Category: Haryana

  • दर्दनाक हादसाः तेज रफ्तार कार का कहर, 10 फीट हवा में उछलकर 40 फीट दूर गिरा नौजवान, मौत, देखें वीडियो

    दर्दनाक हादसाः तेज रफ्तार कार का कहर, 10 फीट हवा में उछलकर 40 फीट दूर गिरा नौजवान, मौत, देखें वीडियो

    नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। जहां तावडू सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नूंह रोड स्थित गांव छारोड़ा बस स्टैंड पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े व्यक्ति को 40 फीट दूर गिरा दिया। हादसे में नौजवान की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार पहले सड़क पर चल रही एक पिकअप, एक मोटरसाइकिल और एक अन्य कार से टकराई। इसके बाद कार ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह करीब 10 फीट तक हवा में उछलकर लगभग 40 फीट दूर जा गिरा।
    अनियंत्रित कार इसके बाद सड़क किनारे स्थित एक टाइल शोरूम के परिसर में घुस गई, जिससे वहां खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। कार की चपेट में आने से एक नौजवान की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे में घायल कपिल (37) पुत्र महेंद्र निवासी बहरामपुर को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि कपिल अपने जीजा प्रदीप के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-59 में निर्माणाधीन मकान के लिए टाइल खरीदने छारोड़ा स्थित टाइल शोरूम आया था। हादसे की पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज देखकर हर कोई दंग रह गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान कपिल को मृत घोषित कर दिया। कपिल मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना सदर तावडू प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराने तथा घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जांच शुरू कर दी। एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि हादसे में कार चालक को भी मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।      
  • दुकान में गैस भरते समय सिलेंडर में धमाका, 4 लोग झुलसे

    दुकान में गैस भरते समय सिलेंडर में धमाका, 4 लोग झुलसे

    रेवाड़ीः रेवाड़ी के धारूहेड़ा क्षेत्र में रात 8 बजे एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें गरीब नगर मोहल्ले में स्थित एक दुकान में गैस सिलेंडर में गैस भरते समय अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।

    हादसे में चार लोगों के झुलसने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    हादसा एक बार फिर रिहायशी क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडर से अवैध रूप से गैस ट्रांसफर किए जाने के खतरनाक चलन पर सवाल खड़े करता है। बिना सुरक्षा उपकरणों और निर्धारित मानकों के गैस ट्रांसफर करना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

     

  • NH-152D पर कार ने पीछे से ट्रक को मारी टक्कर, 3 की मौत

    NH-152D पर कार ने पीछे से ट्रक को मारी टक्कर, 3 की मौत

    रोहतकः रोहतक में राष्ट्रीय राजमार्ग-152डी पर खैरड़ी मोड़ के समीप वीरवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। जिसमें कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो जाने का मामला सामने आया है।

    प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टाटा पंच कार अंबाला की ओर से नारनौल जा रही थी। इसी दौरान कार चालक ने आगे चल रहे ट्रक के पीछे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

    मृतकों में मनोज कुमार जैन पुत्र सुभाष चंद्र जैन निवासी रामकरण दास कॉलोनी नारनौल की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य दो मृतकों की पहचान एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

  • प्रेम प्रसंग मामला: दुकानदार पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

    प्रेम प्रसंग मामला: दुकानदार पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

    सिरसाः शहर के आर्य समाज रोड स्थित डॉ. इन्द्रजीत वाली गली में देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक दुकानदार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने दुकानदार की गर्दन पर वार किए, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हमले का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।

    जानकारी के अनुसार सोमवार रात को 8 से 10 बदमाश तेजधार हथियारों से लैस होकर डॉ. इंद्रजीत वाली गली में पहुंचे। यहां पर काम कर रहे दुकानदार रमेश सिंह निवासी रानियां चुंगी पर हमला कर दिया। युवक की गर्दन पर गहरी चोट लगी है। दुकानदारों की सहायता से घायल को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया।

