Category: Punjab>Fatehgarh Sahib
-

Punjab News: ज़हरीली गैस से परिवार के 2 बच्चों की मौत, 3 की हालत गंभीर, देखें वीडियो
फतेहगढ़ साहिबः गांव खनयान से दर्दनाक हादसा सामने आया है। दरअसल, घर के स्टोर में गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए ड्रम में रखी सल्फा की गोलियों से निकली ज़हरीली गैस ने एक ही परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। इस हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो लड़कियों और एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों को इलाज के लिए चंडीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे ज़िंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव खनयान में दो भाई अपने-अपने परिवारों के साथ एक ही घर में रहते हैं। कुछ दिन पहले परिवार ने स्टोर में रखे गेहूं को कीड़ों से बचाने के लिए अनाज के ड्रम में सल्फा की गोलियां रखी थीं। जिस स्टोर में गेहूं रखा गया था, उसका एक दरवाज़ा सीधे बेडरूम में खुलता था, जहां दोनों परिवार अपने बच्चों के साथ सोते थे।
बताया जा रहा है कि रात को परिवार के बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। सबसे पहले, सिर्फ़ 13 दिन की मासूम बच्ची हरसिरत कौर की हालत गंभीर हुई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि करीब 4 साल के मनराज सिंह की भी तबीयत बिगड़ गई। उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए और दवा दिलवाकर घर वापस ले आए, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। सुबह एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान मनराज सिंह की भी मौत हो गई।
इस हादसे में परिवार की 13 और 8 साल की दो लड़कियों और एक महिला की हालत भी गंभीर है। तीनों को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दो मासूमों की मौत के बाद हेल्थ डिपार्टमेंट और मेडिकल टीम ने मौके का मुआयना किया। जांच के दौरान शुरुआती तौर पर पता चला कि स्टोर में गेहूं के बीच रखी सल्फास की गोलियों से ज़हरीली गैस निकली थी। बेडरूम में AC लगा होने की वजह से यह गैस स्टोर से खींचकर कमरे में फैल गई, जिससे वहां सो रहे परिवार के सभी सदस्य इससे प्रभावित हुए। इस ज़हरीली गैस के ज़्यादा देर तक संपर्क में रहने की वजह से बच्चों और परिवार के दूसरे सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई।
-

Punjab News: बेअदबी के आरोपी का बेरहमी से कत्ल, धड़ से अलग किया सिर
फतेहगढ़ साहिबः गांव तूरा में बेअदबी के आरोपी का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। हमलावारों ने किरपाण से हमला करके आरोपी का सिर धड़ से अलग कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार 6 साल पहले बेअदबी की घटना में आरोपी जेल में बंद था और अब वह जेल से बाहर आया था। मृतक की पहचान मृतक 45 वर्षीय मेवासिंह के रूप मेें हुई है। मृतक मेवा सिंह मंडी गोबिंदगढ़ के गांव लाडपुर तूरां स्थित गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी का आरोपी था।
वह जमानत पर जेल से छूटकर आया था। मेवा सिंह के खिलाफ अक्टूबर 2020 में गांव तुरां स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने का आरोप लगा था। इसके बाद उसके खिलाफ मंडी गोबिंदगढ़ थाने केस दर्ज कराया गया था। इसके बाद उसका केस कोर्ट पहुंचा। कहा जा रहा है कि वह दो बार जमानत पर जेल से बाहर भी आया था, जबकि मामले की सुनवाई अभी चल रही थी और गवाहों के चलते उसे अंतिम राहत नहीं मिली थी।
हमलावर आधी रात 2 बजे मृतक मेवासिंह के घर में घुसा, इसके बाद उसने किरपाण से मेवासिंह पर हमला करके उसका सिर धड़ से अलग हो गया। घटना को अंजाम देने के बा आरोपी मौके से फरार हो गया। हादसे को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल से सबूल जुटा रही है। पुलिस हमलावर की पहचान और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
-

