Category: Haryana>Panipat

  • इस दिन तापमान में आएगी गिरावट , तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

    इस दिन तापमान में आएगी गिरावट , तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

    चंडीगढ़ : गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के बाद अगले तीन दिन तापमान में बढ़ोतरी होगी। इसके बाद 23 मई से राहत के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि अगले हफ्ते की शुरुआत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे 23 और 24 मई को बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से छुटकारा मिलेगा। पंजाब में शुक्रवार को भी कुछ इलाकों में बारिश हुई।

    वहीं हरियाणा में अगले तीन दिन तीन डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है। बताया जा रहा है कि कुछ शहरों में तापमान 45 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 23 मई रात तक एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। 26 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। दोनों विक्षोभ मिलने के कारण 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की से मध्यम श्रेणी की बारिश होगी।

  • अब सड़कों पर नहीं दिखेंगे मोटे पेट वाले पुलिसकर्मी, जानें मामला

    अब सड़कों पर नहीं दिखेंगे मोटे पेट वाले पुलिसकर्मी, जानें मामला

    हरियाणाः जिले की सड़कों पर अब मोटी तोंद वाले पुलिसवाले दिखाई नहीं देंगे। प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज ने ये कड़ा आदेश जारी किया है। विज के आदेश के अनुसार अब मोटी तोंद वाले पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर पुलिस लाइन में किया जाएगा। विज ने पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को इस बारे में लिखित निर्देश दिए है। गृह मंत्री विज के आदेश के अनुसार जिन पुलिसवालों का वजन बढ़ गया है और लगातार बढ़ता ही जा रहा है। उनका ट्रांसफर पुलिस लाइन में किया जाएगा।

    कई पुलिसकर्मियो की निकली तोंद

    गृह मंत्री अनिल विज के आदेश में कहा गया है कि अक्सर यह देखा गया है कि पुलिस विभाग में जिन पुलिसकर्मियों का वजन बढ़ गया है वो और अधिक बढ़ता ही जा रहा है। जिसकी वजह से वो पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी नहीं कर पा रहे है। ऐसे में पुलिसकर्मियों को फिट किया जाना जरूरी है।

    योग से कम करना होगा वजन

    गृह मंत्री के आदेश के अनुसार उन्होंने लिखा है कि मैं चाहूंगा कि पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अपनी फिटनेस बनाए रखने रखे। जिन पुलिसवालों का वजन ज्यादा बढ़ गया है उन्हें पुलिस लाइन में स्थानांतरित किया जाए, जब तक वो वो ड्यूटी के लिए फिट नहीं हो जाते उनसे योग करवाया जाए। ताकि पुलिसकर्मियों को फिट कर राज्य को अपराधमुक्त किया जा सके।

    योगा ट्रेनर की भी होगी व्यवस्था

    पुलिसकर्मियों का वजन और पेट कम करवाने के लिए पुलिस लाइन में योगा ट्रेनर और फार्मासिस्ट भी मौजूद रहेंगे। इन पुलिसकर्मियों की रोजाना की एक्टिविटी भी दर्ज की जाएगी। बाकायदा इसकी रिपोर्ट भी मुख्यालय को भेजी जाएगी। बता दें कि इससे पहले साल 2022 में हरियाणा पुलिस के डीजीपी की तरफ से भी इस संबंध में आदेश जारी किए जा चुके है।

  • दहलाने की साजिश नाकाम, इस जगह से 4 हैंड ग्रेनेड बरामद

    दहलाने की साजिश नाकाम, इस जगह से 4 हैंड ग्रेनेड बरामद

    अंबाला: हरियाणा के अंबाला को दहलाने की साजिश को एक बार फिर नाकाम कर दिया गया। पुलिस ने गांव सौंतली मोड़ के नजदीक एक जगह से चार हैंड ग्रेनेड बरामद किए है। प्लास्टिक के पाइप के टुकड़े में इन हैंड ग्रेनेड को रखा गया था। जांच में सामने आया है कि बरामद किए गए हैंड ग्रेनेड पाकिस्तान में बनाए गए थे। पुलिस अब इसकी जांच में जुटी हुई है कि इन हैंड ग्रेनेड से कहां वारदात को अंजाम दिया जाना था। इससे पहले भी अंबाला में एक हैंड ग्रेनेड और आईइडी मिल चुकी है।

    झाड़ियों में एक पाइप में रखे थे हैंड ग्रेनेड

    शहजादपुर पुलिस को एक शख्स ने फोन कर सूचना दी कि सौंतली मोड़ के नजदीक झाड़ियों में एक प्लास्टिक का पाइप पड़ा हुआ है। उसके ऊपर कैप लगाकर दोनों तरफ से बंद किया गया है। संदिग्ध वस्तु को लेकर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। जिसके बाद बम निरोधक दस्ते और सीन ऑफ क्राइम की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। बम निरोधक दस्ते ने पाया कि पाइप के अंदर विस्फोटक सामग्री है। जिसके बाद पाइप के अंदर से चार हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए। जहां पर ये हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए है वो जगह मुख्य सड़क से करीब 100 मीटर की दूरी पर है।

