Category: Himachal>Baddi

  • पंजाबः पौने 5 किलो अफीम और 30 किलो भुक्की सहित 2 तस्कर गिरफ्तार

    पंजाबः पौने 5 किलो अफीम और 30 किलो भुक्की सहित 2 तस्कर गिरफ्तार

    लुधियानाः खन्ना पुलिस ने ट्रैप लगाकर दो तस्करों को काबू किया है। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से 4 किलो 700 ग्राम अफीम, 30 किलो भुक्की के अलावा एक ट्रक और ब्रेजा कार बरामद की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उक्त तस्कर वाहनों को नशा तस्करी में प्रयोग करते थे। इनके तार पंजाब के अलावा बाहरी राज्यों में भी जुड़े हुए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। आरोपियों की पहचान जिला बरनाला के गांव मनाल के रहने वाले धरमिंदर सिंह और समराला के कंग मोहल्ला के रहने वाले जसवीर सिंह जस्सा के रूप में हुई है।

    एसएसपी अमनीत कौंडल ने बताया कि नशे के खिलाफ मुहिम में एसपी (आई) डॉ. प्रज्ञा जैन और CIA स्टाफ इंचार्ज अमनदीप सिंह की टीम ने बालियों गांव के नजदीक से आरोपियों को गिरफ्तार किया। उस समय ट्रक से 30 किलो भुक्की का थैला ब्रेजा गाड़ी में रखा जा रहा था। मौके से पुलिस को 30 किलो भुक्की और कार में से 1 किलो 700 ग्राम अफीम मिली।

    2 दिनों के रिमांड दौरान पुलिस ने धरमिंदर सिंह की निशानदेही पर समराला के माछीवाड़ा रोड पर छिपाकर रखी 3 किलो अफीम बरामद की। इस केस में अब तक कुल 4 किलो 700 ग्राम अफीम और 30 किलो भुक्की बरामद हुई है। आरोपी करीब 5 सालों से नशा तस्करी करते आ रहे थे। धरमिंदर सिंह के खिलाफ वर्ष 2019 में बरनाला के थाना ठुलीवाल में नशा तस्करी का केस दर्ज किया गया था। जसवीर सिंह जस्सा के खिलाफ भी वर्ष 2019 में समराला थाना में नशा तस्करी का केस दर्ज है।

  • पंजाबः साढ़े 8 करोड़ रुपए की लूट का मामला, 50 लाख रुपए और बरामद करने में पुलिस के छूटे पसीने, देखें वीडियो

    पंजाबः साढ़े 8 करोड़ रुपए की लूट का मामला, 50 लाख रुपए और बरामद करने में पुलिस के छूटे पसीने, देखें वीडियो

    लुधियानाः सीएमएस कंपनी में हुई लूट मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। गिरफ्तार मास्टरमाइंड मनजिंदर उर्फ मनी ने गांव अब्बुवाल स्थित घर के सेप्टिक टैंक में 50 लाख रुपए छिपा रखे थे। उसने इन पैसों को ईंटों से बांधकर टैंक में डाला था। इसका खुलासा उनसे पूछताछ में किया। जिसके बाद पुलिस उसके घर पहुंची और 50 लाख रुपए सीवरेज से निकाले। इसमें 500 के नोट की गडि्डयां थी। पुलिस अभी तक मनजिंदर से 1 करोड़ 50 लाख रुपए बरामद कर चुकी है। इस दौरान पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए। 

    इसके साथ मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी नरिंदर सिंह उर्फ हैप्पी को कोठे हरि सिंह, अगलाड़ लोपे कलां जगराओं से गिरफ्तार पकड़ा। नरिंदर सिंह से पुलिस ने 25 लाख रुपए लूट के बरामद किए हैं। इसके साथ पुलिस फरार मास्टरमाइंड मनदीप कौर के मायके और ससुराल पक्ष से भी पूछताछ करेगी। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें पंजाब के अलावा दूसरे स्टेटों में दबिश दे रही हैं। कंपनी से जो 5 डीवीआर गायब हुए हैं, वह भी उसी के पास हैं।