Punjab News: व्यक्ति से मांगी 17 लाख की फिरौती, दी जान से मारने की धमकी
फतेहगढ़ साहिबः पंजाब में फिरौती मांगने की घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। फिरौती ना मिलने पर हमलावारों द्वारा फायरिंग की जाती है। इस घटना को लेकर लोगों में दशहत का माहौल पाया जा रहा है। वहीं ताजा मामला बस्सी पठाना में रूपमप्रीत सिंह नामक व्यक्ति को ईमेल के जरिए फिरौती मांगने का सामने आया है। जहां आरोपी ने 17 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है। ऐसे में पैसे ना देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी भरे लगातार ईमेल मिलने से पीड़ित मानसिक रूप से परेशान हो गया। जिसके बाद उसने साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत दी।
शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी या आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बस्सी पठाना निवासी रूपमप्रीत सिंह ने शिकायत में बताया कि पिछले कुछ समय से उसकी ईमेल आईडी पर लगातार धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे हैं। ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति ने उसे जान से मारने की धमकी दी है और कहा है कि यदि वह अपनी जान बचाना चाहता है तो 17 लाख रुपये की रकम देनी होगी। पीड़ित ने बताया कि लगातार इस तरह के ईमेल मिलने से वह और उसका परिवार भय के माहौल में हैं। इसके बाद उसने पूरे मामले की जानकारी साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों में अपराधी अक्सर अपनी पहचान छिपाने के लिए विभिन्न तकनीकों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन डिजिटल साक्ष्यों की मदद से उनकी पहचान संभव होती है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को ईमेल, सोशल मीडिया या अन्य ऑनलाइन माध्यम से धमकी या रंगदारी की मांग संबंधी संदेश प्राप्त होता है तो घबराने के बजाय तुरंत इसकी सूचना पुलिस या साइबर क्राइम हेल्पलाइन को दें। साथ ही ऐसे संदेशों को बिना जांच के किसी के साथ साझा करने या उनमें दिए गए निर्देशों का पालन करने से बचें।
-

Punjab News: सत्कार योजना के फॉर्म भरने के दौरान 2 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की बिगड़ी तबीयत
फतेहगढ़ साहिबः सरहिंद शहर में मावां-धीयां सत्कार योजना के आवेदन फॉर्म भरने के दौरान 2 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान दोनों बेहोश हो गईं। घटना के बाद दोनों महिलाओं को तुरंत उपचार के लिए फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार बेहोश हुईं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की पहचान आरती और गुरमीत कौर के रूप में हुई है।
दोनों योजना से संबंधित आवेदन प्रक्रिया के कार्य में जुटी हुई थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। आसपास मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और दोनों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के कर्मचारी और आंगनवाड़ी कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में भर्ती दोनों महिलाओं का हालचाल जाना गया और उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय आवेदन प्रक्रिया का कार्य चल रहा था। दोनों महिला कर्मचारी अपने नियमित दायित्वों का निर्वहन कर रही थीं। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे समय रहते चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
सिविल अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने दोनों महिलाओं का प्राथमिक परीक्षण किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। चिकित्सकों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। घटना के बाद आंगनवाड़ी कर्मचारियों में चिंता का माहौल देखा गया। कई कर्मचारी अस्पताल पहुंचे और दोनों कार्यकर्ताओं के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान विभागीय स्तर पर भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई गई।
-

Punjab News: तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक और साइकिल सवार को मारी टक्कर, एक की मौत
लुधियानाः फतेहगढ़ साहिब में गांव मलकोमाजरा के नजदीक तेज रफ्तार कार चालक ने साईकिल सवार और बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार 2 नौजवान गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान गांव जल्ला निवासी केवल सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार केवल सिंह का बेटा प्रदीप सिंह रोजाना सुबह अपने पिता को मोटरसाइकिल पर अजनाली स्थित मिल में छोड़ने जाता था। सुबह भी दोनों घर से मोटरसाइकिल पर निकले थे।
उनके पीछे-पीछे केवल सिंह का दूसरा बेटा कुलजीत सिंह भी अपनी मोटरसाइकिल पर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब वे गांव मलकोमाजरा के नजदीक पहुंचे तो सरहिंद की ओर से तेज गति से आ रही सफेद रंग की कार अचानक बेकाबू हो गई। सबसे पहले कार ने सड़क पर जा रहे साइकिल सवार मुख्तयार सिंह को टक्कर मारी। टक्कर के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कुछ ही क्षणों में सामने चल रही मोटरसाइकिल को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे केवल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं मोटरसाइकिल चला रहे प्रदीप सिंह और साइकिल सवार मुख्तयार सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर कर दिया।
प्रदीप सिंह को स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान चंडीगढ़ भेजा गया, जबकि मुख्तयार सिंह को सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना सरहिंद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना सरहिंद के सहायक उपनिरीक्षक मोहन सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे कुलजीत सिंह के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
-

