Category: Government News>Punjab Govt|Himachal>Una

  • झूठी गारंटियों की सरकार ने हिमाचल को टैक्स और सेस की सरकार बना दिया है: विनय शर्मा

    झूठी गारंटियों की सरकार ने हिमाचल को टैक्स और सेस की सरकार बना दिया है: विनय शर्मा

    ऊना/ सुशील पंडित : भारतीय जनता पार्टी, जिला ऊना के जिला प्रवक्ता विनय शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान हिमाचल की जनता से झूठी गारंटियां देकर सत्ता हासिल की, लेकिन आज वही सरकार हर वर्ग की जेब काटने में लगी हुई है। जनता को राहत देने के वादे करने वाली सरकार आज बिजली के बढ़े हुए बिलों, नए-नए सेस और टैक्सों के माध्यम से प्रदेशवासियों को आर्थिक रूप से लूटने का काम कर रही है। विनय शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के लाखों परिवारों को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा देकर आम जनता को राहत पहुंचाई थी। कांग्रेस ने चुनावों में 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की गारंटी दी थी, लेकिन सत्ता में आते ही 300 यूनिट तो दूर, भाजपा सरकार द्वारा दी जा रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली भी छीन ली। यह कांग्रेस की सबसे बड़ी चुनावी ठगी और जनता के विश्वास के साथ खुला विश्वासघात है।
    उन्होंने कहा कि आज बिजली के बिलों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। ऊपर से तरह-तरह के मिल्क सेस, पेट्रोल-डीजल पर अतिरिक्त बोझ और अन्य सेस लगाकर आम आदमी, किसान, कर्मचारी, व्यापारी, महिलाएं और युवाओं की कमर तोड़ी जा रही है। कांग्रेस सरकार विकास के नाम पर पूरी तरह विफल साबित हुई है और अब अपनी आर्थिक बदहाली का बोझ जनता पर डाल रही है। सरकार का एकमात्र एजेंडा जनता से वसूली करना रह गया है। विनय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस के नेता चुनावों के समय बड़ी-बड़ी गारंटियों का ढोल पीटते थे, लेकिन आज प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। न युवाओं को रोजगार मिला, न महिलाओं से किए गए वादे पूरे हुए, न मुफ्त बिजली मिली। उल्टा जनता को महंगी बिजली, नए टैक्स और सेस की सौगात देकर कांग्रेस ने यह साबित कर दिया है कि उसकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।
    उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि बिजली के बढ़े हुए बिल, जनविरोधी सेस और अतिरिक्त शुल्क तत्काल वापस लिए जाएं। यदि कांग्रेस सरकार ने जनता का आर्थिक शोषण बंद नहीं किया, तो भारतीय जनता पार्टी गांव-गांव और शहर-शहर जाकर इस जनविरोधी सरकार की सच्चाई जनता के सामने रखेगी तथा लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करेगी। प्रदेश की जनता इस विश्वासघात और आर्थिक लूट का जवाब आने वाले समय में अवश्य देगी।