पटियालाः बहादरगढ़ में पिछले 3 दिनों से नज़दीकी गांवों को टोल मुक्त करने की मांग को लेकर पटियाला-राजपुरा हाईवे पर स्थित धरेड़ी जट्टां टोल प्लाज़ा पर किसानों का धरना जारी है। शुक्रवार को किसानों के नेताओं और नेशनल हाईवे अथॉरिटी तथा टोल कंपनी के अधिकारियों के बीच कई घंटों तक हुई बातचीत बेनतीजा रही। जिसके बाद शनिवार यानी आज बातचीत फिर से शुरू हो गई है। लेकिन उससे पहले किसानों द्वारा टोल पर धरना अभी भी जारी है। किसान नेताओं और इलाके के लोगों की मांग है कि टोल प्लाज़ा के नज़दीकी 30 गांवों को टोल मुक्त किया जाए।
आने‑जाने वाली आख़िरी 2 लेनें मुफ्त कर दी जाएं। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन सिद्धुपुर के जिला प्रधान जोरावर सिंह बलवाड़ा, भारतीय किसान यूनियन भटेडी के ब्लॉक प्रधान अमरीक सिंह बहादरगढ़, मल्क सिंह सरपंच बहादरगढ़, आकाश राणा सदस्य पंचायत, किसान नेता सतपाल सिंह हमींदपुर सहित बड़ी संख्या में किसान नेता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
पटियालाः आम आदमी पार्टी के सन्नौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा इस समय पुलिस कस्टडी से फरार चल रहे हैं। पुलिस लगातार गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। वहीं अब विधायक ने अंडरग्राउंड रहते हुए एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में उन्होंने कहा कि वे एक जज़्बाती इंसान हैं और हमेशा पंजाब के साथ खड़े रहे हैं। पठानमाजरा ने अपने साथी विधायकों से अपील की कि वे उनका साथ दें।
दूसरी ओर विधायक ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके परिवार को प्रशासन की ओर से लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार पर दबाव डालकर उन्हें तोड़ने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वे किसी भी कीमत पर अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटेंगे। पठानमाजरा का यह बयान और वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारें में हलचल मच गई है।
पटियालाः राजपुरा के भोगला रोड पर स्थित घर से आज सुबह संदिग्ध हालत में 4 लोगों के शव मिले। मिली जानकारी के अनुसार चारों के शव जली हालत में घर से बरामद हुए। घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में रखवा दिए हैं और आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक घर को आग लगी हुई थी और शव जली हालत में मिले। पुलिस का कहना है कि घर में पति-पत्नी, उनका बच्चा और बच्चे का मामा मौजूद थे। अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही असल तथ्यों के बारे में पता चल पाएगा। पता चला है कि मृतक राजमिस्त्री का काम करता था। उसकी पत्नी लोगों के घरों में काम करती थी। उनका बेटा दवाइयों की दुकान पर काम सीख रहा था। बच्चे का मामा इनके पास रहने के लिए आया हुआ था। आज घटना में चारों के शव घर से जले हुए बरामद हुए।
पटियाला: थाना सिविल लाइन के अंतर्गत आती कृष्णा कलोनी में एक प्रवासी पुरुष द्वारा दो नाबालिग लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोपी पिछले 15 दिनों से नाबालिक लड़कियों से गलत हरकतें कर रहा था, जिसके बारे पीड़ित लड़कियों ने इस बारे अपनी माँ को बताया था तो माँ ने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने नाबालिक लड़की की माँ की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि यह प्रवासी नाबालिक लड़कियों को टॉफियों का लालच देकर उनके साथ गलत हरकतें था। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
पटियालाः आय से अधिक संपत्ति के मामले में नाभा जेल में बंद शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से मिलने के लिए डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों आज नाभा जेल पहुंचे। डेरा मुखी की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें वह जेल के बाहर लोगों के सामने हाथ जोड़ते हुए दिखाई दे रहे है।
