Category: Himachal>Baddi

  • पंजाबः जंडियाला गुरू से सामने आई शर्मसार घटना, वायरल हुई वीडियो

    पंजाबः जंडियाला गुरू से सामने आई शर्मसार घटना, वायरल हुई वीडियो

    अमृतसर: गांव जंडियाला गुरू में शर्मसार करने वाली अमानवीय घटना सामने आई है। दोस्त से उधार दिए रुपये मांगना सिख युवक सुक्खा सिंह को महंगा पड़ गया। आरोपितों ने उसे पैसे देने के बहाने फोन करके बुलाया और उसका अपहरण कर लिया। बाद में घर ले जाकर उसके साथ खूब मारपीट की। उसे जूतों में पानी भरकर पिलाया। इतना ही नहीं, उसके केस खींचकर उसे डंडों से पीटा गया। फिलहाल, युवक बुरी तरह से घायल है और उसका गुरु नानक देव अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

    अस्पताल में भर्ती सुक्खा का आया बयान

    अस्पताल में भर्ती सुक्खा का कहना है कि उसने किसी को दो-ढाई लाख रुपये दिए थे। वह युवक दरबार साहिब में आता था और उसकी उसके साथ दोस्ती हो गई। विश्वास में ही उसने उन्हें पैसे दे दिए। यह पैसे लेने के लिए वह रोजाना उन्हें फोन भी कर रहा था, लेकिन वह गाली-गलौज करके फोन काट देता था। वीरवार को उसे फोन आया कि बस स्टैंड पर आ जाए। आज वह उसे पैसे दे देंगे। इस पर वह बस स्टैंड चला गया। वहां से उन्होंने उसका अपहरण कर लिया और उसे जंडियाला गुरू के एक घर में ले गए।

    सुखा सिंह ने बताया कि वह अमृतधारी सिख है। वह लोग उसे अपने घर में लेकर गए तो दरवाजा बंद करके पहले उसका सिरी साहिब (गात्रा) उतारा गया और बाद में उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की गई। उसे जूती में भरकर पानी पिलाया गया और डंडों से पीटा गया। केस पकड़ कर उसे घसीटा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

    जूती में पानी पिलाने वाली महिला ने बताई वजह

    दूसरी ओर दूसरे पक्ष जो जूती में पानी पिलाने वाली महिला ने सोशल मीडिया के सामने अपना पक्ष सामने रखा है। उसने कहा कि यह व्यक्ति ऑटो चलाने का काम करता है। इसके ऑटो में बैठकर सचखंड श्री दरबार साहिब माथा टेकने जाते थे। इस दौरान इस व्यक्ति का मोबाइल नंबर ले लिया और बाद में यह व्यक्ति लगातार ही उन्हें फोन करके तंग-परेशान करने लगा और उसकी बेटी के साथ रोजाना दुर्व्यवहार करता। कई बार उन्होंने परिवार की ओर से इस व्यक्ति को समझाने की कोशिश की परंतु लगातार ही यह व्यक्ति उनकी लड़की से गलत हरकत करने की कोशिश करता था जिस कारण उन्होंने इस व्यक्ति के साथ मारपीट की और गुस्से में उसे जूती में पानी पिलाया। इसके साथ ही दूसरे पक्ष की महिला का कहना है कि यह वीडियो किस तरह वायरल हुई उसे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं। 

    पुलिस ने मामले की जांच की शुरू

    उधर, पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले की जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों का बयान के लिए जाएंगे। जांच के बाद ही असल मामले के बारे में पता चल पाएगा कि कौन सच्चा है कौन झूठा।

  • पंजाबः न्यू शहीद उदम सिंह नगर में लगी आग

    अमृतसरः पंजाब के अमृतसर जिले में वीरवार देर रात न्यू शहीद उदम सिंह नगर के 20 फुटा बाजार में 2 मंजिला मकान में आग लगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक बंद घर में आग लगी। परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था। पड़ोसियों ने तुरंत फायर-ब्रिगेड को इसकी सूचना दी।

