Category: Punjab>Kapurthala

  • Punjab News: ऑपरेशन प्रहार 2.0 में दो युवक देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार, i20 कार जब्त

    Punjab News: ऑपरेशन प्रहार 2.0 में दो युवक देसी पिस्तौल सहित गिरफ्तार, i20 कार जब्त

    कपूरथला: थाना सदर कपूरथला पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से तलाशी के दौरान 32 बोर की एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन और चार जिंदा कारतूस सहित एक आई-20 कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश सिंह निवासी थाना सुल्तानपुर लोधी, जिला कपूरथला और जगतार सिंह निवासी गांव दोलेवाल थाना कोट ईसे खां जिला मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर प्रभजोत कौर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधर पर आरोपी आकाश और जगतार सिंह से पुलिस ने एक 32 बोर देसी पिस्तौल, 02 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस और आई-20 कार बरामद की है। पुलिस को जांच में पता चला है कि आकाश सिंह के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

    जगतार सिंह के खिलाफ भी पहले आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के बारे में अहम खुलासे हो सकते हैं।

     

  • Punjab News: शादी से 2 दिन पहले दूल्हे की मौत, Jalandhar की लड़की से तय हुआ था विवाह

    Punjab News: शादी से 2 दिन पहले दूल्हे की मौत, Jalandhar की लड़की से तय हुआ था विवाह

    कपूरथलाः कपूरथला में पलक झपकते ही शादी की खुशियां ग़म में बदल गईं। दरअसल, शादी से 2 दिन पहले दूल्हे ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 29 वर्षीय कुमार महाजन निवासी शिव कॉलोनी, कपूरथला के रूप में हुई है। घटना के दौरान युवक के घर शगुन की रस्म चल रही थी। मृतक युवक माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी शादी जालंधर की एक लड़की से तय हुई थी।

    युवक के चाचा भाजपा नेता हैं। उन्होंने बताया कि बीते दिन दोपहर करीब 3 बजे युवक अपने घर की तीसरी मंज़िल पर गया और बाथरूम में फांसी लगा ली। जब वह काफी देर तक दिखाई नहीं दिया तो उसके परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश की; जब बाथरूम का कमरा खोलकर देखा तो युवक फंदे पर लटका मिला।

    परिजनों ने बताया कि कुमार कपूरथला के जौली मार्केट में एक साहूकार था। उसका कारोबार ठीक-ठाक चल रहा था। कुमार के चाचा और भाजपा नेता धर्मपाल महाजन ने कहा कि कुमार अपनी शादी के दौरान कल डांस की तैयारी कर रहा था और उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। उसने अपनी होने वाली पत्नी से भी अच्छी बातें की थीं।

    कपूरथला सिटी के एसएचओ अमनदीप ने कहा कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। परिवार ने केस दर्ज करने या कोई कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की संवेदनशील तरीके से जांच कर रही है।

  • Jalandhar के पड़ोसी जिले में जागो समारोह के दौरान चली गोली, एक घायल, देखें वीडियो

    Jalandhar के पड़ोसी जिले में जागो समारोह के दौरान चली गोली, एक घायल, देखें वीडियो

    कपूरथलाः जालंधर के पड़ोसी जिले कपूरथला में जागो समारोह के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति के घायल हो गया। जानकारी के अनुसार मंगी कॉलोनी में शादी से एक रात पहले चल रहे ‘जागो’ समारोह के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी शानोशौकत दिखाने के लिए हवाई फायरिंग की, लेकिन गोली वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति की छाती में जा लगी।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, समारोह में संगीत और नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की। फायरिंग के दौरान एक गोली सीधे एक युवक को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल व्यक्ति को तुरंत स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जालंधर रेफर कर दिया गया।

    डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

    साथ ही कार्यक्रम की वीडियोग्राफी भी जुटाई जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शादी और अन्य समारोहों में की जाने वाली फायरिंग कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खुशी के मौकों पर इस तरह की खतरनाक हरकतों से बचें, ताकि किसी की जान जोखिम में न पड़े।