    घायल के स्वजन उपचार के लिए उसे निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां अभी रमेश की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं उसके स्वजनों ने बताया कि रमेश ने करीब दो वर्ष पहले आर्य समाज रोड पर डॉ. इन्द्रजीत वाली गली में गाड़ी और बाइक लेमिनेशन की दुकान शुरू की थी।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर रमेश को मृत समझकर हथियार लहराते बाइक पर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि फुटेज में कुछ आरोपी बाइक पर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं, लेकिन उनके चेहरे स्पष्ट नहीं दिख रहे। आरोपितों को काबू करने के लिए पुलिस ने विशेष टीम बनाकर तलाश शुरू कर दी है।

     

  • Cryptocurrency में निवेश की रकम वापस न देने के आरोप में परिवार पर ताबड़तोड़ हमला, गंभीर घायल

    Cryptocurrency में निवेश की रकम वापस न देने के आरोप में परिवार पर ताबड़तोड़ हमला, गंभीर घायल

    सोनीपतः शहर के देवनगर में क्रिप्टोकरेंसी में निवेश किए 11 लाख रुपए के विवाद में घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला कर देने का मामला सामने आया है। जिसकी एक सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रही है। हमले में महिला की आंख फोड़ दी।

    जानकारी के अनुसार सात लोग जबरन घुसे और महिला सहित उसके पति, बेटे और बहू पर ईंट-लाठी से हमला किया। घटना की सूचना डॉयल 112 पर दी और घायलों को पहले सिविल अस्पताल तथा बाद में गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    देवनगर ककरोई रोड निवासी पीड़िता उर्मिला (55) के बेटे अभिनव ने बताया कि वो मर्चेंट नेवी में अधिकारी हैं और साल 2023 में उन्होंने गोहाना निवासी देवेंद्र के पास क्रिप्टोकरेंसी में करीब 8 लाख निवेश किए थे। देवेंद्र ने हर महीने 3% ब्याज देने का भरोसा दिया था।

    इसके बाद उनके कहने पहले उनकी रिश्तेदार ममता ने करीब 3 लाख और गीता ने 8 लाख निवेश किए। शुरुआती दौर में सभी को तय ब्याज मिलता रहा, लेकिन वर्ष 2025 में भुगतान बंद हो गया। इस दौरान उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी। पिछले महीने हुई बैठक में देवेंद्र ने चेक के जरिए सभी का पैसा लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में वह मुकर गया। आरोप है कि देवेंद्र ने ममता और गीता से कहा कि सभी की रकम उर्मिला के खाते में भेज दी गई है और अब वे उर्मिला से पैसे लें। उर्मिला ने इस दावे को गलत बताते कहा कि उनके खाते में कोई रकम नहीं आई।

    वहीं दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते है, जबकि महिला लगातार कहती है कि उसके खाते में कोई पैसा नहीं आया। इसी बीच महिला के पति के वीडियो बनाने पर वह भड़क जाता है और कैमरा बंद करने की धमकी देता है।

    इस दौरान कहासुनी हाथापाई में बदल जाती है। वीडियो में आरोपी महिला पर हमला करता दिखाई देता है, जबकि महिला लगातार पुलिस को फोन करो कहकर मदद मांगती सुनाई देती है। युवक कुछ ही सेकंड में महिला पर कई मुक्के बरसाता है। महिला का दावा है कि उसने बंदूक की बट से भी आंख पर वार किया था। बाहर निकलने की कोशिश के दौरान दूसरी महिला उसे पकड़कर वापस खींच लेती है और बाल पकड़कर मारपीट करती। वीडियो में गाली-गलौज करते परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी हाथापाई होती नजर आती है। महिला उर्मिला के साथ मारपीट में आंख फोड़ दी और महिला का इलाज चल रहा है।

    आरोप है कि इसी विवाद के चलते 21 जुलाई की शाम करीब 6 बजे सात लोग उर्मिला के घर पहुंच गए और मारपीट की। इसमें गीता-ममता के साथ प्रमोद उर्फ मनसा, दिनेश शामिल रहे, जबकि तीन अन्य अज्ञात बताए गए हैं।

