80.35 करोड़ रुपये की लागत से 137.13 किलोमीटर नहरों, रजबाहों और सब-माइनरों का नवीनीकरण तथा 53.9 किलोमीटर पाइपलाइनें बिछाई गईं
चंडीगढ़/पातड़ां: पंजाब के जल संसाधन तथा भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज शुतराना विधानसभा क्षेत्र के गांव बूटा सिंह वाला और बादशाहपुर में नहरी सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर शुतराना के विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर भी उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान एवं जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल का किसानों को यह बड़ा तोहफा देने के लिए धन्यवाद किया।
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों को अधिक से अधिक नहरी पानी उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शुतराना हलके में 80.35 करोड़ रुपये की लागत से 137.13 किलोमीटर नहरों, रजबाहों और सब-माइनरों का नवीनीकरण किया गया है, जिससे 56 गांवों की लगभग 68,500 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत दो नहरों तथा 14 माइनरों एवं सब-माइनरों का नवीनीकरण किया गया है। इसके अतिरिक्त 53.9 किलोमीटर पाइपलाइनें बिछाई गई हैं, जिन पर 8.89 करोड़ रुपये की लागत आई है। इन पाइपलाइनों के माध्यम से 18 गांवों की लगभग 9,302 एकड़ भूमि को नहरी पानी की सुविधा मिलेगी।
गोयल ने बादशाहपुर में घग्गर तटबंध के सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया तथा बताया कि ड्रेनेज विभाग ने घग्गर नदी के किनारे, जहां कटाव की आशंका थी, वहां लगभग 1000 फुट क्षेत्र में 2.46 करोड़ रुपये की लागत से पत्थर एवं जाली लगाकर तटबंध को मजबूत किया है। पत्रकारों के एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार ड्रेनेज विभाग ने पिछले वर्ष घग्गर तटबंधों को मजबूत करने के लिए जो कार्य किए, वे पिछले 50 वर्षों में कभी नहीं हुए। इसी कारण गत वर्ष घग्गर नदी में अत्यधिक जल प्रवाह होने के बावजूद कहीं भी तटबंध नहीं टूटा। उन्होंने बताया कि बादशाहपुर में भी खनौरी की तर्ज पर गेज लगाया जाएगा तथा बाढ़ से बचाव के सभी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने कार सेवा, स्थानीय लोगों एवं समाजसेवी संस्थाओं द्वारा दिए गए सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर ने कहा कि कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल तीसरी बार शुतराना हलके में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने आए हैं तथा पंजाब सरकार ने किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि घग्गर के पार स्थित गांवों तक भी यह सुविधा पहुंचाई जाएगी। इन परियोजनाओं से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा तथा कृषि क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी।
कुलवंत सिंह बाजीगर ने पंजाब सरकार एवं जल संसाधन विभाग का धन्यवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में किसान हितैषी निर्णयों को लगातार धरातल पर लागू किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक वनिंदर कौर लूंबा, ड्रेनेज विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर रजिंदर घई, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता गुनदीप सिंह, आकाश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में किसान, क्षेत्रवासी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।








बरिंदर गोयल ने कहा कि पंजाब की समस्याओं के समाधान के लिए नहरी पानी को टेल एंड (अंतिम छोर) तक पहुंचाने का वादा किया गया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घनौर विधानसभा क्षेत्र के निकट नहर होने के बावजूद कई गांव नहरी पानी से वंचित थे, लेकिन भगवंत मान सरकार ने अब उन खेतों तक भी पानी पहुंचा दिया है।
कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने बताया कि विधायक गुरलाल घनौर की पहल पर विधानसभा क्षेत्र घनौर में 22.23 करोड़ रुपये की लागत से वाटर लिफ्टिंग सिस्टम (पूर्व नाम राजखांट, बनूड़ कैनाल) के माध्यम से 36.39 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन बिछाकर 38 गांवों को नहरी पानी का लाभ पहुंचाया गया है। इससे 15,129 एकड़ भूमि पहली बार नहरी सिंचाई के दायरे में आई है।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त घनौर विधानसभा क्षेत्र में स्थित घड़ाम रजबाहा के 2.44 किलोमीटर हिस्से को 4.50 करोड़ रुपये की लागत से कंक्रीट लाइनिंग कर पक्का किया गया है। इससे लाभान्वित होने वाले 4 गांवों की 1,803 एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध होगा। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री गोयल ने बताया कि पंजाब सरकार ने बाढ़ से बचाव के लिए पूरे राज्य में 450 करोड़ रुपये खर्च किए हैं तथा पिछले पचास वर्षों में पहली बार इतने बड़े स्तर पर कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि केवल घनौर विधानसभा क्षेत्र में ही घग्गर नदी पर बाढ़ से सुरक्षा के लिए 13 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल का स्वागत करते हुए विधायक गुरलाल घनौर ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पंजाब सरकार ने घनौर विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए हैं। गुरलाल घनौर ने कहा कि लिफ्ट सिस्टम शुरू होने से जहां भूजल संरक्षण होगा, वहीं किसानों की खेती की लागत भी कम होगी।
इस दौरान क्षेत्र के किसानों ने कैबिनेट मंत्री तथा विधायक गुरलाल घनौर का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी वर्षों पुरानी मांग केवल भगवंत मान सरकार ने ही पूरी की है। इससे अब उनके खेतों को सिंचाई के लिए नियमित रूप से नहरी पानी उपलब्ध होगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं विधायक का सम्मान भी किया गया।
इस अवसर पर सिंचाई विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर रमणदीप सिंह बैंस, ट्यूबवेल कॉर्पोरेशन के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर मनिंदर सिंह, कार्यकारी अभियंता गुरशरण सिंह विरक, एस.डी.ओ. कुमार धवन, जिला परिषद सदस्य गुरमेल सिंह, सहजपाल सिंह लाडा, कप्तान सिंह, नरेंद्र सिंह, ब्लॉक समिति शंभू के उपाध्यक्ष भूपिंदर सिंह, गुरताज सिंह, डी.एस.पी. दलजीत सिंह विरक, नायब तहसीलदार हरीश कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।