  • Jalandhar के पड़ोसी जिले में टब में डूबने से नौजवान की मौत

    Jalandhar के पड़ोसी जिले में टब में डूबने से नौजवान की मौत

    कपूरथलाः जिले के गांव रजापुर में युवक की टब में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विकास पुत्र जगत राम निवासी रजापुर के रूप में हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मृतक के भाई साहिल ने बताया कि उसके भाई को मिर्गी के दौरे पड़ते थे। आज सुबह वह बाथरूम में मुंह धोने गया था। इस दौरान उसे मिर्गी का दौरा पड़ गया और वह पानी भरे टब में गिर गया। घटना के दौरान घर में कोई ना होने के कारण किसी को इसके बारे में पता नहीं चला।

    काफी देर बाद घर में आए सदस्यों ने जब बाथरूम में जाकर देखा तो वह बेहोश होकर गिरा पड़ा था। जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल कपूरथला लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना सदर के एएसआई भूपिंदर सिंह ने बताया कि मृतक युवक के परिवारिक सदस्यों के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा कर वारिसों के हवाले कर दिया गया है।

  • Punjab News: सड़क हादसे में मार्केट कमेटी के चेयरमैन तेजिंदर की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: सड़क हादसे में मार्केट कमेटी के चेयरमैन तेजिंदर की मौत, देखें वीडियो

    कपूरथला: जिले की नडाला–बेगोवाल रोड पर अड्डा नंगल लबाना के पास एक्टिवा और बाइक की भीषण टक्कर में मार्केट कमेटी भुलत्थ के चेयरमैन की मौत हो गई। इस घटना में 3 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान तेजिंदर सिंह रैम्पी के रूप में हुई है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार तेजिंदर सिंह 12 साल के पुत्र अमरवीर के साथ स्कूटी पर नडाला से खरीदारी करके अपने गांव नंगल लबाना लौट रहे थे।

    अड्डा नंगल लबाना के पास वे एक साइड की सड़क से दूसरी साइड पर जा रहे थे तभी बेगोवाल की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि तेजिंदर सिंह रैम्पी सहित अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलां को अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टरों ने तेजिंदर सिंह रैम्पी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

    इस दौरान घटना स्थल पर लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर फुटेज में वाहनों की टक्कर साफ़ दिख रही है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। बेगोवाल पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है और हादसे के असल कारणों की पड़ताल कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। सामाजिक और राजनीतिक वर्गों की ओर से परिवार के साथ दुःख साझा करते हुए परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की जा रही है।

  • Punjab News: स्कूल के पास खाली प्लॉट से व्यक्ति का शव बरामद

    Punjab News: स्कूल के पास खाली प्लॉट से व्यक्ति का शव बरामद

    कपूरथलाः सुभानपुर रोड पर एक स्कूल के पास खाली प्लॉट में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश बरामद होने की सूचना मिली है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना कोतवाली के एएसआई संतोक सिंह और कॉन्स्टेबल हरकीरत सिंह ने बताया कि उन्हें देर शाम सूचना मिली कि सुभानपुर रोड पर स्कूल के पीछे खाली प्लॉट में एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है।

    जिस पर वे पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और लाश को कब्जे में लेकर उसकी पहचान करने का प्रयास किया गया। लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। दिखाई देने पर व्यक्ति की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष प्रतीत होती है। उन्होंने लाश को पहचान हेतु सिविल अस्पताल कपूरथला के मर्ग रूम में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • Punjab News: कार व बाइक में टक्कर, एक की मौत, दूसरा घायल

    Punjab News: कार व बाइक में टक्कर, एक की मौत, दूसरा घायल

    कपूरथला। जिले से एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जहां, गांव संधू चट्ठा के नजदीक कार व बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

    घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए जांच अधिकारी एएसआई पाल सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान 42 वर्षीय गंगाधर पाठक पुत्र किरपा शंकर पाठक निवासी गांव खानोवाल के रूप में हुई है। सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    मृतक के बेटे पवन पाठक ने बताया कि उसके पिता हलवाई का काम करते थे। वह अपने साथी राम प्रकाश निवासी गांव खानोवाल के साथ बाइक (PB-09-AC-8804) पर जालंधर के गांव उग्गी चिट्टी काम के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे गांव संधू चट्ठा चौक पार कर रहे थे, सामने से आ रही कार (PB-09-AR-1979) से उनकी टक्कर हो गई।हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक ने राहगीरों की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया, जहां गंगाधर पाठक को मृत घोषित कर दिया गया।

     

  • Punjab News: कांग्रेस को झटका, 2 बार प्रधान रह चुके विनोद कुमार गुप्ता पूरा परिवार समर्थकों सहित निर्दलीय पार्टी में शामिल, देखें वीडियो

    Punjab News: कांग्रेस को झटका, 2 बार प्रधान रह चुके विनोद कुमार गुप्ता पूरा परिवार समर्थकों सहित निर्दलीय पार्टी में शामिल, देखें वीडियो

    कपूरथला: सुल्तानपुर लोधी की राजनीति में धमाकेदार मोड़ तब आया जब नगर परिषद सुल्तानपुर लोधी के 2 बार प्रधान रह चुके स्वर्गीय विनोद कुमार गुप्ता का पूरा परिवार अपने बड़े संख्या के समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी छोड़कर निर्दलीय विधायक राणा इन्द्र प्रताप सिंह के धड़े में शामिल हो गया। इस राजनीतिक विकास को कांग्रेस के लिए शहरी क्षेत्र में बड़ा और करारा झटका माना जा रहा है। गुप्ता परिवार और उनसे जुड़े समर्थकों की राणा धड़े में शामिल होने से शहरी क्षेत्र में राणा धड़े की राजनीतिक पकड़ और मजबूत हुई है।

    राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार आने वाली नगर परिषद चुनावों से पहले यह शामिलियत राणा धड़े के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इस दौरान निर्दलीय विधायक राणा इन्द्र प्रताप सिंह ने गुप्ता परिवार का स्वागत करते हुए कहा कि स्वर्गीय विनोद कुमार गुप्ता ने नगर परिषद के प्रधान रहते हुए शहर की सेवा को प्राथमिकता दी और लोगों के साथ सीधे संपर्क बनाए रखा। उन्होंने कहा कि गुप्ता परिवार का राणा धड़े में शामिल होना एक मजबूत कदम है।

    राणा इन्द्र प्रताप सिंह ने भरोसा दिलाया कि गुप्ता परिवार को पूरा सम्मान और उपयुक्त स्थान दिया जाएगा। स्वर्गीय विनोद कुमार गुप्ता के पुत्र माधव गुप्ता (बंटू) ने कहा कि उनके पिता ने हमेशा सुलतानपुर लोढ़ी की भलाई को अपनी प्राथमिकता बनाया। उन्होंने बताया कि राणा इन्द्र प्रताप सिंह की ईमानदार सोच और विकासमुखी नीतियों से प्रभावित होकर ही गुप्ता परिवार ने अपने समर्थकों के साथ यह फैसला लिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गुप्ता परिवार और उनके समर्थक राणा धड़े को और मजबूत करने के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे। राजनीतिक हलकों में इस शामिलियत को नगर परिषद चुनावों से पहले राजनीतिक ताकतों की समीकरण बदलने वाला कदम माना जा रहा है।

  • Punjab News: दुकान के कर्मी पर लुटेरों ने किया हमला, हुई हाथापाई, देखें वीडियो

    Punjab News: दुकान के कर्मी पर लुटेरों ने किया हमला, हुई हाथापाई, देखें वीडियो

    कपूरथला: पावन नगर सुल्तानपुर लोधी में लुटेरों और चोरों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। दिनोदिन बढ़ रही लूट की घटनाओं के कारण शहर वासियों में डर और अंसुरक्षा की भावना लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं ताजा मामला इलेक्ट्रॉनिक दुकान के कर्मी पर तेजधार हथियार से हमला करके लूटने का सामने आया है। घटना संबंधी जानकारी देते हुए पीड़ित सूर्य ने बताया कि वह आर्य समाज चौक स्थित एक बिजली की दुकान पर नौकरी करता है।