Punjab News: 12वीं की छात्रा ने जहरीला पदार्थ निगलकर की आत्महत्या, Principal पर लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो
फतेहगढ़ साहिब: 12वीं की एक छात्रा द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई। मरने से पहले छात्रा ने अस्पताल में एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने कहा था कि उसे फीस के लिए बहुत मेंटल टॉर्चर किया गया। इसके लिए प्रिंसिपल उसे अलग कमरे में भी लेकर गई थी। इससे वह परेशान थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की शिकायत दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी मुताबिक, मृतका की पहचान 17 वर्षीय अमजोत कौर के रूप में हुई है, जो अमृतसर में 88 फीट रोड क्षेत्र की रहने वाली थी। वह अपनी मासी सरबजीत कौर के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। छात्रा ने मरने से पहले बनाए गए वीडियो में स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाए। उसने कहा कि 11 मई को उसे स्कूल बुलाया गया था, जहां उसे काफी मेनटली टॉर्चर किया गया। उसे क्लास के ग्रुप से भी हटा दिया गया था। वीडियो में उसने कहा कि उसकी मौजूदा हालत के लिए स्कूल प्रबंधन जिम्मेदार है और वह जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रही है। उसने मामले में न्याय की मांग करते हुए कहा कि उसे इंसाफ मिलना चाहिए। परिजन के अनुसार, अमजोत की स्कूल फीस के करीब 20 हजार रुपए बकाया थे। उनका आरोप है कि फीस जमा करवाने के लिए स्कूल प्रबंधन की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था। मृतका की मासी सरबजीत कौर ने आरोप लगाया कि डीडीआईएस स्कूल फतेहगढ़ चूड़ियां रोड की प्रिंसिपल शबनम शर्मा और क्लास टीचर आकांक्षा शर्मा फीस को लेकर बार-बार अमजोत पर दबाव डाल रही थीं। उनका कहना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते अमजोत ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालांकि इस मामले में अभी स्कूल की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद छात्रा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाना है। चौकी विजय नगर पुलिस ने परिजन के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
-

Punjab News: सवारियों से भरी वोल्वो बस और ट्राले में हुई भीषण टक्कर, एक की मौत, कई घायल, देखें वीडियो
फतेहगढ़ साहिबः सरहिंद नेशनल हाइवे पर आते गांव पटारसी कलां के नज़दीक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरअसल, दिल्ली से कटड़ा (जम्मू) जा रही एक तेज रफ़्तार वोल्वो बस पीछे जा रहे 18 टायर वाले एक बड़े ट्राले के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में बस ड्राइवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक ड्राइवर की पहचान इन्दरजीत सिंह के रूप में हुई है, जो फिरोजपुर का निवासी था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना मुलेपुर के सहायक थानेदार जगरूप सिंह पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि बस में सवार कुछ यात्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए माथा टेकने जा रहे थे। पुलिस ने राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल फ़तेहगढ़ साहिब में दाखिल कराया।
घायलों की पहचान दिल्ली निवासी अभिजीत कश्यप (27), अशोका कश्यप (37), विभूति (35), प्रियांका (24), गोपीनाथ (25), बलजीत (28), जवेन्द्र(60), रश्मि (27), बबिता (50), सूभा कुमारी (16), शुभम (28), स्रुति झा (38), केशव (13) और सुहेल (28) के रूप में हुई है। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक घायलों में से 6 मरीज—अभिजीत, अशोका, विभूति, प्रियांका, गोपीनाथ और बलजीत की हालत बेहद नाजुक थी, जिसके कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ के सरकारी अस्पताल (सैक्टर-32) रैफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक ड्राइवर के शव को पोस्टमॉर्टेम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
-