    उर्मिला के मुताबिक दिनेश और एक अन्य आरोपी ने उनके पति शिवचरण पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, चेहरे और जबड़े पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गए। बेटे अभिनव की छाती और कमर पर भी कई वार किए गए। वहीं बहू प्रिया के साथ गीता और ममता ने मारपीट कर थप्पड़ मारे। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

  • मंदिर से तांबे के बर्तन लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    मंदिर से तांबे के बर्तन लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    पिंजौरः नगर परिषद कालका-पिंजौर क्षेत्र के अंतर्गत धर्मपुर कॉलोनी में प्राचीन शीतला माता मंदिर में एक चोर ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जिसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आय़ा है।

    मंदिर में पूजा-अर्चना के बहाने आए एक व्यक्ति ने पहले माता के दरबार में माथा टेका, जल अर्पित किया और श्रद्धालु होने का आभास कराया। इसके बाद उसने मंदिर परिसर में रखे पूजा-अर्चना में उपयोग होने वाले तांबे के कई लोटे चोरी कर लिए। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसकी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वहीं श्रद्धालुओं में चोरी को लेकर रोष पाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

     

  • कार और बाइक की टक्कर को लेकर हुआ विवाद, जमकर चले लात-घूंसे, देखें वीडियो

    कार और बाइक की टक्कर को लेकर हुआ विवाद, जमकर चले लात-घूंसे, देखें वीडियो

    गुरुग्रामः शहर के पॉश इलाके में कार और बाइक की टक्कर को लेकर भारी हंगामा हो गया। जहां बीच सड़क कार चालक और बाइक सवार में जमकर हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान बाइक सवार द्वारा हेलमेट से हमला किया जा रहा। इस दौरान दोनों में जमकर चले लात-घूंसे चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। रोड रेज का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना में एक बाइक सवार नीचे गिरा हुआ है और कार चालक उसे पीट रहा है। हालांकि, बाइक चालक हेलमेट से जवाबी हमला कर रहा है।

    इस बीच एक शख्स दोनों को रोकता भी दिख रहा है। हमले से बचने के लिए कार ड्राइवर ने उसे धक्का दिया और बाइक पर गिरा कर जमकर लात घूसे मारे। चौंकाने वाली बात यह रही कि जब यह पूरी मारपीट चल रही थी, तब वहां मौजूद अधिकांश राहगीर और अन्य वाहन चालक मूकदर्शक बने रहे। कुछ लोग अपनी गाड़ियों की खिड़कियां बंद करके तमाशा देखते रहे, तो कुछ लोग अपने मोबाइल फोन से इस पूरी घटना का वीडियो बनाने में व्यस्त नजर आए।

    हालांकि, कुछ समय बाद कुछ साहसी राहगीरों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और दोनों को समझा-बुझाकर अलग किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ और यातायात को सुचारू रूप से शुरू कराया जा सका। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस घटना का वीडियो मिला है और इसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। कार और मोटरसाइकिल के नंबरों के जरिए दोनों पक्षों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हिंसा और यातायात बाधित करना कानूनी रूप से गलत है। आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

     

     

     

  • Bar में आग लगने से सामान जलकर राख, इमारत में सो रहे थे कर्मचारी

    Bar में आग लगने से सामान जलकर राख, इमारत में सो रहे थे कर्मचारी

    हिसारः पीएलए मार्केट स्थित जन्नत बार में बुधवार सुबह अचानक आग लगने का मामला सामने आया है। बार में शराब होने के कारण बहुत तेजी से फैल गई। बार आग की चपेट में आने से फर्नीचर समेत अंदर रखा लगभग पूरा सामान जलकर खाक हो गया। आपको बता दें बार के ऊपरी मंजिल पर कर्मचारी सो रहे थे। हालांकि राहत की खबर ये रही कि कर्मचारी सुरक्षित है।

