुबह कुल्लू में हल्की बारिश हुई, जबकि रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे। लगातार जारी बारिश-बर्फबारी से कृषि कार्य भी प्रभावित हुए हैं। किन्नौर जिले की ऊंची चोटियों पर भी बुधवार सुबह हल्की बर्फबारी हुई।

    सिरमौर में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई सड़कें बंद हैं और बसें फंस गई हैं। संगड़ाह में भारी बारिश से आए मलबे में कार फंस गई। कई जगह ओलावृष्टि भी हुई है, जिससे बागवानों की चिंता बढ़ गई है। सोलन, मंडी, कांगड़ा  जिलों में भी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, शिमला जिले के नेरवा में बारिश के चलते एक पेड़ गिरने से तीन कारों को क्षति पहुंची है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

    4 जून तक प्रदेश में बारिश और अंधड़ का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। विभाग ने अगले तीन घंटों के दौरान बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन व ऊना जिले के कुछ स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। वहीं,  चंबा जिले में बैरागढ़-साचपास-किलाड़ मार्ग पर कालाबन के समीप हिमस्खलन हुआ है। इस दौरान पर्यटक हिमस्खलन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। हिमस्खलन से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर एक बार फिर से ब्रेक लग गई। 

  • 12वीं का रिजल्ट हुआ जारीः 79.4% रहे स्टूडेंट पास 

    12वीं का रिजल्ट हुआ जारीः 79.4% रहे स्टूडेंट पास 

    धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश बोर्ड ने कक्षा 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। छात्र अपना रिजल्ट HP Board की आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org के जरिए चेक कर सकते हैं। रिजल्ट ऑनलाइन चेक करने के लिए छात्रों को रोल नंबर के तहत बोर्ड की वेबसाइट पर लॉग इन करना होगा। HPBOSE द्वारा HP Board 12th Toppers के नाम, पास प्रतिशत आदि की भी घोषणा करने की उम्मीद है। साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स स्ट्रीम के रिजल्ट एक साथ घोषित किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश बोर्ड कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 10 से 31 मार्च तक आयोजित की गई थीं।

    इस साल राज्य में लगभग 1,03,928 छात्रों ने कक्षा 12वीं की फाइनल परीक्षा दी है। HPBOSE कक्षा 12 परीक्षाओं रजिस्टर्ड लाखों छात्र-छात्राएं आधिकारिक वेबसाइट results.hpbose.org पर नतीजे चेक कर पाएंगे। रिजल्ट ऑफिशियल वेबसाइट से चेक किया जा सकता है। रिजल्ट चेक करने के लिए रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य डिटेल्स की जरूरत पड़ेगी। टर्म 2 के लिए ऑनलाइन एचपीबीओएसई 12वीं रिजल्ट 2023 में निम्नलिखित जानकारी दी गई है: उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, स्कूल का नाम, प्रत्येक विषय में प्राप्त अंक, और समग्र, ग्रेस या फाइनल अंक।

    सके अलावा, छात्र HPBOSE 12वीं टर्म 2 रिजल्ट 2023 एसएमएस के जरिए भी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र थर्ड पार्टी वेबसाइट और डिजिलॉकर पर भी जाकर एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। छात्रों को सलाह है कि वे रिजल्ट चेक करने के बाद उसमें दी गई डिटेल्स जैसे नाम, पिता-माता का नाम, विषय, एड्रेस, डेट ऑफ बर्थ सहित अन्य डिटेल्स चेक कर लें। HPBOSE 12वीं की परीक्षा में इस साल 1.3 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए हैं। बोर्ड की परीक्षा राज्य के निर्धारित सेंटरों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा का इंतजाम किया गया था।

    इन स्टेप्स से चेक कर सकेंगे रिजल्ट

    • सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर जाएं।
    • होमपेज पर ‘परिणाम’ टैब पर क्लिक करें।
    • अब, ‘एचपी बोर्ड 12वीं परिणाम 2023’ लिंक पर क्लिक करें।
    • अपना रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज करें।
    • आपका HPBOSE कक्षा 12वीं टर्म 2 का परिणाम स्क्रीन पर खुल जाएगा।
    • इसके बाद रिजल्ट की एक प्रति डाउनलोड कर अपने पास रख लें।
  • काठा ईएसआई सड़क पर ट्रकों की अवैध पार्किंग

