Category: Punjab>Jalandhar

  • Jalandhar News: दुकान के ताले तोड़कर नगदी और सामान लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: दुकान के ताले तोड़कर नगदी और सामान लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: शहर की घास मंडी चौक के पास स्थित कुमार स्वीट शाप के ताले तोड़कर चोर गल्ले से नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी का पता दुकान मालिक को सुबह दुकान खोलने पहुंचने तब चला। दुकानदार ने चोरी की शिकायत थाना-5 की पुलिस को दी और सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
    कुमार स्वीट शाप के मालिक राजेश शर्मा ने बताया कि वह पिछले कई सालों से घास मंडी चौक में दुकान को चला रहे हैं।

    वह रोजाना की तरह बीती रात करीब 10 बजे दुकान को बंद करके घर चले गए थे और सुबह करीब साढ़े 8 बजे दुकान पर काम करने वाला युवक की दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो उसने दुकान के शटर पर लगे ताले टूटे देख उसे सूचित किया। वह दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान का ग़ल्ला नीचे जमीन पर गिरा हुआ था और सामान बिखरा हुआ था। चोर दुकान के गल्ले के अंदर पड़ी करीब 25-30 हजार की नकदी सहित सामान चोरी कर ले जा चुके थे।

    चोरी की वारदात के बाद दुकान पर मौजूद मार्केट के लोगों ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनके इलाके में गश्त बढ़ायी जाए ताकि चोर लुटेरों के मन में खौफ बना रहे और वारदातें कम हो। वहीं थाना-5 के जांच अधिकारी एएसआई बलविंदर कुमार ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि घास मंडी चौक के पास स्थित दुकान के चोर ताले तोड़कर नक़दी और सामान चोरी करके ले गए हैं, जिसके बाद वह टीम सहित मौके पर पहुँचे हैं। वह घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रहे हैं ताकि चोरों के बारे में पता चल सके।

     

  • Jalandhar News: 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप, देखें वीडियो

    Jalandhar News: 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: नूरमहल के मॉडल टाउन इलाके में एक 35 वर्षीय शादीशुदा महिला द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया। मृतका के मायके परिवार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनकी बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे तंग आकर उसने मौत को गले लगा लिया।

    घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के भाई जय चंद निवासी गुरु रविदास नगर बूटा मंडी जालंधर अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी सबसे छोटी बहन सरबजीत कौर की शादी साल 2012 में बलविंदर कुमार निवासी मॉडल टाउन नूरमहल के साथ पूरे रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए। जय चंद और पीड़ित परिवार का आरोप है कि सरबजीत कौर अपनी शादीशुदा जिंदगी में खुश नहीं थी। काफी समय से उसका अपने ससुराल वालों के साथ किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था।

    आरोप है कि पति बलविंदर कुमार, ससुर अमरजीत, सास जगीरों और ननद नीलो उसे लगातार कथित रूप से प्रताड़ित और परेशान करते आ रहे थे। मायके परिवार का कहना है कि इसी रोज-रोज के क्लेश और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर सरबजीत कौर ने मानसिक तनाव में आकर फांसी लगा ली और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के भाई और मायके पक्ष के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

     

     

     

  • Jalandhar News: सड़क हादसे में पुलिसकर्मी की मौत, देखें वीडियो 

    Jalandhar News: सड़क हादसे में पुलिसकर्मी की मौत, देखें वीडियो 

    जालंधर, ENS: सुच्ची पिंड के पास देर रात सड़क हादसे में पंजाब आर्ड पुलिस (पीएपी) की 27वीं बटालियन में तैनात जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान राज कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) और थाना रामामंडी की पुलिस मौके पर पहुंची व जांच शुरू की।

    मिली जानकारी के मुताबिक राज कुमार बाइक से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सुच्ची पिंड के निकट एक वाहन ने उनको टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव सड़क पर पड़ा देख लोगों ने वीडियो बनानी शुरू कर दी और पुलिस को सूचित किया।

    सूचना पाकर मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने संबंधित थाने की पुलिस को सूचित किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, तकि पता चल सके कि किस वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत हुई है।

  • Jalandhar News: 103 ग्राम हेरोइन सहित एक नशा तस्कर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: 103 ग्राम हेरोइन सहित एक नशा तस्कर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    जालंधरः नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फिल्लौर पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 103 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जिसकी पहचान विक्की सोहता उर्फ विक्की, पुत्र जगदीश राम, निवासी ऊंची घाटी, फिल्लौर के रूप में हुई है।