    लुधियाना के पुलिस कमिश्नर मनदीप सिद्धू ने कहा कि अब तक आरोपियों को पकड़ने के लिए करीब 1 करोड़ के करीब पैसे खर्च हो चुके हैं। इसके साथ पैसों की खोज के लिए कर्मचारियों को सीवरेज लाइनों में घुसना पड़ा। आरोपियों ने वारदात वाले दिन काले कपड़े पहनने की योजना बनाई थी, ताकि रात के समय कुछ नजर ना आए। इसमें से कुछ ने ही काले कपड़े पहने थे। उन्होंने कहा कि मामले को सुलझाने में जितना भी खर्च आ रहा है, उसे कंपनी से ही वसूलने के लिए डीजीपी से चर्चा चल रही है।

  • पंजाबः फर्नेस इकाई में हुआ ब्लास्ट, 6 मजदूर झुलसे, 3 की हालत गंभीर

    पंजाबः फर्नेस इकाई में हुआ ब्लास्ट, 6 मजदूर झुलसे, 3 की हालत गंभीर

    लुधियाना: एशिया की सबसे बड़ी लोहा नगरी मंडी गोबिंदगढ़ में एक फर्नेस इकाई में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां भट्ठी में शॉकर आने से ब्लास्ट हो गया। इससे 6 मजदूर बुरी तरह झुलस गए। इनमें से 3 की हालत गंभीर होने कारण उन्हें लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि भट्ठी के बीच का गरम लोहा काफी दूर तक जाकर गिरा। जानकारी के अनुसार मंडी गोबिंदगढ़ के गांव कुंभ स्थित रामजी फर्नेस में जब भट्ठी में लोहा पिघलाने का काम चल रहा था तो इसी दौरान भट्ठी में डाली जाने वाली स्क्रैप में शॉकर आ गया। शॉकर गिरते ही भट्ठी में ब्लास्ट हो गया। इससे गर्म लोहा मजदूरों के ऊपर गिरने से 6 मजदूर गंभीर जख्मी हो गए। फर्नेस मालिकों द्वारा तीन गंभीर जख्मी मजदूरों को लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

    जबकि, तीन मजदूरों को मंडी गोबिंदगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मंडी गोबिंदगढ़ के निजी अस्पताल में राजू कुमार निवासी अंबे माजरा, तौहीद आलम निवासी बिहार और मोहम्मद मिसर निवासी मंडी गोबिंदगढ़ का उपचार चल रहा है। श्रम कानून के अनुसार फर्नेस में काम करते समय मजदूरों को सेफ्टी किट पहनाना मालिकों की जिम्मेदारी होती है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव हो सके। लेकिन उक्त फर्नेस में जितने भी मजदूर काम कर रहे थे, किसी ने सेफ्टी किट नहीं पहनी थी। अगर सेफ्टी किट पहनी होती तो मजदूर इतने गंभीर तरीके से न झुलसते।

  • पंजाबः नशा तस्करों की गुंडागर्दी, बुजुर्ग को किडनैप कर की जमकर पीटाई, वीडियो वायरल

    पंजाबः नशा तस्करों की गुंडागर्दी, बुजुर्ग को किडनैप कर की जमकर पीटाई, वीडियो वायरल

    लुधियानाः पंजाब सरकार भले ही नशा खत्म करने के दावे कर रही है। लेकिन जमीनी हकीकत में अब भी सरेआम नशा बिक रहा है। अगर लोगों द्वारा इसका विरोध किया जाता है तो उसके साथ मारपीट की जाती है। ऐसा ही एक मामला खन्ना के माछीवाड़ा साहिब से सामने आया है। जहां नशा तस्करों ने सरेआम गुंडागर्दी की। नशा तस्करों को एक बुजुर्ग ने उन्हें नशा बेचने और करने से रोका तो तस्करों ने मिलकर पहले बुजुर्ग को किडनैप किया और फिर बुरी तरह से पीटा। यहां तक कि बुजुर्ग की पिटाई करते समय एक युवक ने वीडियो भी बनाई। बाद में इस वीडियो को वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

