Category: Punjab>Patiala

  • Punjab News: पुलिस और गोल्डी ढिल्लों गैंग के सदस्य में चली गोलियां, देखें वीडियो

    Punjab News: पुलिस और गोल्डी ढिल्लों गैंग के सदस्य में चली गोलियां, देखें वीडियो

    पटियालाः पंजाब सरकार और डीजीपी के निर्देशों के तहत अपराधियों और गैंगस्टर्स के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर अमल करते हुए पटियाला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।

    एसएसपी पटियाला ने जानकारी देते हुए बताया कि एसपी (डी) गुरबंत सिंह बैस और सीआईए इंस्पेक्टर प्रदीप बाजवा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक कुख्यात अपराधी अवतार सिंह उर्फ सनी कुमार उर्फ तारी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गोल्डी ढिल्लों गैंग का सक्रिय सदस्य है, और वर्ष 2022 से फरार चल रहा था।

    पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधी क्षेत्र में सक्रिय है, पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिस पार्टी पर 3 राउंड फायरिंग किए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और आरोपी के दाहिने पैर में गोली मारकर उसे काबू में लिया।

    आरोपी के पास से 0.32 बोर की पिस्तौल और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, हत्या की नीयत, डकैती सहित गंभीर अपराधों में 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

    पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी गोल्डी ढिल्लों के निर्देश पर पटियाला में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। अमेरिका में बैठे गोल्डी ढिल्लों का गैंग अब भी पंजाब में सक्रिय है और पूर्व में राजपुरा क्षेत्र में धमाकों की धमकी देने जैसी घटनाओं में भी शामिल रहा है।

    पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने हथियार कहां से हासिल किया और किन-किन वारदातों को अंजाम देने की योजना बनाई थी।

  • Punjab News: इंसानियत शर्मसार !, बेटे ने किया मां का कत्ल

    Punjab News: इंसानियत शर्मसार !, बेटे ने किया मां का कत्ल

    पटियालाः जिले के सब डिवीजन पातड़ां के अंतर्गत आने वाले गांव गुलाहड़ में इंसानियत शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां बेटे ने ही मां का कत्ल कर दिया। बताया जा रहा है कि बेटा अपनी मां के चरित्र पर शक करता था। जानकारी के अनुसार, गांव गुलाहड़ की रहने वाली 45 वर्षीय महिला की हत्या उसके बड़े बेटे ने की है। गांव वासियों का कहना है कि महिला पिछले एक-दो दिन से अपनी बहन के पास जाने का बहाना बना कर घर से गायब थी।

    इसी वजह से गुस्से में आकर बेटे ने मां का गमछा लेकर गला घोंटकर हत्या कर दी। डीएसपी पातड़ां इंद्रपाल सिंह चौहान ने बताया कि थाना मुखी शुतराणा जसपाल सिंह की अगुवाई में पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • Punjab News: जेल में गैंगस्टरों के 2 गुटों में हुई झड़प, एक घायल

    Punjab News: जेल में गैंगस्टरों के 2 गुटों में हुई झड़प, एक घायल

    पटियालाः नाभा की नई जिला जेल से बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार जेल के सुरक्षा क्षेत्र में बंबीहा ग्रुप से जुड़े 2 गैंगस्टरों के बीच टीवी चैनल बदलने को लेकर विवाद हो गया। इस झगड़े में फिरोजपुर के गैंगस्टर हरप्रीत सिंह को गंभीर चोटें आई हैं। जिसके कारण उन्हें पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

    जहां कैदी की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों द्वारा उसे पटियाला के राजिंद्र अस्पताल रेफर किया गया। जेल अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा क्षेत्र में 11 गैंगस्टर ग्रुपों के सदस्य बंद हैं। इस दौरान टीवी चैनल बदलने को लेकर हुई इस झड़प ने सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • Punjab News: जेल में राजोआना से मिलने पहुंचे जत्थेदार गड़गज्ज का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: जेल में राजोआना से मिलने पहुंचे जत्थेदार गड़गज्ज का आया बयान, देखें वीडियो

    पटियालाः श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यवाहक जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज आज भाई बलवंत सिंह राजोआना से मिलने पटियाला जेल पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राजोआना से जेल में मुलाकात के लिए कोई सीमित समय निर्धारित नहीं किया गया है, इसलिए हम अच्छे तरीके से उनके साथ मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि राजोआना उनकी कौम के योद्धे है, ऐसे में उनसे मुलाकात करना उनका फर्ज है। जत्थेदार ने कहाकि आज भाई के नाते वह उनके साथ मुलाकात करने पहुंचे है।

    बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में राजोआना पिछले 30 वर्षों से पटियाला जेल में बंद है। हालांकि राजोआना को 2007 में फांसी की सजा भी सुनाई गई थी। 2012 में जब राजोआना को पटियाला जेल में फांसी देने का दिन तय किया गया था, तो राजोआना द्वारा कोई कानूनी प्रक्रिया न किए जाने के कारण श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा दी गई याचिका के आधार पर राष्ट्रपति ने फांसी पर रोक लगा दी और फाइल फिर गृह मंत्रीालय को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दी थी। तब से ही इस फाइल पर फैसला नहीं हो सका है। राजोआना की मांग है कि फांसी से संबंधित फैसला जल्दी किया जाए।

  • Punjab News: CM की सुरक्षा में तैनात ASI की गोली लगने से मौत

    Punjab News: CM की सुरक्षा में तैनात ASI की गोली लगने से मौत

    पटियालाः पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान की सुरक्षा में शामिल स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) में तैनात एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) की गोली लगने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक कमांडो ट्रेनिंग कॉम्प्लेक्स बहादुरगढ़ में तैनात था। जहां क्वार्टर में सरकारी रिवॉल्वर से गोली लगने से एएसआई की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 41 वर्षीय मनप्रीत सिंह निवासी पिंड कुंडल के निकट अबोहर के रूप में हुई है।

    मिली जानकारी के अनुसार मनप्रीत सिंह मुख्यमंत्री भगवंत मान की सुरक्षा में शामिल स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) में तैनात था। मनप्रीत सिंह का बेल्ट नंबर 3439 था, जो फर्स्ट कमांडो बटालियन पीएपी से संबंधित था। मनप्रीत सिंह अपने क्वार्टर में रहता था, जहां अचानक उनकी छाती में गोली लगने से उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह 2 बेटियों का पिता था और पिछले साल उनकी 2 एकड़ जमीन भी बिक चुकी थी।

    माना जा रहा है कि वह मानसिक तनाव में था। पुलिस ने इस घटना को अचानक हुई अप्रत्याशित दुर्घटना बताया है। थाना सदर पटियाला के एसएचओ, इंस्पेक्टर अमृतवीर सिंह चहल ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह एक आकस्मिक घटना प्रतीत होती है, लेकिन मामले की पूरी जांच अभी जारी है। मनप्रीत सिंह अपने क्वार्टर में अकेले रहता था। पुलिस सभी पहलुओं की विस्तार से जांच कर रही है और स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

     

  • Punjab News: बच्चों से भरी The Paradise International School Bus हुई हादसे का शिकार

    Punjab News: बच्चों से भरी The Paradise International School Bus हुई हादसे का शिकार

    पटियालाः सब्जी मंडी पातड़ा में बच्चों से भरी The Paradise International School Bus हादसे का शिकार हो गई। मिली जानकारी के अनुसार बस की ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ है। इस घटना में एक व्यक्ति बस की चपेट में आने से घायल हो गया है। वहीं घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दे दी गई है। दूसरी ओर घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा हैकि घटना के दौरान स्कूल के बच्चों में दहशत का माहौल पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

    वहीं लोगों ने स्कूल बस को घेरकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। लोगों ने कहा कि पैराडाइज स्कूल बस चालक के सड़क पर कई लोगों पर बस को चढ़ाने की कोशिश की गई। मौके पर लोगों द्वारा जांच की गई तो पता चला कि बस की ब्रेक फेल है। लोगों का आरोप है कि बस काफी तेज रफ्तार से आ रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा लोगों को शांत करवाया जा रहा है और बस को सड़क से हटवाकर जाम को खुलवाया जा रहा है।

  • Punjab News: इस इलाके में गिरी आसमानी बिजली, 3 मकानों को पहुंचा नुक्सान, देखें वीडियो

    Punjab News: इस इलाके में गिरी आसमानी बिजली, 3 मकानों को पहुंचा नुक्सान, देखें वीडियो

    पटियालाः बिती शाम मौसम के बदले मिजाज ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी। वहीं कइयों के लिए आफत बनकर लौटी। तेज आंधी और बारिश में कई लोगों को नुक्सान का सामना करना पड़ा। वहीं पटियाला के खालसा नगर में आसमानी बिजली गिरने से तीन मकानों को काफी नुक्सान पहुंचा है।