    यह कार्रवाई एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों तथा विनीत अहलावत, आई.पी.एस., पुलिस अधीक्षक (जांच), जालंधर ग्रामीण और भारत मसीह लधर, पी.पी.एस., उप पुलिस अधीक्षक, उप-मंडल फिल्लौर की निगरानी में की गई।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए भारत मसीह लधर, पी.पी.एस., उप पुलिस अधीक्षक, उप-मंडल फिल्लौर ने बताया कि इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह भुल्लर, थाना प्रभारी, थाना फिल्लौर के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विक्की सोहता उर्फ विक्की, पुत्र जगदीश राम, निवासी ऊंची घाटी, फिल्लौर, जिला जालंधर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 103 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

    इस संबंध में एफआईआर संख्या 200 दिनांक 19.07.2026 थाना फिल्लौर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(B), 61 एवं 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्वयं नशे का आदी था और अपनी लत पूरी करने के लिए नशा तस्करी करने लगा। जांच में यह भी सामने आया कि वह विभिन्न क्षेत्रों से हेरोइन लाकर ऊंचे दामों पर बेचता था। इसके अतिरिक्त आरोपी के विरुद्ध थाना सलेम टाबरी, जिला लुधियाना में लूट से संबंधित एक आपराधिक मामला पहले से दर्ज है।

    आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसका पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पूछताछ के दौरान और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है, जिससे नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सकेगा।

     

  • LPU Placement 2025-26: 2,000 से ज्यादा छात्रों को ₹10 लाख से ज्यादा के ऑफर मिले