    पीड़ित बुजुर्ग के बयान दर्ज कर नशा तस्करों खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वहीं, पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। पीड़ित मनजीत सिंह ने बताया कि उनके इलाके में कुछ युवक काफी समय से नशे के धंधे में लिप्त हैं। यहां तक कि वह नशा भी सरेआम ही करते रहते हैं। उसने कई बार इन युवकों को रोका, लेकिन वे नहीं माने। रोकने की सजा उसे यह दी गई कि बुरी तरह पीटा गया। पिटाई से शरीर पर पड़े निशान भी बुजुर्ग ने दिखाए। माछीवाड़ा साहिब थाना की एसएचओ मनदीप कौर (प्रोबेशनल डीएसपी) ने बताया कि मनजीत सिंह ने थाने में आकर उनके पास बयान दर्ज कराए। वायरल वीडियो भी दिखाई। जिसके बाद पुलिस ने सुनील शीला, गोगड़ व जस्सू नामक व्यक्तियों खिलाफ केस दर्ज किया। इनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया है। 2 मौके से फरार हो गए। जिनकी तलाश की जा रही है। सुनील के खिलाफ पहले भी 2 केस दर्ज हैं।

  • पंजाबः SGPC ने बुलाई Emergency बैठक, जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह की हो सकती है छुट्टी

    पंजाबः SGPC ने बुलाई Emergency बैठक, जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह की हो सकती है छुट्टी

    अमृतसरः एसजीपीसी ने आपातकाल बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह को कल उनके पद से हटाया जा सकता है। यह बैठक सुबह 11 बजे होगी, जिसकी अध्यक्षता शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी करने वाले है। कल होने वाली आपातकाल कमेटी की बैठक में उन्हें पद से हटाने पर फैसला हो सकता है। श्री अकाल तख्त के अगले जत्थेदार के लिए तीन नामों पर होगा विचार तख्त श्री दमदम साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह को रहने दिया जाएगा। बता दें कि आम कि जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह  आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की सगाई पर पहुंचे थे, जिसके बाद से वह चर्चा में हैं। क्योंकि शिरोमणि अकाली दल द्वारा उनके वहां जाने का विरोध किया गया था। 

  • पंजाबः बदला मौसम का मिजाज, टूटा 53 साल पुराना रिकॉर्ड, अगले 4 दिन तक बारिश के आसार

    पंजाबः बदला मौसम का मिजाज, टूटा 53 साल पुराना रिकॉर्ड, अगले 4 दिन तक बारिश के आसार

    चंडीगढ़ः पंजाब में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दरअसल, बिपरजॉय साइक्लोन आज गुजरात के तट के साथ टकराएगा। लेकिन इसका असर पंजाब में पहले से ही देखने को मिल रहा है। तूफान बिपरजॉय और वेस्टर्न डिस्टरबेंस के बीच पंजाब में 18 जून तक बारिश के आसार बने हुए हैं। अचानक से बादल छाएंगे, बारिश होगी और अगले ही पल धूप खिलेगी। जिससे उमस बढ़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक बीते दिन मालवे के कुछ हिस्सों को छोड़ अधिकतर पूरे पंजाब में बारिश देखने को मिली।

    अमृतसर में 26 किमी की रफ्तार से हवाएं चलीं। लुधियाना में पेड़ गिरने से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। अमृतसर में बीते 24 घंटों में 129.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिसने 30 जून 1970 को हुई 92.6एमएम बारिश का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। यानि की जिले में 53 साल का रिकॉर्ड टूट गया।