    दमकल विभाग ने एक घंटे बाद पाया आग पर काबू

    सेवा सोसाइटी और फायर-ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंच तकरीबन 1 घंटे में आग पर काबू पाया। आग के कारण घर का अधिकतर सामान जलकर खाक हो चुका है। मिली जानकारी के अनुसार, रात तकरीबन 12 बजे के करीब फायर ब्रिगेड को आग लगने की जानकारी मिली। आग न्यू शहीद उधम सिंह नगर 20 फुटी बाजार के दो मंजिला मकान में लगी थी। घर के नीचे करियाने की दुकान है। परिवार किसी कारण बाहर गया हुआ था। पड़ोसियों ने आग की लपटें देख तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। एक घंटे में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया।

    बंद घऱ में लगी आग

    फायर ब्रिगेड की गाड़ियां जब मौके पर पहुंचीं तो घर बंद था। घर का दरवाजा तोड़कर फायर ब्रिगेड कर्मचारी अंदर गए। आग हर तरफ फैल चुकी थी। इसी दौरान उनकी नजर अंदर पड़े चार सिलेंडरों पर पड़ी तो तुरंत सभी सिलेंडरों को बाहर निकाला गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों का कहना है कि अगर सिलेंडर फट जाते तो भारी नुकसान हो सकता था।

  • पंजाबः कपड़े के शोरूम में लगी भीषण आग

    पंजाबः कपड़े के शोरूम में लगी भीषण आग

    लुधियानाः शहर के माडल टाउन एक्सटेंशन में चार खंबा रोड पर लकी टावल के नाम से मौजूद दुकान में भीषण आग लगने का मामला सामने आय़ा है। मिली जानकारी के मुताबिक थाना मॉडल टाउन के अधीन गुलाटी मार्केट में आज सुबह 10.45 बजे लक्की टॉवल हाउस शोरूम में आग लगी है। कर्मचारियों ने बताया कि वह जैसे ही दुकान पर आए तो वहां से धुआं निकल रहा था। आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं और आग बुझाने के प्रयास किया जा रहा हैं।

    शोरूम में लाखों रुपए का माल जलकर राख

    बताया जा रहा है कि शोरूम में लाखों रुपए का माल पड़ा था। आग लगने के कारण काफी माल जलकर राख हो गया। आग लगने से पूरी मार्केंट में दहशत है। वहीं घटना का पता लगते ही वहां पर थाना मॉडल टाउन की पुलिस भी पहुंच गई। 

    दमकल विभाग की करीब 7 गाड़ियां मौके पर पहुंची

    आग बढ़ती देखकर फायर ब्रिगेड ने बाकी फायर स्टेशनों पर भी अलर्ट जारी कर दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक करीब दमकल विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। फायर कर्मचारी व लोग आस-पास की बिल्डिंगों की छतों पर चढ़ कर पानी की बौछारें मार रहे हैं, ताकि आग पर काबू पाया जा सके। 

  • पंजाबः चाय कारोबारी से 8 लग्जरी कारें और ड्रग मनी बरामद

    लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में एसटीएफ पुलिस ने चाय कारोबारी का काम करने वाले युवक को काबू करके लग्जरी कारें, ड्रग मनी और ड्रग बरामद की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर पहले भी कई मामले दर्ज है। आरोपी ने नशा तस्करी से कई अवैध संपत्तियां बनाई हुई हैं। एसटीएफ लुधियाना के इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्ता सूचना मिली थी। आरोपी आकाश चोपड़ा उर्फ हनी निवासी मोहल्ला गुरमेल पार्क, टिब्बा रोड़ निवासी लंबे समय से नशा तस्करी का कारोबार करता है। आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अभी भी नशा तस्करी का कारोबार धड़ल्ले से कर रहा है।