अब वह मजीठिया के साथ जेल में मुलाकात कर रहे है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि जेल से मुलाकात करने के बाद बाहर आते समय वह मीडिया से बात कर सकते हैं। हालांकि मजीठिया से मुलाकात की वजह साफ नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि वह मजीठिया की पत्नी गनीव कौर की रिश्तेदारी में से है। जेल मैनुअल के तहत मजीठिया से कोई मुलाकात कर सकता है।
पता चला है कि परिवार की तरफ से जिन करीब 10 लोगों की सूची जेल प्रशासन को सौंपी है। उसमें डेरा ब्यास प्रमुख गुरविंदर सिंह ढिल्लों का नाम भी शामिल है। इससे मजीठिया की पत्नी गनीव कौर, बहन सांसद हरसिमरत कौर बादल मुलाकात कर चुकी है। उन्होंने जेल में पहुंचकर इस बार मजीठिया को राखी बांधी थी। हालांकि उससे पहले एक बार मुलाकात के लिए गई थी, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई थी।
पटियालाः नाभा में किसान और पुलिस आमने-सामने हो गए। इस दौरान पुलिस और किसानों में धक्का-मुक्की भी हुई। नाभा की डीएसपी मनदीप कौर ने आरोप लगाया कि किसानों ने मुझसे धक्का-मुक्की की और मुझे बालों से पकड़कर खींचा और वर्दी को हाथ डाला। वहीं दूसरी ओर किसानों का कहना है कि डीएसपी उनकी गाड़ी पर चढ़ने लगी थी। इस दौरान घटना स्थल पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दरअसल, पिछले दिनों हुई ट्रालियों की चोरी को लेकर नगर काउंसिल की अध्यक्ष सुजाता चावला के पति पंकज पप्पू की गिरफ्तारी के विरोध में किसानों द्वारा डीएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा था। इस प्रदर्शन में चार यूनियन शामिल थीं।
जिनमें भारतीय किसान यूनियन आजाद, भारतीय किसान यूनियन भटेड कलां और क्रांतिकारी यूनियन शामिल थे। उनका कहना है कि शंभू बॉर्डर से ट्रालियां चोरी होने में सीधे तौर पर पंकज पप्पू का हाथ है। जिन्होंने ट्रालियों को अपने प्लॉट में छुपा दिया था। किसानों ने मांग की थी कि पुलिस ने हल्की धारा लगाकर उसे जमानत दे दी और अब किसान लगातार प्रदर्शन कर रहे है। इस प्रदर्शन के दौरान जब डीएसपी माननीय मनदीप कौर अपने कार्यालय से बाहर निकलीं तो किसानों और डीएसपी के बीच कहासुनी हो गई और मामला इतना बढ़ गया कि किसान और पुलिस आमने-सामने हो गए।
इस मौके पर नाभा की डीएसपी मनदीप कौर ने भावुक अंदाज में कहा कि मैंने इन्हें धरने से बिल्कुल भी नहीं रोका, वे धरना दे रहे थे और मैं उनसे बातचीत करने आई थी। जब मैं गाड़ी लेकर जरूरी काम के लिए निकल रही थी तो उन्होंने मेरी गाड़ी रोककर मेरे साथ धक्का-मुक्की की, मेरे यूनिफॉर्म को हाथ डाला और मेरी बालों को भी खींचा। इन्होंने बहुत ही बुरी तरह बदतमीजी की जो कि बेहद गलत है। डीएसपी ने कहा वह इनके खिलाफ कार्रवाई करेंगी। इस मौके पर किसान नेता गमदूर सिंह और अन्य किसान नेताओं ने कहा कि हम शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे और इंसाफ की मांग कर रहे थे, लेकिन डीएसपी ने हमारे साथ बदतमीजी की और हमारी गाड़ी पर चढ़ने की कोशिश की। वह उनकी गाड़ी तब तक नहीं निकलने देंगे जब तक उनकी बात नहीं सुनी जाती।
पटियालाः पंजाब में हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला पटियाला के नाभा से सामने आया है जहां, सड़क पर खेलने दौरान बच्चे को बुलेट मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे बच्चा कई फुट दूर जाकर गिरा जिसके बाद बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां, बच्चे का इलाज चल रहा है। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी है। पुलिस ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी देते महिला ने बताया कि उनकी बेटी का लड़का स्कूल से घर आकर खेल रहा था। वह खेलता हुआ सड़क पर आगे जाने लगा कि इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने बच्चे को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बच्चा कई फीट दूर जाकर गिरा। इस दौरान अचानक आवाज सुनकर वह बाहर आए तो देखा कि उनका बच्चा लहूलुहान हालत में सड़क पर गिरा हुआ था। परिजनों ने तुरंत बच्चे को अस्पताल में दाखिल करवाया जहां, बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी है। पुलिस के मुताबिक, बाइक जालंधर के नंबर पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने सीसीटीवी को कब्जे में लेकर बुलेट सवार की तलाशी के लिए जांच शुरू कर दी है।
पटियालाः नाभा ब्लॉक के गांव फरीदपुर के पास आज सुबह एक बड़ा बस हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार पंजाब रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (PRTC) की एक बस नियंत्रण खो बैठी और एक पेड़ से टकरा गई। बताया गया कि बस में उसकी क्षमता से काफी अधिक, लगभग 140 यात्री सवार थे, जिनमें कई स्कूली बच्चे भी शामिल थे। इस हादसे में दर्जनों यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा सुबह के समय हुआ था जब बस में काफी भीड़ थी। इतना अधिक लोड होने के कारण कुछ लोग बस की छत पर भी बैठे हुए थे।
ओवरलोडिंग के चलते अचानक बस की सस्पेंशन स्प्रिंग टूट गई। स्प्रिंग टूटते ही बस नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि पेड़ भी टूटकर गिर गया। चूंकि सुबह का समय था, बस में बड़ी संख्या में स्कूल जा रहे बच्चे सवार थे। हादसे में कई बच्चों समेत दर्जनों यात्रियों को गम्भीर चोटें आई हैं। मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए भावसांव के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीआरटीसी की बस को देखकर आप भी हैरान और परेशान हो जाएंगे। क्योंकि बस के परखच्चे उड़ गए हैं। सुबह-सवेरे जब पीआरटीसी की बस लगभग 140 सवारियों के साथ मल्लेवाल से पटियाला की ओर जा रही थी तो बस की कमानियाँ टूट गईं और बस बेकाबू होकर दाईं तरफ जा कर एक बड़े खड़े पेड़ में जा टकराई और पेड़ के टुकड़े-टुकड़े हो गए। मौके पर राहगीरों ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला और विभिन्न सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि लगभग 15 यात्री घायल हैं, जिनमें बस के कंडक्टर और ड्राइवर की टांग टूट गई है।
बताया जा रहा है कि एक लड़की की भी हड्डी टूटी है और बाकी यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। इस मौके पर गांववासियों ने बताया कि जब बस हादसे का शिकार हुई तो हम मौके पर पहुंचे क्योंकि बहुत तेज धमाके जैसी आवाज आई। जब हमने देखा तो बस पर पेड़ गिरा हुआ था और बस में चीख-पुकार मची हुई थी। हमने यात्रियों को बहुत मुश्किल से बस से बाहर निकाला और विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया।
इस मौके पर बस के पहले ड्राइवर मनिंदर सिंह और वर्तमान बस कंडक्टर रविंदर सिंह ने बताया कि पहले मैं इस बस का ड्राइवर था और उस समय भी 135–140 के करीब सवारियां होती थीं। हमने कई बार विभाग को लिखकर भी सूचित किया, लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। फरीदकोट और जहाँ यह हादसा हुआ है, इसके लिए विभाग ही जिम्मेदार है क्योंकि बस ओवरलोड थी। इसमें स्कूल के विद्यार्थी और विभिन्न दफ्तरों में जाने वाले कर्मचारी सवार थे, और कई गांव हैं जो मल्लेवाल से चलकर पटियाला जाते हैं तथा इसके रास्ते में काफी स्टॉप आते हैं। इसमें बस का ड्राइवर और मैं खुद कंडक्टर चोटिल हो गया हूँ और अन्य भी यात्री घायल हुए हैं।