    समान्यता जून महीने में अमृतसर में रोजाना अत्यधिक 38.9एमएम और पूरे महीने में सामान्य 89.9एमएम बारिश दर्ज की जाती है। इतना ही नहीं, अमृतसर में ओलावृष्टि भी हुई। पंजाब में मौसम विभाग ने 18 जून तक बारिश होने के आसार बताए हैं। यह मौसम पूरे पंजाब में बना रहेगा। दरअसल, एक तरफ बिपरजॉय चक्रवात और दूसरी तरफ वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण पंजाब पर दबाव पैदा हो रहा है। जिस कारण यहां 18 जून तक बादल छाए रहने और बारिश का अनुमान है। इस दौरान पंजाब के तापमान में भी कमी देखने को मिलेगी। आज अधिकतर शहरों का तापमान 36 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है।

  • पंजाबः साढ़े 8 करोड़ की लूट के बाद कार में रखे नोट की महिला की वीडियो वायरल होने पर हुआ खुलासा

    पंजाबः साढ़े 8 करोड़ की लूट के बाद कार में रखे नोट की महिला की वीडियो वायरल होने पर हुआ खुलासा

    लुधियानाः जिले में एटीएम कैश कंपनी CMS में हुई 8.49 करोड़ की लूट को पुलिस ने सुलझा लिया है। लूट में शामिल 6 लुटेरों को गिरफ्तार कर 5 करोड़ रिकवर कर लिए गए हैं। वहीं इस लूट की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें कार में बैठी महिला 500-500 के नोट के बंडल दिखा रही है। उक्त महिला के साथ व्यक्ति भी शामिल है। वहीं इस लूट के मामले को लेकर पुलिस जांच में पता चला कि एक महिला ने सीएमएस कंपनी के कर्मचारी के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया।

    इस वारदात में कुल 10 लोग शामिल थे। हालांकि इसकी मास्टरमाइंड ‘डाकू हसीना’ मनदीप कौर गिरफ्तार नहीं हो सकी है। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है। इस लूट में मनदीप कौर के साथ उसका पति और भाई भी शामिल था। इस वारदात के 2 मास्टरमाइंड हैं। पहली मनदीप कौर और दूसरा मनजिंदर मनी। मनी 4 साल से इसी कंपनी का कर्मचारी है। इन्होंने 8 और आरोपियों को अमीर बनाने का सपना दिखाकर साथ मिलाया और वारदात की। लूट की वारदात के लिए 2 मॉड्यूल बनाए गए थे। एक मॉड्यूल में मनजिंदर मनी और 2 बाइक पर कुल 5 लोग थे। दूसरे मॉड्यूल में क्रूज कार में मनदीप कौर और उसके साथ 4 लुटेरे शामिल थे।

    मनजिंदर मनी CMS कंपनी में काम करता था तो वहां के बारे में हर बात से वाकिफ था। उसे पता था कि यहां कैश किस हालत में रखा जाता है। कंपनी में सिक्योरिटी के लिहाज से कौन-कौन से लूज प्वाइंट हैं। उसने मनदीप कौर के साथ मिलकर इसकी साजिश रची। जनवरी महीने से इसकी प्लानिंग चल रही थी। मनजिंदर मनी को पता था कि शनिवार और रविवार को ATM में कैश नहीं डाला जाता। इसलिए कंपनी में शुक्रवार को कैश ज्यादा होता है। इसी वजह से शुक्रवार का दिन लूट के लिए चुना गया।