    तालाशी दौरान आरोपी से हेरोइन बरामद

    पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ने आज अपनी एक्टिवा पर सवार होकर ताजपुर रोड़ की तरफ से वर्धमान चौक होते हुए ग्राहकों को हेरोइन सप्लाई करने मोती नगर जाना है। पुलिस ने आकाश चोपड़ा को ग्लाडा कम्युनिटी क्लब सेक्टर 39 एरिया के पास काबू कर लिया। आरोपी की जब तलाशी ली गई तो उसकी एक्टिवा से पुलिस को 250 ग्राम हेरोइन, एक इलेक्ट्रिक कंडा और प्लास्टिक के पाउच बरामद हुए।

    पूछताछ के बाद 8 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद

    पुलिस ने आकाश चोपड़ा से पूछताछ की और उसके घर मोहल्ला गुरमेल पार्क लेकर गए तो आरोपी ने अलमारी में रखी 800 ग्राम हेरोइन और 8 लाख रुपए की ड्रग मनी मिली। इसी के साथ आरोपी के कई अन्य ठिकानों पर भी छापामारी करके हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने कुल 2 किलो 50 ग्राम हेरोइन आरोपी से बरामद की है।

    लग्जरी गाड़ियों पर लगाए थे वीआईपी नंबर

    एसटीएफ टीम ने आकाश से पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी लग्जरी गाड़ियों का बहुत शौकीन है। आरोपी के ठिकानों पर जब पुलिस ने रेड की तो कई लग्जरी गाड़ियां, जो आरोपी ने ड्रग तस्करी करके खरीदी थीं, पुलिस ने मिलीं। आरोपी की सभी गाड़ियों के नंबर भी वीआईपी थे। एसटीएफ ने आरोपी से 8 कारें, 3 मोटर साइकिल और तीन स्कूटर बरामद किए हैं। लग्जरी गाड़ियों में फॉर्च्यूनर, स्विफ्ट, एसेंट, मर्सीडीज, लांसर कार मिली है। तीन अन्य कारें, जिनमें स्विफ्ट, ऑल्टो और जिप्सी भी मिली हैं।


    किसी समय चाय की दुकान चलाता था आरोपी

    कचहरी में किसी समय अपने पिता के साथ चाय की दुकान चलाने वाला आकाश आज इतना बड़ा ड्रग तस्कर बना जाएगा, किसी को पता नहीं था। आकाश की बिगड़ती संगत देखकर उसके पिता ने उसे और उसकी पत्नी को बेदखल किया हुआ है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह करीब 7-8 वर्षों से ड्रग तस्करी का कारोबार कर रहा है। अभी वह जमानत पर बाहर आया हुआ था।

    खुद नशे का आदि आरोपी

    आरोपी खुद नशा करने का आदी है। नशा बेच कर जितनी कमाई होती थी, उसे 10 प्रतिशत ब्याज पर लोगों को दे देता था। पुलिस के मुताबिक, अदालत में पेश करके आरोपी द्व‌ारा ड्रग तस्करी से बनाई गई संपत्ति, गाड़ियों और बैंक खातों को फ्रीज करवाया जाएगा। आरोपी को अदालत में पेश कर 27 जून तक का रिमांड हासिल किया गया है, ताकि पता चल सके कि आरोपी के और कितने साथी हैं।

  • पंजाबः 3 तस्कर गिरफ्तार, .32 बोर के पिस्टल, हेरोइन और ड्रग मनी बरामद

    पंजाबः 3 तस्कर गिरफ्तार, .32 बोर के पिस्टल, हेरोइन और ड्रग मनी बरामद

    अजनाला: लोपोके पुलिस ने नशीले पदार्थो की तस्करी करने वाले दो सगे भाइयों सहित तीन युवकों को काबू किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान चुगावां के मोहल्ला पनाहिया निवासी सगे भाइयों सतनाम सिंह व राजबीर सिंह तथा उनके साथी लोपोके निवासी विशाल कुमार के रूप में बताई गई है। 