    काठा ईएसआई सड़क पर ट्रकों की अवैध पार्किंग

    सड़क के दोनों किनारे खड़े ट्रकों के कारण लग रहा है जाम

    लोगों की शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने काटे चालान

    बद्दी/सचिन बैंसल: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत काठा ईएसआई मार्ग पर सड़क के दोनों किनारे खड़े ट्रकों की वजह से जाम लग रहा है। वहीं सड़क किनारे खड़े यह ट्रक हादसों को भी न्यौता दे रहे हैं। इस मार्ग पर ईएसआई मॉडल अस्पताल भी स्थित है ओर अस्पताल आने जाने वाले वाहनों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पिछले कई दिनों से इस सड़क मार्ग के दोनों किनारे निजी उद्योग के ट्रकों की अवैध पार्किंग आवाजाही में मुसीबत बन चुकी है। दर्जनों ट्रक लाइने लगाकर सड़क के दोनों किनारे खड़े हैं जिसके चलते इस तंगहाल सड़क पर जाम की स्थिती बन रही है। वहीं एमरजेंसी में ईएसआई हॉस्पिटल काठा आने जाने वाले रोगियों व इस रास्ते से निकलने वाले अन्य वाहनों के लिए सड़क किनारे खड़े ट्रक मुसीबत बन चुके हैं। लोगों की शिकायत के बाद 2 बार मौके पर पहुंची बद्दी पुलिस की टीम ने दर्जनों ट्रकों के चालान भी काटे। बाबजूद इसके  उद्योग में आने वाले ट्रक सड़क किनारे ही पार्क किये जा रहे हैं। लोगों ने बताया के सड़क किनारे ट्रकों की अवैध पार्किंग के चलते हादसों का भय भी बना हुआ है। सबसे अधिक परेशानी ईएसआई हॉस्पिटल आने जाने वालों को उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है के पहले कंपनी ने पार्किंग ले रखी थी, लेकिन अब उद्योग के ट्रक सड़क किनारे ही खड़े किए जा रहे हैं।

    उधर  कंपनी के एचआर सुरजीत का कहना है के उधोग ने यूनिकेम चौक के पास कुछ दिनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की है। उधोग ने बीबीएनडीए में भी पार्किंग के लिए अप्लाई किया है, जल्द इस समस्या का निवारण हो जाएगा।

  • गेहूं की फसल के नुकसान को देखते हुए किसानों मुआवजा दे सरकार :सतपाल सिंह सत्ती

    गेहूं की फसल के नुकसान को देखते हुए किसानों मुआवजा दे सरकार :सतपाल सिंह सत्ती

    गेहूं की फसल के नुकसान को देखते हुए किसानों मुआवजा दे सरकार :सतपाल सिंह सत्ती

    ऊना/ सुशील पंडित : ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने सरकार से किसानों को मौसम के चलते हुए नुकसान  की एवज में मुआवजा देने की मांग की है। भाजपा विधायक ने कहा कि बे मौसमी बरसात के चलते जिला के किसानों की गेंहू की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। दूसरी तरफ आलू की फसल को उचित दाम नहीं मिलने के कारण किसान भारी नुकसान में चल रहे हैं । उनकी तरफ से सरकार को प्राथमिकता के आधार पर ध्यान देना चाहिए। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि खेती जिला के हजारों लोगों का मुख्य पेशा है। लेकिन इस बार मौसम की बेरुखी के कारण गेहूं की फसलें बारिश के लिए तरसती रही। जैसे तैसे कर किसानों ने गेहूं की फसलों को पानी का इंतजाम किया लेकिन अब कटाई के वक्त लगातार हो रही बारिश से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि गेहूं की फसल के नुकसान को देखते हुए किसानों को प्रति एक कनाल 1000 रुपए मुआवजा राशि सरकार द्वारा दी जानी चाहिए ताकि अन्नदाता को संबल प्रदान किया जा सके।

    उन्होंने कहा कि जिला में आलू की फसल को दाम नहीं मिलने के चलते भी किसानों को भारी भरकम नुकसान हो रहा है। हालत यह है कि मंडियों में आलू की फसल को महज दो से ₹3 प्रति किलो दाम मिल रहा है जिसके चलते किसान खेतों में से ही आलू की फसल को नहीं निकाल रहे। विराट सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि किसानों ने भारी-भरकम खर्च करते हुए पहले आलू की फसल की बिजाई की थी। उस पर भी खाद और अन्य चीजों का भारी-भरकम खर्च उठाया। लेकिन अब हालत यह है कि मंडियों में मिल रहा दाम आलू की फसल को खेतों से निकालने तक का खर्च भी पूरा नहीं कर पा रहा। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रदेश के ऊपरी हिस्सों में सेव आदि फसलों को लेकर समर्थन मूल्य तय किए जाते हैं उसी तरह निचले क्षेत्रों के किसानों की सुध लेते हुए सरकार को आलू की फसल का एक मूल्य निर्धारित करते हुए किसानों से यह फसल खरीदनी चाहिए ताकि लाखों रुपया खर्च करके आलू की फसल का कारोबार करने वाले किसानों को भारी भरकम घाटे से बचाया जा सके।