    रात को दुकान बंद करने के बाद जब वह घर की तरफ जा रहा था तो 36 गली (दीवाना मोहल्ला) के पास 2 मोटरसाइकिल सवार उसका पीछा करने लगे। शक होने पर वह पूरियां मोहल्ले की तरफ जाने के बजाय सदर बाजार रूट से घर के पास पहुंचा, जहां दोनों लुटेरों ने उसे घेरकर तेजधार हथियार दिखा कर मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान एक लुटेरे ने उसकी जेब से पर्स निकाल लिया और जबरदस्ती मोबाइल फोन भी हथियाने की कोशिश की।

    सूर्य के चिल्लाने पर घर से उसका भाई सनी और माता बाहर आ गए, जिन्हें देखकर लुटेरे मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि जाते समय उसने एक लुटेरे से मुंह बंधा मफलर उतार लिया था। इस दौरान उसकी लुटेरे के साथ हाथापाई भी हुई थी। इस मौके पर सूर्य के भाई सनी ने कहा कि वह गरीब परिवार से संबंध रखते हैं और मेहनत-मज़दूरी कर घर का गुजारा करते हैं।

    लेकिन शहर में रोजाना बढ़ रही लूट की घटनाओं के कारण आम लोग बहुत परेशान हैं। वहीं पूर्व शहरी प्रधान और पार्षद संजीव ने कहा कि शहर में बढ़ता क्राइम चिंताजनक है। उन्होंने नव-नियुक्त एसएचओ हरिंदर सिंह से अपील की कि लूट और चोरी की घटनाओं को तुरंत रोक कर दोषियों को कठोर सजा दी जाए। इस संबंध में एसएचओ हरिंदर सिंह ने बताया कि लुटेरों की सीसीटीवी फुटेज मिल गई है और पुलिस द्वारा जांच जारी है। उन्होंने दावा किया कि दोषियों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

     

     

  • Jalandhar के पड़ोसी जिले में पलटा टैंकर, सड़क पर फैला पेट्रोल, बाल्टियों में भरते दिखे लोग, देखें वीडियो

    Jalandhar के पड़ोसी जिले में पलटा टैंकर, सड़क पर फैला पेट्रोल, बाल्टियों में भरते दिखे लोग, देखें वीडियो

    कपूरथला: जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब सुल्तानपुर लोधी की ओर से आ रहा एक पेट्रोल से भरा टैंकर तेज़ रफ़्तार के कारण अनियंत्रित होकर लाना मंडी क्षेत्र में पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा पेट्रोल सड़क और आसपास की जमीन पर तेजी से फैल गया, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया। परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं और पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया गया, ताकि किसी भी तरह की आग लगने या बड़े हादसे से बचा जा सके।

    पेट्रोल की बड़ी मात्रा में फैलने के कारण खतरों को देख पुलिस ने आसपास रहने वालों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर भेजा। प्रशासन द्वारा लोगों को सख्त हिदायतें दी गईं कि वे घटना स्थल के नजदीक न आएं और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें। इस गंभीर और संवेदनशील स्थिति के दौरान एक शर्मनाक दृश्य भी सामने आया। पेट्रोल जमीन पर फैलते ही कुछ स्थानीय लोग बाल्टियों और डब्बों में पेट्रोल भर कर ले जाते नजर आए। हैरानी की बात यह थी कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान भी कुछ लोगों से पुलिस ने सिर्फ “दो लीटर पेट्रोल” भरने की अनुमति मांगी।

    स्थिति की नाजुकता को समझते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया और पेट्रोल भर रहे लोगों को मौके से खदेड़ दिया। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। फिलहाल जेसीबी मशीनें, फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों की निगरानी में टैंकर को सीधा करने की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही जमीन पर फैले पेट्रोल को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की प्रक्रिया भी चल रही है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे घटना स्थल से दूर रहें, किसी भी तरह की अफ़वाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का पूरा सहयोग करें। अधिकारियों के मुताबिक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।