Punjab News: अवैध शराब के मामले में BJP उम्मीदवार काबू
फतेहगढ़ साहिबः ज़िले में खमानों पुलिस ने चेकिंग के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार और उसके रिश्तेदार को गैरकानूनी शराब समेत काबू किया है। पुलिस के अनुसार दोनों देर रात स्कोडा कार में शराब लेकर अपने वार्ड जा रहे थे, जहां इसे बांटने की योजना होने का संदेह जताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत खमानों में चुनावों को लेकर पुलिस द्वारा इलाके में लगातार चेकिंग और गश्त की जा रही थी। इस क्रम में एसएचओ सुरेश कुमार शर्मा की देखरेख में एएसआई लखबीर सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी।
इस दौरान पुलिस को एक मुखबिर से गोपनीय सूचना मिली कि वार्ड नंबर 6 से भाजपा उम्मीदवार हर्ष कुमार अपने रिश्तेदार संजू सिंह के साथ स्कोडा कार में शराब की पेटियां लेकर वार्ड की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बताई गई स्कोडा कार को रोककर तलबाश की गई। तलाशी दौरान कार से शराब की दो पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस ने मौके पर ही हर्ष कुमार और उसके रिश्तेदार संजू सिंह को काबू कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चुनावों के दौरान किसी भी उम्मीदवार या समर्थक को मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब या अन्य लुभावने पदार्थ देने की अनुमति नहीं है। चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। इस मामले में भी बरामद की गई शराब को जब्त करके दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद की गई शराब कहां से लाई गई थी।
-

Punjab News: बाइक और ऑटो की टक्कर, जनगणना की ड्यूटी से लौट रही टीचर बेटे सहित घायल
फतेहगढ़ साहिबः जिले में जिला परिषद कार्यालय के समीप सड़क हादसे सरकारी शिक्षिका और उनका बेटा घायल हो गए। लोगों की मदद से घायल दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल शिक्षिका परमजीत कौर वर्तमान में गांव मानूपुर स्थित सरकारी एलीमेंट्री स्कूल में तैनात हैं। मिली जानकारी के अनुसार टीचर जनगणना ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपने बेटे देशांत के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव बुलाड़ी कलां स्थित अपने घर लौट रही थीं।
वहीं घायल शिक्षिका और उनके बेटे ने बताया कि जब वे सरहिंद से लौटते हुए जिला परिषद कार्यालय के नजदीक पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिल से नियंत्रण खो बैठे और सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में मां-बेटे दोनों को गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और शिक्षक समुदाय से जुड़े लोग भी अस्पताल पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद गवर्नमेंट टीचर्स यूनियन के प्रमुख नेता सतविंदर सिंह चहल अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
इस दौरान यूनियन नेताओं ने पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन से मांग की कि ड्यूटी के दौरान हादसे का शिकार हुई शिक्षिका और उनके बेटे के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाए और दोनों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जाए। यूनियन नेता सतविंदर सिंह चहल ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शिक्षिका ने पहले ही विभाग को लिखित रूप में अनुरोध किया था कि उनकी जनगणना ड्यूटी उनके नजदीकी गांव में लगाई जाए।
लेकिन इसके बावजूद उनकी ड्यूटी दूर क्षेत्र में लगा दी गई। यूनियन का आरोप है कि प्रशासन ने उनकी परिस्थितियों को नजरअंदाज किया, जिसके चलते उन्हें लंबा सफर करना पड़ा और यह हादसा हो गया। शिक्षक यूनियन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की है। यूनियन नेताओं का कहना है कि भविष्य में कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी आवंटन की प्रक्रिया में सुधार किया जाना चाहिए, ताकि किसी अन्य कर्मचारी को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