    सब इंस्पेक्टर देसा बोले, मिली थी गुप्त सूचना 

    थाना लोपोके प्रभारी सब इंस्पेक्टर देसा मसीह ने बताया कि उन्होंने पुलिस पार्टी सहित चुगावां मेन चौक में नाकाबंदी की थी। तभी सूचना मिली कि उक्त तीनों युवक हेरोइन बेचने का धंधा करते हैं तथा इनके पास अवैध हथियार भी है, जिससे वह किसी बडी वारदात को अंजाम दे सकते है। इस पर पुलिस ने तुरंत मोहल्ला पनाहिया के बाहर नाकाबंदी कर दी। इस दौरान गली में से उक्त तीनों युवक एक्टिवा पर सवार होकर आते दिखाई दिए। उन्होंने पुलिस पार्टी को देख कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

    आरोपियों से हथियार और ड्रग मनी बरामद

    थाना प्रभारी देसा मसीह ने बताया कि तीनों की तलाशी लेने पर उनसे .32 बोर के दो पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, 10 गाम हेरोइन व 21500 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। जांच में यह भी पता चला है कि उक्त तीनों युवकों पर पहले भी नशा तस्करी के करीब छह मामले दर्ज हैं। यह जमानत पर आकर फिर इसी धंधे में लग गए थे। फिलहाल तीनों के खिलाफ आ‌र्म्स एक्ट, एनडीपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अजनाला कोर्ट में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

  • पंजाबः सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत

    पंजाबः सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत

    अमृतसरः छेहरटा थाने के इंडिया गेट के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत होने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक मोटरसाइकिल सवार युवक को रेत से भरे टिपर ने टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

    उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है और मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार युवक होशियारपुर निवासी किसी काम से अमृतसर जा रहा था।  टिप्पर की चपेट में आने से मौके से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

  • पंजाबः NIA की इन 7 जगहों पर रेड, आतंकी रिंदा से संबंधित दस्तावेज किए जब्त

    पंजाबः NIA की इन 7 जगहों पर रेड, आतंकी रिंदा से संबंधित दस्तावेज किए जब्त

    लुधियानाः हरियाणा में करनाल से नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने पिछले महीने जब्त आईइडी के मामले में पंजाब में दबिश दी है। एनआईए की टीम ने सूबे के 7 जिलों में तालाशी ली। इस दौरान एनआईए ने पाकिस्तान में बैठे आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा से संबंधित दस्तावेज व डिजिटल इक्विपमेंट जब्त किए हैं।

    लुधियाना, फिरोजपुर और गुरदासपुर में 7 जगहों पर रेड 

    एनआईए के एक वरिष्ठ अधिकारियों ने मीडिया से यह जानकारी सांझा की। जांच के दौरान पता चला कि बब्बर खालसा इंटरनेशनल के पाकिस्तान स्थित ऑपरेटिव हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा ने आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के इशारे पर विस्फोटक, हथियार और गोला-बारूद की डिलिवरी भारत में करवाई थी। इसी सूचना के आधार पर बुधवार को पंजाब के लुधियाना, फिरोजपुर और गुरदासपुर में 7 जगहों पर रेड मारी गई, जिसमें डिजिटल उपकरण, वित्तीय लेनदेन व संपत्ति से संबंधित दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।

    करनाल से जब्त किया गया था आईइडी

    गत 5 मई 2022 को हरियाणा के करनाल जिले के बसताड़ा टोल प्लाजा से आईइडी और हथियार व गोला-बारूद को जब्त किया गया था। 3 आईइडी, 1 पिस्टल, 2 मैगजीन, 31 लाइव राउंड, 6 मोबाइल और 1.30 लाख नकद बरामद किए गए थे। सफेद रंग की इनोवा कार में जा रहे चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया था। मामला शुरू में 5 मई 2022 को करनाल जिले के मधुबन पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था, लेकिन उसी दिन इस मामले को एनआईए ने अपने हाथ में लेकर जांच शुरू कर दी थी।