    LPU Placement 2025-26: 2,000 से ज्यादा छात्रों को ₹10 लाख से ज्यादा के ऑफर मिले

    माइक्रोसॉफ्ट से ₹60 लाख का सबसे बड़ा ऑफर

    जालंधर (Ens): लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) प्लेसमेंट के क्षेत्र में हर साल अपनी ही सीमाओं को तोड़कर नई ऊंचाइयां हासिल कर रही है। इस साल एलपीयू के 2025 और 2026 बैच ने प्लेसमेंट सीज़न में रिकॉर्ड सफलता हासिल की। ​​यूनिवर्सिटी के 2,000 से ज़्यादा छात्रों को ₹10 लाख से ₹60 लाख तक के पैकेज मिले। प्लेसमेंट रिकॉर्ड के अनुसार, एलपीयू के टॉप 10 प्रतिशत छात्रों का औसत पैकेज ₹14 लाख है। यह आंकड़ा कई टॉप आईआईटी के औसत से ज़्यादा है। इससे टैलेंट डेवलपमेंट में अग्रणी यूनिवर्सिटी के तौर पर एलपीयू की प्रतिष्ठा और मज़बूत हो रही है। 2026 में ग्रेजुएट होने वाले बैच की खास उपलब्धियों में, तीन बीटेक छात्रों को माइक्रोसॉफ्ट इंडिया से ₹60 लाख सालाना का ऑफ़र मिला है। इन छात्रों में आयुष कुमार जोशी (जो साइबर सिक्योरिटी और ब्लॉकचेन में स्पेशलाइज़ेशन के साथ कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में बी.टेक कर रहे हैं) के साथ-साथ नितेश और अदिति गुप्ता (जो कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में बी.टेक कर रहे हैं) शामिल हैं। प्लेसमेंट रिकॉर्ड को और मज़बूत करते हुए, तीन बी.टेक सीएसई छात्रों को अमेजन इंडिया से ₹48.6 लाख सालाना का ऑफ़र मिला और आठ बी.टेक सीएसई छात्रों को क्रेड से ₹43.5 लाख सालाना का ऑफ़र मिला। एक एमबीए छात्र को ₹40.85 लाख का पैकेज मिला, जबकि एयरलाइंस और टूरिज़्म प्रोग्राम के दो छात्रों को ₹37 लाख सालाना का शानदार ऑफ़र मिला, जो अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की व्यापकता को दर्शाता है। एलपीयू की प्लेसमेंट यात्रा ने लगातार ग्लोबल सफलता की कहानियाँ रची हैं। 2023 बैच के छात्र यासिर एम. ने एक प्रमुख आईटी कंपनी के साथ ₹3 करोड़ का इंटरनेशनल पैकेज हासिल किया। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए, 2025 बैच के सरवण विष्णु को ₹2.5 करोड़ का शानदार ऑफ़र मिला। साथ ही, 2025 बैच के ही मोहम्मद फुरकान और बेटिरेड्डी नागा वामसी रेड्डी को एक एआई रोबोटिक्स कंपनी से क्रमशः ₹1.06 करोड़ और ₹1.03 करोड़ के बेहतरीन इंटरनेशनल ऑफ़र मिले, जो एलपीयू ग्रेजुएट्स की बढ़ती इंटरनेशनल मांग को दिखाता है। एलपीयू के सैकड़ों ग्रेजुएट्स अभी माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, गूगल और कई अन्य नामी कंपनियों में ₹1 करोड़ से ज़्यादा के पैकेज वाली अहम पोस्ट पर काम कर रहे हैं। एलपीयू स्टूडेंट्स को अमेजन, टीसीएस, बॉश, एसेन्चर, कैपजेमिनी, कॉजेंट, ट्राइडेंट, ब्लिंकिट, फैडल बैक, बैंक ऑफ अमेरिका, बैंक ऑफ न्यूयॉक, फ्लिपक्राट, सिपला, एलजी इलैक्ट्रानिक्स, कतर एयरवेस, पीएंडओ क्रूज, डॉ. रैडी, जायदूस हेल्थकेयर, टोरंट फॉर्मास्यूटिकल्स, इंडिगो और कई अन्य प्रतिष्ठित फॉर्चून 500 कंपनियों से 6000 से ज़्यादा प्लेसमेंट ऑफ़र मिले हैं। ये ऑफ़र इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, होटल और टूरिज़्म, मेडिकल, एग्रीकल्चर, सोशल साइंस आदि क्षेत्रों से जुड़े हैं। आईआईटी, एनआईटी और आईआईएम से स्टूडेंट्स को हायर करने वाली 350 से ज़्यादा कंपनियाँ एलपीयू से भी स्टूडेंट्स को रिक्रूट करती हैं। कैंपस रिक्रूटमेंट में मल्टीनेशनल कंपनियों की भागीदारी और स्टूडेंट्स का बेहतरीन पैकेज पर चुना जाना, स्टूडेंट्स को पढ़ाने के साथ-साथ इंडस्ट्री में आ रहे बदलावों के हिसाब से उन्हें स्किल्ड बनाने के एलपीयू के कमिटमेंट को भी दिखाता है। एलपीयू के फाउंडर चांसलर और सांसद (राज्यसभा) डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने कहा, “हमारे छात्र लगातार यह साबित कर रहे हैं कि अगर सही मौके मिलें, तो टैलेंट ग्लोबल लेवल पर मुकाबला कर सकता है और नेतृत्व कर सकता है। यह देखकर बहुत खुशी होती है कि एलपीयू के ग्रेजुएट अलग-अलग सेक्टर में दुनिया की कुछ सबसे प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ सफल करियर बना रहे हैं। एलपीयू ने हमेशा ऐसी शिक्षा देने पर ध्यान दिया है जिसमें एकेडमिक एक्सीलेंस के साथ-साथ प्रैक्टिकल अनुभव भी शामिल हो, ताकि हमारे छात्र अपने प्रोफेशनल सफर की शुरुआत से ही योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
  • Jalandhar News: मारपीट मामले में विक्की कल्याण और सुखविंदर गिरफ्तार, 6 पर FIR दर्ज, देखें वीडियो

    Jalandhar News: मारपीट मामले में विक्की कल्याण और सुखविंदर गिरफ्तार, 6 पर FIR दर्ज, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: ओल्ड जवाहर नगर में कुछ युवक गली में बेवजह चक्कर लगा रहे थे तथा इलाके में बनी पार्क में सैर कर रही युवतियों के साथ छेड़छाड़ करने की भी कोशिश कर रहे थे।अमित जुल्का ने जब इन्हें ऐसा करने से रोका तो वे युवक वहां से चले गए तथा उसके बाद करीब एक दर्जन युवकों को साथ लेकर आए और उन्होंने अमित जुल्का तथा उसके बेटे के साथ बुरी तरह से मारपीट की।