    उधर, फायर बिग्रेड को सूचना मिलने पर तुरंत फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बार चारों ओर से बंद होने के कारण आग बाहर ज्यादा नहीं फैल सकी।

    जन्नत बार के मालिक अमित ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। सुबह बार से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।

    आग में बार का पूरा फर्नीचर, एसी और अंदर रखा शराब का पूरा स्टॉक जलकर खाक हो गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जिस समय आग लगी, पांच कर्मचारी दूसरी मंजिल पर सो रहे थे।

    जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग के एक रिश्तेदार की बिल्डिंग में जन्नत बार चल रहा है। इस बिल्डिंग में उनकी तीन दुकानें हैं। बार के साथ ही होटल पैराडाइज भी बना हुआ है, जो भी उनके रिश्तेदार का है।

    लीडिंग फायरमैन सज्जन कुमार लांबा ने बताया कि सुबह करीब 8:55 बजे जन्नत बार में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम करीब 10 मिनट में मौके पर पहुंच गई और लगभग 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

    सज्जन कुमार ने बताया कि बार बंद होने के कारण आग बाहर ज्यादा नहीं फैल सकी। हालांकि, यदि आग को हवा मिल जाती तो यह तेजी से फैल सकती थी और नुकसान कहीं अधिक होता। आग बार के अंदर ही फैलती रही। कर्मियों ने बार के शीशे तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग पर काबू पाया।

     

  • खूनी संघर्ष, चुनावी रंजिश में दो पक्षों के बीच चली गोलियां; युवक की मौत

    खूनी संघर्ष, चुनावी रंजिश में दो पक्षों के बीच चली गोलियां; युवक की मौत

    नूंहः गांव निजामपुर थाना आकेड़ा क्षेत्र में मंगलवार शाम को एक चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ और आरोप है कि इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग की गई। फायरिंग के दौरान साजिद पुत्र खुर्शीद निवासी निजामपुर के सिर में गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

    सूचना मिलते ही थाना आकेड़ा पुलिस और ईआरवी-486 की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

    घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का शव फिलहाल नल्हड़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला चुनावी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

    घटना में शामिल लोगों की पहचान तथा कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस सूत्रों की ओर से इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया गया कि दो पक्षों के बीच लंबे समय से चली आ रही चुनावी रंजिश के कारण यह विवाद हुआ, जो हिंसक रूप ले बैठा। फायरिंग की घटना में साजिद पुत्र खुर्शीद की मौत हो गई।

     

  • हाईराइज सोसाइटी में खिलाड़ी पर गिरा पोल, घायल, देखें CCTV

    हाईराइज सोसाइटी में खिलाड़ी पर गिरा पोल, घायल, देखें CCTV

    गुरुग्रामः सेक्टर-84 स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में खेल के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बास्केटबॉल कोर्ट में दोस्तों के साथ खेल रहे 20 वर्षीय युवक पर अचानक बास्केटबॉल का लोहे का पोल गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक खेल रहा था. इस दौरान बास्केटबॉल पोल अचानक अपनी जगह से टूटकर नीचे आ गिरा और युवक उसकी चपेट में आ गया।

    मौके पर मौजूद उसके साथियों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद सोसाइटी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।बताया जा रहा है कि युवक को रीढ़ की हड्डी सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। फिलहाल उसकी स्थिति को लेकर परिवार और परिचित चिंतित हैं। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों ने रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

    उनका कहना है कि खेल परिसर में लगे कई उपकरण लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और इस संबंध में पहले भी प्रबंधन को शिकायतें दी जा चुकी थीं। यदि समय रहते मरम्मत और सुरक्षा जांच कराई जाती तो इस हादसे से बचा जा सकता था। हादसे के बाद सोसाइटी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सुरक्षा ऑडिट और समय पर रखरखाव किसी भी रिहायशी परिसर के लिए बेहद जरूरी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रबंधन इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाता है। गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई जारी है।