Category: Punjab

  • Punjab News: सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म, लाठीचार्ज घटना की निष्पक्ष जांच के लिए SIT का गठन

    Punjab News: सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म, लाठीचार्ज घटना की निष्पक्ष जांच के लिए SIT का गठन

    Sanitation workers strike ends: बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज और सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल अब खत्म हो गई है। सरकार और कर्मचारी यूनियनों के बीच हुई कई दौर की बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। सरकार ने कर्मचारियों की कई मांगों को मानने का भरोसा दिया है, जिसके बाद अधिकांश यूनियनों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली।

    मामले की जांच के लिए SIT का गठन
    सरकार ने लाठीचार्ज की घटना की निष्पक्ष जांच कराने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। यह टीम पूरे मामले की जांच करेगी और यह पता लगाएगी कि घटना कैसे हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

    सफाई कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने का ऐलान
    सरकार ने सफाई सेवकों और सीवरेज मैन के वेतन में बढ़ोतरी का भी ऐलान किया है। मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि 1 अगस्त से कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे कर्मचारियों को बढ़ा हुआ वेतन मिलेगा।

    उन्होंने बताया कि पहले इन कर्मचारियों को लगभग 10,500 रुपए प्रति माह वेतन मिलता था। पिछले महीने इसे बढ़ाकर 14,000 रुपए किया गया था। अब सरकार ने फैसला लिया है कि प्रोबेशन अवधि के दौरान मिलने वाला वेतन बढ़ाकर 20,500 रुपए प्रति माह कर दिया जाएगा।

    मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कर्मचारी यूनियनों के साथ की बैठकें
    मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पूरे दिन विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के साथ बैठकें हुईं। बातचीत सकारात्मक रही और अधिकांश यूनियनों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया है। सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

    पंजाब बंद का सबसे ज्यादा असर जालंधर में दिखा
    इससे पहले संघर्ष समिति ने सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पंजाब बंद का आह्वान किया था। इस बंद का सबसे ज्यादा असर जालंधर में देखने को मिला। शहर के कई प्रमुख बाजार बंद रहे और सामान्य कारोबार प्रभावित हुआ। हालांकि हड़ताल समाप्त होने के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं।

  • Punjab News: जवान बेटे की संदिग्ध मौत, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

    Punjab News: जवान बेटे की संदिग्ध मौत, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

    गोरायाः बिल्गा पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले रूरकी गांव के अमरजीत के बेटे जशनदीप लोई (20) की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मां गुरप्रीत कौर और भाई सुरखाब कुमार ने बताया कि बीते दिन जशनदीप को उसकी बुआ का बेटा किसी काम के सिलसिले में मेओनवाल गांव से रूरकी गांव ले गया था। इसके बाद रात को फोन पर सूचना दी कि जशनदीप ट्रैक्टर से गिर गया और ट्रैक्टर के ऊपर चढ़ने से उसकी मौत हो गई।

    परिवार का आरोप है कि उसकी जानबूझकर हत्या की गई। मामला तब संदिग्ध हो गया जब परिवार को बताए बिना देर रात रूरकी गांव से मृतक का शव स्विफ्ट गाड़ी में लाकर मेओनवाल गांव में फेंकने की कोशिश की गई। इस दौरान गांव के एक युवक की नजर उन पर पड़ी और जब उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो 3 लोग मौके से भाग हो गए, जबकि 2 महिलाओं को गाड़ी समेत मौके पर ही पकड़ लिया गया।

    घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों महिलाओं और गाड़ी को हिरासत में लेकर बिल्गा पुलिस स्टेशन ले आई। परिवार ने पुलिस को अपने बयान दर्ज कराए हैं और इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फिल्लौर भेज दिया है और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता चल पाएगी कि मौत ट्रैक्टर के नीचे आने से हुई या कोई और कारण था।

  • Punjab News: नहर में कार गिरने से दो चचेरे भाइयों की मौत, गाड़ी में अवैध शराब बरामद

    Punjab News: नहर में कार गिरने से दो चचेरे भाइयों की मौत, गाड़ी में अवैध शराब बरामद

    मछीवाड़ा साहिबः सरहिंद नहर में कार गिरने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान फरीदकोट जिले के सिखवाला गांव के रहने वाले विकासदीप (19) और आकाशदीप (20) के तौर पर हुई है।