    मामले की जानकारी देते हुए एसीपी राजेश ठाकुर ने बताया कि वीडियो वायरल होने पर कमिश्नरेट पुलिस ने न्यू बारादरी पुलिस स्टेशन में 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी संदिग्धों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कल्याण और सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है।

    कमिश्नरेट पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इसमें शामिल पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता से अनुरोध है कि वे जांच में सहयोग करें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि की जानकारी या अफवाहें न फैलाएं।

  • Jalandhar News: अलमस्त बापू लाल बादशाह जी के मेले में नतमस्तक हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह, देखें वीडियो

    Jalandhar News: अलमस्त बापू लाल बादशाह जी के मेले में नतमस्तक हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: नकोदर में अलमस्त बापू लाल बादशाह जी के तीन दिवसीय वार्षिक मेला चल रहा है। आज मेले का अंतिम दिन है। ऐसे में बापू लाल बादशाह जी के मेले में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दोपहर करीब 2 बजे दरबार पहुंचने पर प्रबंधक कमेटी और भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री सैनी ने दरबार में माथा टेका और देश व प्रदेश की शांति, समृद्धि तथा आपसी भाईचारे के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिस तरह हरियाणा प्रगति कर रहा है, उनकी इच्छा है कि पंजाब भी पीछे न रहे। सैनी ने प्रार्थना की कि पंजाब, जो कभी देश का नंबर-1 राज्य था, वह फिर से वही मुकाम हासिल करे और उससे भी तेज गति से आगे बढ़े।

    प्रबंधक कमेटी की तरफ से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उनके साथ आई हरियाणा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल और पूर्व मंत्री असीम गोयल को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर साई हंस दरवेश, जालंधर के पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू, जिला प्रधान जगबीर बराड़, पूर्व जिला प्रधान मनीष धीर, शेफी चावला, दविंदर कलेर सहित कई प्रमुख नेताओं के अलावा अजय बजाज और आदित्य भटारा जैसे गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने बापू लाल बादशाह जी की प्रेरणा से गरीब कल्याण की दरगाह की आध्यात्मिक महिमा का भी जिक्र किया।

    उन्होंने बताया कि बापू लाल बादशाह जी की सोच हमेशा गरीब और जरूरतमंद व्यक्तियों की मदद करने की रही है। पंजाब के लोगों के प्रति अपनापन जताते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यदि पंजाब के लोगों या उनके हरियाणा में रहने वाले रिश्तेदारों का कोई काम हो, तो वे निसंकोच उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे एक भाई के नाते उनका काम पूरा कराने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जब अपना संबोधन शुद्ध और सहज पंजाबी भाषा में दिया, तो दरबार परिसर तालियों से गूंज उठा। मंच संचालक ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि उनकी पंजाबी सुनकर ऐसा लगा ही नहीं कि वे हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं, बल्कि ऐसा महसूस हुआ जैसे वे पंजाब के अपने ही मुख्यमंत्री हों।

     

  • Jalandhar News: मेले में युवाओं पर भड़कें Punjabi Singer Khan Saab, की ये अपील, देखें वीडियो

    Jalandhar News: मेले में युवाओं पर भड़कें Punjabi Singer Khan Saab, की ये अपील, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: नकोदर में आयोजित बापू लाल बादशाह के मेले में पंजाबी गायक सिंगर खान साहब पहुंचे। जहां वह युवाओं द्वारा हुड़दंगबाजी करने पर भड़क गए। इस दौरान उन्होंने मेले में आए युवाओं से बैठने की अपील की। लेकिन उसके बावजूद कुछ युवा लगातार हुड़दंगबाजी करते रहे। जिसके बाद खान साहब ने कहा कि लोगों से बैठने की अपील की, लेकिन फिर भी ना बैठने पर वह भड़क गए और कहा कि जब पुलिस आपके माथे पर डंडे बरसाएंगी क्या तब मजा आएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी काफी ज्यादा है और आप मेले में बैठकर आराम से सुनो। आपके द्वारा लगातार की जा रही हूटिंग से किसी एक हार्ट अटैक हो जाएगा, जोकि वह नहीं चाहते।