  • पंजाबः इंसाफ के लिए टंकी पर चढ़ा आम आदमी पार्टी का नेता, देखें वीडियो

    पंजाबः इंसाफ के लिए टंकी पर चढ़ा आम आदमी पार्टी का नेता, देखें वीडियो

    अमृतसरः पंजाब में भगवंत मान की सरकार में इंसाफ के लिए आम आदमी पार्टी  के नेता को ही वीरवार सुबह वल्ला स्थित टंकी पर चढ़ना पड़ा। अभी तक वह टंकी पर चढ़ा हुआ है और पुलिस उसे मनाने में जुटी है। टंकी पर चढ़े युवक की पहचान धर्मेंद्र के रूप में हुई है। वहीं जंडियाला गुरु थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची हुई है।

    30 मई को आप नेता से की गई थी मारपीट

    गांव मियांपुर के मौजूदा पंचायत मैंबर प्रदीप सिंह ने जानकारी दी कि टंकी पर चढ़ा युवक कोई और नहीं, खुद आप नेता है। बीते दिनों उसने पंचायत में हो रहे कामों की जानकारी लेने के लिए आरटीआई का प्रयोग किया था, जिसके बाद गत 30 मई को उसके साथ मारपीट की गई। उस पर हथियारों से हमला किया गया और उसके केसों की बेअदबी भी की गई। उसने इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन आज तक उसे इंसाफ नहीं मिला और न ही पुलिस ने कोई कार्रवाई की।

    जंडियालागुरु की पुलिस मौके पर पहुंची

    घटना की जानकारी मिलते ही जंडियालागुरु की पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह से ही युवक को नीचे उतारने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस लगातार उसके संपर्क में है और उसे मनाने की कोशिशों में जुटी हुई है, लेकिन टंकी पर चढ़ा धर्मेंद्र लगातार इंसाफ की मांग कर रहा है।

  • पंजाबः सैनिटाइजर घोटाले में आया पूर्व मंत्री का नाम

    पंजाबः सैनिटाइजर घोटाले में आया पूर्व मंत्री का नाम

    चंडीगढ़ः पंजाब के पूर्व वन मंत्री साधू सिंह धर्मसोत और संगत सिंह गिलजियां के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में केस दर्ज होने व पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु के खिलाफ विजिलेंस जांच शुरू करने के बाद पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व पूर्व उपमुख्‍यमंत्री ओपी सोनी का नाम सैनिटाइजर घोटाले में आ गया है। अब सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है। 

    ओपी सोनी ने रखी थी प्रेस कांफ्रेंस, लेकिन किया रद्द

    हालांकि दूसरी ओर ओपी सोनी ने बुधवार को आरोपों के बारे में अपना पक्ष रखने के लिए प्रेस कांफ्रेंस रखी थी, लेकिन बाद में इसे यह कहते हुए रद्द कर दिया कि पार्टी हाईकमान ने कांग्रेस नेताओ को दिल्ली बुलाया है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही अपना पक्ष रखेंगे।


    तीन गुणा अधिक कीमत पर सैनिटाइजर खरीदने का आरोप 

    ओपी सोनी पर स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए कोविड के दौरान तीन गुणा अधिक कीमत पर सैनिटाइजर खरीदने का आरोप है, जिसका सारा रिकार्ड राजस्व विभाग ने मांग लिया है। दरअसल, कोविड को आपदा करार दिया गया था, जिसके चलते इस पर खर्च होने वाला पैसा डिजास्टर मैनेजमेंट फंड से लिया गया। राजस्व विभाग ने स्वास्थ्य विभाग से सारा रिकार्ड एक हफ्ते के अंदर पेश करने को कहा है। राजस्व विभाग ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव अजॉय शर्मा से खरीद के लिए दी गई अनुमति की असल कापी के साथ सारी फाइल भेजने को कहा है।

    मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मांगी रिपोर्ट

    बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस पर रिपोर्ट मांगी है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के एक पूर्व अधिकारी ने माना कि कोविड के दौरान किसी भी चीज का रेट तय नहीं था। दुकानदारों और कंपनियों ने कई चीजों के दाम काफी बढ़ा दिए थे, लेकिन अगर किसी एक ही चीज को दो विभागों के लिए खरीदा जा रहा है और उसकी मात्रा व गुणवत्ता एक है, तो कहीं न कहीं घोटाले की बू आती है। रिकार्ड आने पर ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।

    राजस्व विभाग ने स्वास्थ्य विभाग को रिकार्ड पेश करने को कहा

    राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने महंगे दाम पर सैनिटाइजर खरीदा है, जबकि उसी समय चुनाव विभाग ने भी पंजाब हेल्थ सिस्टम कारपोरेशन के जरिए सैनिटाइजर खरीदा, जो स्वास्थ्य विभाग के मुकाबले काफी सस्ता है।

    उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के लिए 1.80 लाख बोतलें 54.54 रुपये प्रति बोतल की दर पर खरीदी गई, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने वही सैनिटाइजर अपने लिए करीब तीन गुणा ज्यादा कीमत पर 160 रुपये प्रति बोतल के हिसाब से खरीदा। स्वास्थ्य विभाग के लिए सैनिटाइजर खरीदने की फाइल पर अनुमति तब के स्वास्थ्य मंत्री ओपी सोनी ने दी थी।

  • पंजाबः कांग्रेस के पूर्व विधायक को मिली बिश्नोई गैंग से धमकी

    पंजाबः कांग्रेस के पूर्व विधायक को मिली बिश्नोई गैंग से धमकी

    अमृतसर: पंजाब में आप सरकार के गैंगस्टर सबसे बड़ी चुनौती बनते जा रहे है। सूबे में आए दिन पूर्व विधायकों सहित वीआपी लोगों को गैंगस्टरों की ओर से धमकी भरे फोन आ रहे है। हाल ही में अकाली दल के पूर्व विधायक बोनी और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम ओपी सोनी को धमकी भरे फोन आ चुके है।

    वहीं अब पंजाब के अमृतसर जिले में अजनाला के पूर्व विधायक हरप्रताप सिंह अजनाला को बिश्नोई गैंग की धमकी मिली है। उन्होंने जानकारी पुलिस को दे दी है और पुलिस ने अपने स्तर पर उनकी शिकायत के आधार पर जांच भी शुरू कर दी है।

    अजनाला के पूर्व विधायक व कांग्रेसी नेता हरप्रताप सिंह अजनाला ने अमृतसर रूरल को जानकारी दी है कि उन्हें उनके नंबर पर वॉट्सएप कॉल आई है। कॉल करने वाले ने अपनी पहचान विक्की कोबरा बताई। वह बिश्नोई गैंग का सदस्य है। अगर उन्हें जल्द पैसे नहीं दिए गए तो वह गोली मार देंगे।

    तीन दिनों में अमृतसर में तीसरे नेता को मिली धमकी

    हरप्रताप सिंह अजनाला अमृतसर के तीसरे नेता हैं, जिन्हें धमकी मिल रही है। तकरीबन 5 दिन पहले अजनाला के ही पूर्व विधायक व अकाली नेता अमरपाल सिंह बोनी को फोन पर धमकी मिली थी, जिसके बाद उनकी सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया। बीते दिनों पूर्व डिप्टी सीएम ओम प्रकाश सोनी को भी तीन नंबरों से वॉट्सएप कॉल आई और पैसों की मांग की गई। अब हरप्रताप सिंह अजनाला को भी फोन करके पैसों की मांग की गई है।