    मृतकों के पिता रिंपी सिंह ने बताया कि उनके बेटे और भतीजे इनोवा कार से चंडीगढ़ से फरीदकोट लौट रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे उनका बेटा मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी उसे पीछे से किसी दूसरे लड़के की आवाज सुनाई दी कि गोली चली है। पिता ने बताया कि उसके बाद दोनों लड़कों के फोन बंद हो गए। सुबह जब वे उन्हें ढूंढते सरहिंद नहर के किनारे पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि सुबह करीब 4:30 बजे एक इनोवा कार सरहिंद नहर में गिर गई थी, जिसके बाद उन्होंने गोताखोरों को बुलाया। देर शाम गोताखोरों ने नहर में इनोवा कार को ढूंढा और हाइड्रा मशीन मंगवाकर कार को बाहर निकाला, जिसमें दोनों चचेरे भाइयों के शव मिले।

    उधर, कार को नहर से बाहर निकाला तो अंदर का नजारा बहुत डरावना था। शराब की पेटियां दोनों चचेरे भाइयों पर गिरी हुई थीं और दुर्घटना के बाद उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। उनके शव शराब की पेटियों के नीचे दबे हुए थे और उन्हें बहुत मुश्किल से बाहर निकाला गया। पिता रिंपी सिंह ने बताया कि उनका बेटा और भतीजा चंडीगढ़ से अवैध शराब लाकर बेचते थे, जिसके लिए उन्हें कई बार रोका भी गया था। वे कार में अवैध शराब लेकर चंडीगढ़ से फरीदकोट आ रहे थे। उन्होंने कहा कि जानकारी मिली है कि अवैध शराब से भरी उनकी गाड़ी को शराब ठेकेदार की गाड़ी ने टक्कर मार दी थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। शाम 4:30 बजे के बाद उनके बेटे और भतीजे के फोन बंद हो गए थे और जानकारी के अनुसार टक्कर लगने की वजह से गाड़ी नहर में गिर गई।

    घटना की जानकारी मिलते ही समराला थाना प्रभारी हरविंदर सिंह और STF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने कार को बाहर निकाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने बताया कि कार में भारी मात्रा में शराब लदी हुई थी, जिसकी जांच की जा रही है। कार नहर में कैसे गिरी, इसकी भी जांच की जाएगी।

     

  • Punjab News: पूर्व विधायक ने कहा- वडिंग अध्यक्ष बनने के लायक नहीं, देखें वीडियो

    Punjab News: पूर्व विधायक ने कहा- वडिंग अध्यक्ष बनने के लायक नहीं, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा विवाद सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल नेताओं के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं, इसी बीच पंजाब कांग्रेस के मौजूदा अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग का विरोध उनके अपने ही जिले में देखने को मिला, जब पूर्व अध्यक्ष हरचरण सिंह बराड़ के परिवार ने भी खुलकर बगावत कर दी।

    पूर्व विधायक करण कौर बराड़ ने कहा कि चन्नी बेहतर हैं। राजा वडिंग अपनी ही विधानसभा सीट से चुनाव हार गए थे। उन्होंने कहा कि राजा वडिंग अध्यक्ष बनने के लायक नहीं हैं। राजा वडिंग के प्रति करण कौर की नाराज़गी साफ़ दिख रही थी। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष सबको साथ लेकर चलता है, जबकि राजा वडिंग ने ऐसा नहीं किया।

  • Punjab Congress के क्लेश में पूर्व मंत्री रज़िया सुल्तान के पति Mustafa की हुई एंट्री

    Punjab Congress के क्लेश में पूर्व मंत्री रज़िया सुल्तान के पति Mustafa की हुई एंट्री

    पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में टूट के आसार बढ़ गए हैं। चरणजीत चन्नी और प्रदेश प्रधान राजा वड़िंग की लड़ाई में नवजोत सिद्धू गुट की भी एंट्री हो गई है। साथ ही पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना के पति पूर्व DGP मोहम्मद की भी इस क्लेश में एंट्री हो गई है। इन्होंने अपने अधिकारिक एक्स पर एक ट्वीट किया है। जिसमें लिखा है कि मैं यह पत्र एक ऐसे शुभचिंतक के तौर पर लिख रहा हूँ जो पार्टी का सदस्य नहीं है और न ही कभी बनेगा, हालांकि मेरा पूरा परिवार पिछली तीन पीढ़ियों से कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रूप से शामिल रहा है। लेकिन, पंजाब कांग्रेस में हाल की घटनाओं को देखते हुए, मुझे पिछले छह महीने “बेतुके नाटक” (थिएटर ऑफ़ द एब्सर्ड) का एक सटीक उदाहरण लगते हैं।   कल मोरिंडा में जो हुआ, वह पार्टी के फ़ैसले लेने के तरीके में मौजूद “करें या न करें” वाली दुविधा का सीधा नतीजा था। पार्टी अभी खुद की बनाई हुई उलझन में फंसी हुई है। इसकी वजह एक दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है: पार्टी के बड़े नेताओं ने उन लोगों के प्रति बहुत ज़्यादा नरमी दिखाई है जो चालाकी से यह मानते हैं कि वे पार्टी से बड़े हैं। राहुल जी, वे पार्टी से बड़े नहीं हैं। जिन लोगों ने 2012 में पार्टी जॉइन की और जिन्हें संगठन ने सब कुछ दिया, वे अब बंदूक की नोक पर अपनी शर्तें मनवाने की कोशिश कर रहे हैं। पंजाब के लोगों की सोच में बहादुरी और फ़ैसले लेने की क्षमता को सराहा जाता है; वहीं हिचकिचाहट, दुविधा और कमज़ोर इरादों को पसंद नहीं किया जाता। RG को यह समझना होगा कि पंजाब में “राहुल गांधी ही कांग्रेस हैं – न कि इसका उल्टा।” आगे का रास्ता: ‘कैच-22’ (असमंजस) वाली स्थिति से बाहर निकलना; राजा ने अपनी नासमझी और बहुत ज़्यादा महत्वाकांक्षाओं के बोझ और अपने मुख्य सलाहकार संदीप संधू की चालाकी भरी चालों के कारण राज्य के नेताओं के एक बड़े हिस्से को नाराज़ कर दिया है; अब उन्हें पार्टी की उदारता का जवाब देना चाहिए। राहुल गांधी को मज़बूत करने के लिए, उन्हें तुरंत पद छोड़ देना चाहिए और आगे क्या करना है, यह फ़ैसला हाई कमान पर छोड़ देना चाहिए। नेतृत्व को दबाव में नहीं, बल्कि योग्यता के आधार पर अपने विकल्पों, फ़ायदों और नुकसानों पर विचार करना चाहिए। अड़ियल रवैया नेतृत्व का गुण नहीं है; बिना हिचकिचाहट के अपनी दिशा बदलने की क्षमता ही असली गुण है। मौजूदा हालात में, अगर नेतृत्व नया PCC चीफ़ चुनता है, तो उसे योग्यता के आधार पर चुनना चाहिए, न कि किसी को खुश करने या जगह देने के लिए। पंजाब को ऐसे नेता की ज़रूरत है जो मौजूदा सरकार का डटकर सामना करने के लिए तैयार हो।    
  • Punjab News: Shameful: 6 साल की बच्ची के साथ फूफा ने किया दुष्कर्म

    Punjab News: Shameful: 6 साल की बच्ची के साथ फूफा ने किया दुष्कर्म

    नया नंगलः नया नंगल इलाके की एक बस्ती में मासूम के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। जहां एक फूफा ने 6 साल की बच्ची को अपना हवस का शिकार बनाया। जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

    पीड़ित परिवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक रिश्तेदार से मिलने के लिए गया हुआ था। इस दौरान रात को जब घर लौटे तो बच्ची घर में मौजूद नहीं थी, उसे आसापास ढूंढा तो वह नहीं मिली। इस दौरान थोड़ी देर बाद बच्ची रोती हुई घर में पहुंची और उसने घटना की जानकारी दी, जिसपर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

    इस दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में कपड़े, बेडशीट और अन्य सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

    एसएचओ दानिशवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पर पोक्सो एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत के सामने पेश किया और तीन दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया ताकि मामले की ठीक से जांच की जा सके।

     

     

  • Punjab News: कल सभी AAP विधायक श्री अकाल तख्त साहिब में होंगे पेशः मुख्यमंत्री मान, देखें वीडियो

    Punjab News: कल सभी AAP विधायक श्री अकाल तख्त साहिब में होंगे पेशः मुख्यमंत्री मान, देखें वीडियो

    केजरीवाल बोले- अमृतसर में लव-कुश और माता जानकी के नाम पर बनाया जाएगा एक भव्य मंदिर

    अमृतसरः आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अमृतसर में एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की, जिसमें कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं और मौजूदा मुद्दों पर अपना पक्ष रखा गया। सबसे पहले अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज एक बहुत ही खास घोषणा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अमृतसर में लव-कुश और माता जानकी के नाम पर एक भव्य मंदिर बनाया जाएगा।

    केजरीवाल ने कहा कि मान्यता है कि लव-कुश का जन्म इसी धरती पर हुआ था और अमृतसर हर धर्म के लिए एक बहुत ही पवित्र स्थान है। इसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 29 जून को श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा सिख विधायकों और पंजाब कैबिनेट को बुलाए जाने के मुद्दे पर कहा कि पंजाब विधानसभा के स्पीकर सहित सभी विधायक कल श्री अकाल तख्त साहिब में पेश होंगे और अपना पक्ष रखेंगे।

    उन्होंने कहा कि जब उन्हें पहले बुलाया गया था, तब वे राष्ट्रपति के कार्यक्रम को छोड़कर श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचे थे और अपना पक्ष रखा था। भगवंत मान ने कहा कि वीडियो मामले में भी वे श्री अकाल तख्त साहिब को अपना लिखित पक्ष सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि वे श्री अकाल तख्त साहिब के सामने झुकने के बारे में सोच भी नहीं सकते।