    खान साहब ने कहा कि साल में एक बार प्रोग्राम में आने का मौका मिलता है, उसे भी खड़े होकर आप खराब कर रहे हो। मैं मानता हूं आप सब मुझसे बहुत प्यार करते हो, लेकिन शांति बनाकर रखें। इसके बाद मैनेजमेंट ने भी अपील की, लेकिन युवक बैठे नहीं। इस बीच मैनेजमेंट ने कह दिया कि अगर नहीं बैठोगे तो खान साब का प्रोग्राम यहीं रोक दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप लोगों के ना बैठने की वजह से मेरा कीमती समय कम हो रहा है।

    समझ नहीं आता कि आप लोग शांत होकर अपनी जगह पर बैठ क्यों नहीं जाते? यहां साल में बड़ी मुश्किल से एक बार आने का मौका मिलता है, इसलिए समय की अहमियत को समझें और चुपचाप नीचे बैठ जाएं। उन्होंने कहा कि मैं अच्छी तरह जानता हूं कि आप लोग मुझसे बहुत प्यार करते हैं और बहुत दूर-दूर से मुझे यहां देखने आए हैं। आपका यह प्यार सिर आंखों पर है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि हम उत्साह में आकर एक-दूसरे की जान ही जोखिम में डाल दें। खुद को संभालिए और अनुशासन बनाए रखिए। युवकों के बैठने के बाद ही खान साहब ने धुरंधर फिल्म के गीत सुनाए।

  • Jalandhar News: सड़क हादसे में घायल युवती के मसीहा बनें केंद्रिय पासवान, रुकवाया काफिला, देखें वीडियो

    Jalandhar News: सड़क हादसे में घायल युवती के मसीहा बनें केंद्रिय पासवान, रुकवाया काफिला, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: पंजाब दौरे पर आए केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में माथा टेकने और अरदास करने के बाद वह जालंधर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें रास्ते में एक सड़क हादसा दिखाई दिया, जिसमें एक युवती घायल हो गई थी। घायल युवती को देखकर चिराग पासवान ने तुरंत अपना काफिला रुकवा दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली और बिना देरी किए युवती को अपनी गाड़ी से अस्पताल भिजवाया। उनके स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने घायल युवती को सावधानी से वाहन में बैठाया और समय पर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
    उन्होंने अपनी यात्रा आगे बढ़ाने से पहले यह सुनिश्चित किया कि उसे तुरंत चिकित्सा सहायता मिले। यह घटना जालंधर से करीब 10-15 किलोमीटर पहले डेरा सचखंड बल्लां के पास हुई। इस पूरी घटना का वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि केंद्रीय मंत्री खुद मौके के हालात का जायजा लेते हैं। घायल युवती को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के निर्देश देते हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का कहना है कि राजनीति से अलग हटकर जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आना एक सराहनीय पहल है। लोग चिराग पासवान के इस व्यवहार की प्रशंसा करते हुए इसे संवेदनशील और जिम्मेदार कदम बता रहे हैं। वायरल वीडियो पर लगातार सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोग उनके फैसले की सराहना कर रहे हैं।      
  • Jalandhar News: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिवार ने जताई ये आशंका

    Jalandhar News: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिवार ने जताई ये आशंका

    जालंधरः फिल्लौर के नजदीकी गांव महो साहिब में संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने आशंका जताई कि युवक की नशे से जान गई है। मृतक की पहचान हरविंदर कुमार उर्फ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा जांच शुरू कर की है

    मृतक की बहन पूजा ने बताया कि 3-4 लोग फोन करके उसके भाई को अपने साथ ले जाने की बात कहकर घर से ले गए थे। परिवार को यह पता नहीं था कि वे लोग कौन थे। उन्हें पता चला कि भाई इलाके के स्कूल की ग्राउंड पड़ा हुआ है और मुंह से झाग निकल रही थी। वह मौके पर पहुंचे तो भाई की मौत हो चुकी थी।

    घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे नेता राजिंदर संधू ने बताया कि हरविंदर कुमार तीन बहनों का इकलौता भाई था और उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि गलत संगत में पड़े चार लोग हरविंदर को अपने साथ ले गए थे। मृतक के मुंह से झाग निकल रही थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसे कोई नशीला या जहरीला पदार्थ दिया गया हो। हालांकि, मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

    थाना बिलगा से मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी दिलबाग सिंह ने बताया कि मृतक की मां के बयानों के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि युवक की मौत किस तरह हुई,  यह जांच का विषय है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।