    इन सभी 10 आरोपियों में से किसी ने भी मोबाइल इस्तेमाल नहीं किया था। इसी वजह से लोकेशन के जरिए इन्हें ट्रेस नहीं किया जा सका। लूट की मास्टरमाइंड मनदीप कौर के भाई ने इंस्टाग्राम पर नोटों की रील डाली थी। जिसमें 500-500 रुपए के नए नोटों की गडि्डयां कार के डैशबोर्ड पर रखी हैं। इससे भी पुलिस को उनके वारदात किए जाने पर शक हुआ। जिसके बाद पुलिस ने मामले को ट्रेस करते हुए काबू कर लिया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि डीजीपी पंजाब द्वारा मामले को 60 घंटे में ट्रेस करने, 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने और उनसे करीब 5 करोड़ रुपए की रकम बरामद करने के लिए टीमों की हौंसला अफजाई करते हुए 10 लाख रुपए का केश अवॉर्ड देने का ऐलान किया गया।

  • पंजाबः स्टूडेंट्स के दो गुटों में हुई खूनी झड़प, निंहग ने कृपाण से काटा एक का हाथ, देखें वीडियो

    पंजाबः स्टूडेंट्स के दो गुटों में हुई खूनी झड़प, निंहग ने कृपाण से काटा एक का हाथ, देखें वीडियो

    फतेहगढ़ साहिबः अमलोह शहर में स्टूडेंट्स की गुटबाजी में सरे बाजार एक निहंग ने कृपाण से एक व्यक्ति का हाथ काट डाला। निहंग ने इतनी जोर से हमला किया कि व्यक्ति का लगभग पूरा हाथ ही बाजू से अलग हो गया। घायल के परिजनों ने उसे अमलोह के सिविल अस्पताल भर्ती कराया। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है। हमला करने वाले निहंग गुरविंदर सिंह के खिलाफ इरादतन कत्ल का केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अमलोह के गांव चहलां के रहने वाले बलजीत सिंह ने बताया कि उसका बेटा अपने दोस्तों के साथ बाजार आया हुआ था। उसे बेटे का फोन आया कि उसे कुछ युवक घेरकर खड़े हैं, जिनके पास तेजधार हथियार हैं। उसने अपने बेटे को दुकान के अंदर छिपने को बोला। जैसे ही वह अपने भाई मनवीर सिंह समेत मौके पर पहुंचा तो इसी बीच एक बच्चे का पिता गुरविंदर सिंह जोकि गांव खनियान का रहने वाला है, वहां आया।

    आते ही अपनी कृपाण (श्री साहिब) निकालते हुए उसकी बाजू पर हमला कर दिया। हमलावर की गाड़ी में पिस्तौल भी पड़ी थी। घायल के भाई मनवीर सिंह के अनुसार स्कूली बच्चों की आपसी लड़ाई है। इसी कारण उसके भतीजे को घेरकर पीटा जा रहा था। जब उन्होंने आकर अपने भतीजे को बचाया तो निहंग ने आकर उसके भाई बलजीत पर हमला कर दिया। अमलोह के डीएसपी जंगजीत सिंह ने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायल के बयान दर्ज करके निहंग गुरविंदर सिंह के खिलाफ इरादतन कत्ल का केस दर्ज कर लिया गया।

    यह स्कूली बच्चों की आपसी लड़ाई का नतीजा है। करीब 20 दिन पहले भी इन बच्चों का आपसी झगड़ा हुआ था। यह बच्चे अलग अलग स्कूलों में 10वीं और 11वीं के छात्र हैं। पहले झगड़े का निपटारा दोनों पक्षों ने घर बैठकर कर लिया था। उसी रंजिश में राजू बाबा के बेटे और उसके साथियों ने बाजार में बलजीत सिंह के बेटे को घेरकर पीटा। जिसके बाद बच्चों के परिजन वहां आए तो झगड़ा बढ़ गया। वहीं, दूसरी तरफ गुरविंदर सिंह की पत्नी ने कहा कि उनके बेटे को घेरा हुआ था। उन्हें घर पर फोन आया तो उसके पति मौके पर गए। वहां 10 से 15 लोग थे। एक अमृतधारी बच्चे की दस्तार उतार दी गई थी। उसके पति पर हमला करने की कोशिश की गई तो अपनी प्रोटेक्शन के लिए उन्होंने कृपाण निकाली। घटना के बाद उसके पति ने खुद थाने में सरेंडर किया।