    उन्होंने सवाल उठाया कि जब सुखबीर सिंह बादल को ‘तनखैया’ (धार्मिक दंड का पात्र) घोषित किया गया था, तब उस समय बोर्ड क्यों नहीं लगाए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले को धार्मिक रंग देकर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की जा रही है, जबकि उनकी सरकार पंजाब की प्रगति के लिए काम कर रही है।

    केजरीवाल ने राम मंदिर चोरी मामले का जिक्र करते कहा कि पुलिस ने छोटे लोगों को गिरफ्तार किया है और उन्हें रिमांड पर भी नहीं लिया गया है। उन्होंने मांग की कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए ताकि यह पता चल सके कि चोरी हुआ पैसा आखिरकार कहां गया।

     

     

  • Punjab News: 200 फीट गहरी खाई में गिरी सैनिकों की गाड़ी, जवान की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: 200 फीट गहरी खाई में गिरी सैनिकों की गाड़ी, जवान की मौत, देखें वीडियो

    कुरालीः कुराली के नग्लिया गांव में एक उत्तराखंड में सैनिकों की गाड़ी खाई में गिरने का मामला सामने आया है। जिसमें पंजाब के जवान की मौत हो गई। जवान की मौत की खबर सुनते ही घर में मातम पसर गया है। मृतक शहीद की पहचान सूबेदार सुरिंदर सिंह के रूप में हुई है। वह अरुणाचल प्रदेश में तैनात था। अब उनकी पोस्टिंग उत्तराखंड में की जानी थी। इस दौरान उनकी गाड़ी उत्तराखंड के लिए रवाना हुई थी।

    जानकारी के अनुसार जवानों की गाड़ी 200 फीट गहरी खाई में गिरने से सूबेदार सुरिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके 2 साथी अभी गंभीर घायल बताए जा रहे है, जिनका इलाज चल रहा है। परिवार ने बताया कि सूबेदार की 26 नवंबर में रिटायरमेंट होने वाले थी। परिवार में माता, पत्नी और उनके बेटे है। घर में कमाने वाला सूबेदार ही था, बेटा अभी छोटा है।

    परिवार ने बताया कि शहीद का शव अभी घर नहीं पहुंचा है। वहीं आपको बता दें गांव में 15-20 से युवक फौजी है।

     

     

     

  • Punjab News: जालंधर में आज हल्की बारिश की संभावना, Ludihana में आंधी-बारिश का Yellow Alert

    Punjab News: जालंधर में आज हल्की बारिश की संभावना, Ludihana में आंधी-बारिश का Yellow Alert

    चंडीगढ़ः भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। पंजाब के ऊपर बने एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) की सक्रियता के कारण 26 जून तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा।

    मौसम विभाग ने बुधवार को हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने तथा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। राहत की बात यह है कि 25 जून से क्षेत्र में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो जाएंगी, जबकि 25 से 30 जून के बीच इन राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक दस्तक हो जाएगी।

    मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, पिछले दिन की तुलना में चंडीगढ़ के तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है और यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। पंजाब के पटियाला में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में आंधी व बिजली कड़कने का अलर्ट रहा, जबकि इन जिलों समेत पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा और रूपनगर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

    मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, पंजाब में 25 से 30 जून के बीच कभी भी मानसून का आगमन हो सकता है। बड़े शहरों में यह सबसे पहले अमृतसर और सबसे अंत में बठिंडा पहुंचेगा। वहीं चंडीगढ़ में 27 से 30 जून के बीच मानसून दस्तक देगा और 28–29 जून के आसपास अच्छी मानसूनी बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं।

  • Punjab News: नहर में डूबने से कबड्डी खिलाड़ी की मौत

    Punjab News: नहर में डूबने से कबड्डी खिलाड़ी की मौत

    मछीवाड़ा साहिब: तखरा गांव के रहने वाले प्रदीप सिंह औजला (22) की सरहिंद नहर में डूबने से मौत होने का मामला सामने आया है। जानाकरी के अनुसार प्रदीप सिंह अपने दोस्तों के साथ सरहिंद नहर में नहाने गया था। नहर में नहाते समय प्रदीप का पैर फिसल गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

    प्रदीप को बचाने के लिए उसके दोस्त ने बहुत प्रयास किए लेकिन वह कामयाब नहीं हुए।

    घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। कुछ समय बाद मृतक का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौरतलब है कि मृतक प्रदीप सिंह अविवाहित था और एक कबड्डी खिलाड़ी था। प्रदीप सिंह की मौत से तखरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।