    आसमानी बिजली गिरने से बिजली के पंखे, कूलर, एसी, इनवर्टर, फ्रिज और प्लग जलकर खाक हो गए। मकान मालिक मग्घर सिंह ने बताया कि करीब साढ़े 4 बजे अचानक बिजली गिरी। जिससे उनके घर पूरी वायरिंग जलकर राख हो गई। वहीं बिजली मीटर भी पूरी तरह से सड़ गया। मौके पर बिजली विभाग को सुचित किया गया, जो मौके पर पहुंचे और जायजा लेकर चले गए। उन्होंने बताया कि बिजली गिरने से उनका 50 हजार रुपए का नुक्सान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

  • Punjab News: सड़क हादसे में 7 स्कूली बच्चों और ड्राइवर की मौत को लेकर लोगों ने किया रोड जाम

    Punjab News: सड़क हादसे में 7 स्कूली बच्चों और ड्राइवर की मौत को लेकर लोगों ने किया रोड जाम

    समानाः पटियाला में समाना-पटियाला सड़क पर स्कूल वैन और टिपर के बीच कुछ दिन पहले हुए भीषण सड़क हादसे में 7 स्कूल के बच्चों और वैन के ड्राइवर की मौत हो गई थी। इस घटना में 7 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने टिपर के ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, लेकिन पीड़ित परिवारों संतुष्ट नहीं है।

    जिसके चलते टिपर मालिक और मामले में नामजद रणधीर सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज समाना रोड बंद की गई। परिवारों ने समाना-पटियाला सड़क जाम कर दी है। बताया जा रहा हैकि सड़क पर अनिश्चित समय के लिए धरना दिया जा रहा है। इस धरने में पूर्व विधायक रजिंदर सिंह, पूर्व चेयरमैन पर्दमन सिंह विरक, महिला कांग्रेस पंजाब की अध्यक्ष गुरशरण कौर रंधावा, जीवन गर्ग, नगर परिषद के सदस्य आदि धरने में बैठे हुए हैं।

  • Punjab News: यूनिवर्सिटी में दाखिला करवाने जा रहे 3 युवकों की सड़क हादसे में मौत, कार के उड़े परखच्चे

    Punjab News: यूनिवर्सिटी में दाखिला करवाने जा रहे 3 युवकों की सड़क हादसे में मौत, कार के उड़े परखच्चे

    पटियालाः राजपुरा-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव घगर सराय के पास हुए एक सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई और एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं इस भीषण हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। मिली जानकारी के अनुसार प्रियांशू नरूला पुत्र कपिल नरूला निवासी अंबाला कैंट (20), खुशविंदर सिंह (20), मनन (20) और अभिराज (20) निवासी अंबाला प्रियांशू नरूला ने नज़दीकी चितकारा यूनिवर्सिटी में दाखिला कराने के बाद स्कोडा कार में सवार होकर वापस जा रहे थे।

    इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 44 पर गांव घगर सराय के पास कार बेकाबू हो गई और अन्य वाहन से टकरा गई। हादसे में कार में पीछे बैठे प्रियांशू नरूला और खुशविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मनन को इलाज के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे पटियाला के रजिंद्र अस्पताल रेफर कर दिया।

    बताया जा रहा हैकि रास्ते में मनन की भी मौत हो गई। अभिराज को अंबाला के अस्पताल में दाखिल कराया गया है और उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। थाना शम्भू पुलिस ने उक्त मामले में वाहनों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

     

  • Punjab News: Axis Bank की दीवार तोड़कर 9 लाख लेकर लुटेरे फरार

    Punjab News: Axis Bank की दीवार तोड़कर 9 लाख लेकर लुटेरे फरार

    पटियालाः पंजाब-हरियाणा सीमा पर सब डिविजन पातड़ा के गांव शेरगढ़ में लूट की वारदात को चोरों ने अंजाम दिया है। मिली जानकारी के अनुसार खनौरी कैथल मुख्य सड़क पर एक्सिस बैंक की नई शाखा में चोरों ने बैंक की दीवार तोड़ दी और बैंक के कैश वॉल्ट से नकदी, एक सीपीयू और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी पटड़ां इंदरपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

    इस दौरान पुलिस ने फोरेंसिक विशेषज्ञों और खोजी कुत्तों की मदद से घटना को अंजाम देने वालों का पता लगाने के प्रयास किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जानकारी देते हुए डीएसपी इंदरपाल सिंह चौहान ने बताया कि रात के समय हुई वारदात की सूचना मिलने पर बैंक मैनेजर प्रीतपाल सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

    उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार बैंक की दीवार तोड़कर बैंक के कैश वॉल्ट से लगभग 9 लाख रुपए, एक सीपीयू और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चोरी किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा कई बार निर्देश देने के बावजूद बैंक ने इस शाखा में रात के समय कोई गार्ड तैनात नहीं किया था।