    अमलोह के गांव चहलां के रहने वाले बलजीत सिंह ने बताया कि उसका बेटा अपने दोस्तों के साथ बाजार आया हुआ था। उसे बेटे का फोन आया कि उसे कुछ युवक घेरकर खड़े हैं, जिनके पास तेजधार हथियार हैं। उसने अपने बेटे को दुकान के अंदर छिपने को बोला। जैसे ही वह अपने भाई मनवीर सिंह समेत मौके पर पहुंचा तो इसी बीच एक बच्चे का पिता गुरविंदर सिंह जोकि गांव खनियान का रहने वाला है, वहां आया।

  • पंजाबः डाइंग यूनिट में लगी भीषण आग, कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला बाहर 

    पंजाबः डाइंग यूनिट में लगी भीषण आग, कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला बाहर 

    लुधियानाः ताजपुर रोड पर डाइंग यूनिट में भयानक आग लगने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक आग पहले हिंगलाज प्रोसेसर डाइंग यूनिट की पहली मंजिल पर लगी। जिस दौरान फैक्ट्री के कर्मचारी आग को बुझाने के लिए अपने स्तर पर प्रयास करने लगे। लेकिन आग नियंत्रण से बाहर हो गई और फैक्ट्री की दूसरी मंजिल तक जा पहुंची। आग बढ़ती देख फैकट्री के कर्मियों ने मौके पर फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग पर काबू पाने में लगे हैं, लेकिन अभी तक आग शांत नहीं हुई है। फैक्ट्री में से सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

    थाना टिब्बा का पुलिस स्टाफ भी आगजनी की घटना का पता लगते ही मौके पर पहुंच गया है। आग इतनी भयानक थी कि दूर-दूर तक धुएं का बवंडर नजर आया। जिस फैक्ट्री में आग लगी है, वह डाइंग यूनिट है। इसमें कपड़े की रंगाई का काम होता है। बताया जा रहा है दूसरी मंजिल पर कपड़े को रंगने वाले केमिकल पड़े थे। वहीं पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना बताई जा रही है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट होने से केमिकल ने आग पकड़ ली, फिर वह कंट्रोल में नहीं आई। हिंगलाज प्रोसेसर डाइंग यूनिट में आग लगने से लाखों रुपए का कपड़ा और रंगाई के सामान-केमिकल के साथ-साथ मशीनरी जलकर राख हो गई है।

  • पंजाबः बैंक की इमारत में लगी भीषण आग

    पंजाबः बैंक की इमारत में लगी भीषण आग

    लुधियानाः आरती चौक के पास सेंट्रल बैंक की शाखा में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। बैंक की इमारत से काफी धुआं निकल रहा है। जिसके बाद बैंक में हड़कंप मच गया और कर्मचारी दफ्तर से बाहर आ गए। घटना की सूचना दमकल विभाग को दे दी गई है। वहीं मौके पर दमकल विभाग के अधिकारी आग पर काबू पाने में जुट गए है। वहीं इस मामले को लेकर बैंक मैनेजर का कहना है कि सुबह बैंक के अंदर सफाई के दौरान आग लगी है। उनका कहना है कि बैंक में तारों में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी है। बैंक अधिकारी ने कहा कि बैंक में कैश नहीं था, बैंक में केवल दस्तावेज थे जिनमें आग लग गई है। 

    बता दें कि आग से निकल रहे धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत आ रही है, जिसके बाद इमारत को भी खाली करवा लिया गया है। धुएं को बाहर निकालने के लिए शीशे तोड़ दिए गए है। दमकल विभाग के कर्मचारियों द्वारा आग को बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। फायर कर्मियों का कहना है कि अंदर धुंआ बहुत ज्यादा है , जिसे बाहर निकालने के लिए शीशे तोड़े गए है, जिस कारण आगे बुझाने में परेशानी आ रही है।