  • थाने में SP ने मारा छापा, नशे में धुत्त मिले SHO सहित 2 मुलाजिम, किया सस्पेंड

    थाने में SP ने मारा छापा, नशे में धुत्त मिले SHO सहित 2 मुलाजिम, किया सस्पेंड

    हमीरपुरः हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के विधानसभा क्षेत्र की पुलिस कितनी मुस्तैद है, इसकी बानदी देखने को मिली है। एसपी हमीरपुर के निरीक्षण के दौरान यहां बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। यहां पर नादौन थाने के एसएचओ और दो अन्य कॉन्सटेबल को ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में धुत्त होने पर सस्पेंड किया गया है। एसपी की कार्यवाही से थाने में हड़कंप मच गया है। फिलहाल, तीनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है औऱ पड़ताल की जा रही है। जानकारी के अनुसार, हमीरपुर की एसपी आकृति शर्मा देर रात को नादौन थाने की जांच के लिए पहुंची थी। पुलिस कर्मियों को एसपी के आने की भनक नहीं लगी और एसपी ने मौके पर पाया कि थाने के एसएचओ और दो पलिस कॉन्सटेबल शराब के नशे में धुत्त हैं। जैसे ही एसपी मौके पर पहुंची सभी पुलिस कर्मियों का नशा उतर गया।

    ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एसपी ने सख्त एक्शन लिया और तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया। तीनों पुलिस कर्मचारियों का मेडिकल करवाने के बाद सस्पेंड कर दिया गया है। एसपी डॉक्टर आकृति शर्मा ने बताया कि तीनों पुलिस कर्मियों को शराब के नशे में पाया गया था और तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। एसएचओ योगराज चंदेल के साथ कांस्टेबल सत्येन्द्र , बेसरी लाल नशे में धुत पाए गए और जब उनका मेडिकल करवाया गया तो मेडिकल में शराब पीने की पुष्टि हुई है। विभागीय जांच व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। थाना में शीघ्र ही SHO की तैनाती कर दी जाएगी।

  • माता चिंतपूर्णी जयंती पर इन चीजों पर लगी रोक

    माता चिंतपूर्णी जयंती पर इन चीजों पर लगी रोक

    हिमाचल : अगर आप भी माता चिंतपूर्णी जयंती पर जा रहे हैं तो यह खबर आपके लिए अहम है। दरअसल, माता चिंतपूर्णी की जयंती पर इस बार भी 5 मई को भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। 4 मई को मंदिर को भव्य रूप से विशेष प्रकार के पुष्पों से सुसज्जित किया जाएगा। पावन पिंडी की विशेष पूजा-अर्चना और हवन यज्ञ किया जाएगा।

    माता को विशेष रूप से तैयार किए गए 56 भोग भी अर्पित किए जाएंगे। मां चिंतपूर्णी की जयंती पर किसी भी श्रद्धालु को केक और पेस्ट्री लाने की अनुमति नहीं होगी। मंदिर प्रशासन ने भी इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं करने की बात कही है। दर्शन पर्ची के समय ही इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि कोई भक्त पेस्ट्री या केक न लाए। आम तौर पर देखा गया है कि कुछ भक्त श्रद्धास्वरूप चॉकलेट, फ्रूटी और कोल्ड ड्रिंक जैसी चीजें लेकर भी मंदिर आते हैं और इसे मां को अर्पित करते हैं।

    चिंतपूर्णी मंदिर पुजारी संघ के अध्यक्ष रविन्द्र छिंदा ने कहा कि 5 मई को चिंतपूर्णी माता की जयंती के लिए तैयारियां शुरू की गई हैं। मां के दरबार में केवल हलवा, ड्राई फ्रूट और फल आदि ही अर्पित करने चाहिएं। मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह पटियाल का कहना हैं कि पुजारियों से इस संबंध में चर्चा की गई है। श्रद्धालुओं को चाहिए कि जो पौराणिक परम्पराएं हैं, उसी के अनुसार पूजा-अर्चना हो। केवल वही चीजें अर्पित की जाएं जिनकी मान्यता है। 

  • इंदिरा गांधी अस्पताल में भीषण आग, मरीजों में मची भगदड़, देखें वीडियो

    इंदिरा गांधी अस्पताल में भीषण आग, मरीजों में मची भगदड़, देखें वीडियो

    शिमलाः इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भीषण आग लग गई है। आग के चलते मरीजों में भगदड़ मच गई है। आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। आग लगने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दमकलकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। 

    न्यू ओपीडी में आग लगने की बात आ रही सामने

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आग न्यू ओपीडी में लगी है। अभी किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद है। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। आग नए ओपीडी ब्लॉक के अटारी में लगी है।

    गैस सिलेंडर में आग लगने का किया जा रहा दावा

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के न्यू ओपीडी ब्लॉक के टॉप फ्लोर में डॉक्टरों के लिए बनी कैंटीन में आग लगने की बात कही जा रही है। कहा जा रहा है कि सिलेंडर में आग लगने के बाद इसने विकराल रूप धारण किया। आग के चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई है।

    आग बुझाने का किया जा रहा है प्रयास

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आग के चलते मरीजों और तीमारदारों में भगदड़ मच गई। अस्पताल के कर्मचारी भी आग बुझाने में लगे हुए हैं। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम भी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। याद रहे कि पुराने भवन में से इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल जाने वाली सड़क टूटी है, ऐसे में यहां पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को पहुंचने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।