पटियालाः सन्नौर के आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा दुष्कर्म केस में फंसे हुए है। विधायक के बेटे, पीए समेत 16 लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो गया है। इन सभी के खिलाफ फरार विधायक को भगाने में मदद करने, उसे पनाह देने और कानून व्यवस्था को भंग करने के आरोपों में पटियाला के थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया था। आरोपियों में विधायक का बेटा हरजश्न सिंह उर्फ जश्न, पीए गुरप्रीत सिंह गुरी, आप के जिला यूथ प्रधान अमर सिंह संघेड़ा, अमनदीप ढोट, साजन, धरमिंदर बिट्टू व अन्य शामिल हैं।
पठानमाजरा पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। उसकी अग्रिम जमानत याचिका पर पटियाला की अदालत में बुधवार यानी आज सुनवाई होगी। पुलिस की टीमें पठानमाजरा की तलाश राजस्थान, मध्यप्रदेश व अन्य राज्यों में कर रही हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा की पत्नी सिमरनजीत कौर ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। हाईकोर्ट ने याचिका पर पंजाब सरकार सहित अन्य प्रतिवादियों को नोटिस जारी करते हुए जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।
याचिका के अनुसार विधायक ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर नदियों में पानी छोड़ने और गाद निकालने की अनुमति के मामले में सरकार को गुमराह करने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया कि उनके हलके के 11 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए लेकिन सरकार ने घग्गर नदी के किनारे मजबूत करने के लिए मिट्टी उपयोग की अनुमति तक नहीं दी। याचिकाकर्ता ने कहा है कि विधायक के बयान वायरल होने के बाद सरकार ने नाराजगी जाहिर की और उनके परिवार की सुरक्षा वापस ले ली गई। साथ ही, क्षेत्र के सभी थानेदारों का तबादला कर दिया गया। इस बीच विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। यह पूरा मामला राजनीतिक प्रतिशोध से जुड़ा है।
सिमरनजीत कौर ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने वाली गुरप्रीत कौर असल में विधायक की दूसरी पत्नी है। गुरप्रीत कौर पहले भी ऐसे मामले दर्ज करवा चुकी है। याचिका में दावा किया गया है कि विधायक को फंसाने के लिए उनके ससुराल पर पुलिस ने छापे मारे और समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इतना ही नहीं, विधायक को गैंगस्टर बताने की कोशिश की जा रही है और उन्हें फर्जी मुठभेड़ में फंसाने का खतरा है। सिमरनजीत कौर ने अदालत से सुरक्षा बहाल करने और दर्ज मामलों पर पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मंगाने की मांग की है।
पटियाला: पंजाब में आई बाढ़ के बाद आज दोबारा से स्कूल खोले गए। वहीं सुबह नाभा के गांव दुलड्डी के सेम नाले में स्थानीय प्राइवेट स्कूल की बस पलटने की सूचना मिली है। मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय प्राइवेट स्कूल की बस नाभा हलके के गांव लुहार माजरा, बिनाहेड़ी, ककराला, कोट, छीटांवाला आदि गांवों से बच्चों को एकत्र करके स्कूल की ओर आ रही थी।
तभी अचानक ककराला-दुलड्डी सड़क के किनारे बने सेम नाले में बस पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल का स्टाफ और पुलिस चौकी छीटांवाला के इंचार्ज गुरमीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र अभिराज सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सामने से एक वाहन आ गया था। जिस कारण बस के ड्राइवर ने बस को किनारे करने की कोशिश की तो बस सीधे सेम नाले में गिर गई।
जिसके बाद उन्होंने तुरंत शीशा तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे स्कूल स्टाफ ने कहा कि जैसे ही उन्हें घटना की सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस चौकी छीटांवाला के इंचार्ज गुरमीत सिंह ने कहा कि वे इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं, जिसके बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।