    पहले भी हैंड ग्रेनेड हुए थे बरामद

    बता दें कि करीब 14 महीने पहले भी अंबाला से हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए थे। एक बार फिर से हैंड ग्रेनेड मिलने से पुलिस एक्टिव हो गई है। मामले की जानकारी एनआईए, एनएसजी को भी दी गई है। सेना और वायु सेना के हिसाब से अंबाला जिला काफी महत्वपूर्व है। आर्मी इंटेलीजेंस को भी इस मामले की सूचना दी गई है, ताकि मामले को सेना के संज्ञान में भी लाया जा सके।

  • भाजपा सांसद का हुआ निधन, PGI में चल रहा था इलाज

    भाजपा सांसद का हुआ निधन, PGI में चल रहा था इलाज

    चंडीगढ़ : अंबाला से भाजपा सांसद रतन लाल कटारिया का वीरवार सुबह निधन हो गया। पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ने के बाद उनके शव को पंचकूला लाया गया। दोपहर को मनीमाजरा में उनका संस्कार होगा। बता दें कि पिछले एक माह से रतन लाल कटारिया के शरीर में इन्फेक्शन था और चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती थे। कुछ दिन से बुखार भी था। सीएम मनोहर लाल ने ट्वीट कर कहा ‘पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं अंबाला से सांसद रतन लाल कटारिया के निधन से मन अत्यंत दुःखी है। समाज के हित और हरियाणा के लोगों की उन्नति के लिए उन्होंने हमेशा संसद में आवाज़ उठाई।

    उनका चले जाना राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें’। बता दें कि यमुनानगर के गांव संधाली में 19 दिसंबर, 1951 को जन्मे रतन लाल कटारिया पंचकूला के मनसा देवी कांप्लेक्स में रहते थे। छावनी के एसडी कॉलेज से बीए ऑनर्स करने के बाद केयूके से राजनीतिशास्त्र में एमए किया तथा फिर वहीं से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। रतन लाल कटारिया को राष्ट्रगीत गाने, कविताएं लिखने, शायरी करने और अच्छी पुस्तकों को पढ़ने का शौक था।

    पिता ज्योति राम और माता परिवारी देवी की संतान रतन लाल कटारिया के परिवार में पत्नी बंतो कटारिया के अलावा एक बेटा तथा दो बेटियां हैं। रतन लाल कटारिया को 1980 में भाजयुमो का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद वह पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश मंत्री, अनुसूचित जाति मोर्चा के अखिल भारतीय महामंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री तक के सफर के बाद उन्हें जून 2001 से सितंबर 2003 तक भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया। 1987-1990 में प्रदेश सरकार के संसदीय सचिव एवं हरिजन कल्याण निगम के चेयरमैन बने।

    जून 1997 से जून 1999 तक वह हरियाणा वेयर हाउसिंग के चेयरमैन रहे। 6 अक्टूबर, 1999 को रतन लाल कटारिया अंबाला से सांसद निर्वाचित हुए। हालांकि इसी सीट से राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा से वह लगातार दो बार हार गर थे, लेकिन वर्ष 2014 के चुनाव में उन्होंने जीत का रिकार्ड बनाया था। 2014 में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार वाल्मीकि को 3,40074 वोटों से हराया। इस जीत के साथ वे सांसद बन गये।

  • कांग्रेस नेता जग्गा सिंह बराड़ के घर NIA की दबिश

    कांग्रेस नेता जग्गा सिंह बराड़ के घर NIA की दबिश

    हरियाणाः गैंगस्टर्स और आंतकियों के नेक्सस को तोड़ने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने बुधवार सुबह हरियाणा सहित 6 राज्यों में एक साथ 100 ठिकानों पर रेड की है। हरियाणा के सिरसा, झज्जर, बहादुरगढ़, गुरुग्राम, सोनीपत, करनाल, अंबाला के अलावा कुछ अन्य जगह पर छापेमारी चल रही है। जिनके घर और ठिकानों पर रेड की गई है, उनके गैंगस्टरों से लिंक बताए जा रहे हैं। वहीं गुरुग्राम में खालिस्तानी समर्थक और डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल के करीबी बिजनेसमैन के घर और कौशल चौधरी के गुर्गे सुधीर उर्फ खुटी के घर रेड चल रही है। वहीं सिरसा के डबवाली में कांग्रेसी नेता जग्गा बराड के घर पर एनआईए ने रेड है।

    सोनीपत में लॉरेंस गैंग, अंबाला में बंटी कौशल, करनाल में गुरतेज सिंह के यहां सुबह 5 बजे ही पूछताछ चल रही है। गुरुग्राम में 2 जगह एनआईए की सर्च चल रही है। इसमें सेक्टर-31 में खालिस्तानी समर्थक और डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल के करीबी बिजनेसमैन और दूसरी जगह गैंगस्टर कौशल चौधरी के गुर्गे के ठिकाने पर छापामारी की है। इसी तरह झज्जर जिले में गांव बिसान, लगरपुर और बहादुरगढ़ कस्बा में रेड की गई है। इन तीनों ही जगह पर दिल्ली के डॉन के नाम से मशहूर गैंगस्टर नीरज बवाना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।

    बता दें कि लगरपुर दिल्ली के गैंगस्टर विकास लगरपुरिया का गांव है। विकास लगरपुरिया का नाम उस वक्त सुर्खियों में आया जब उसने गुरुग्राम में 1 करोड़ रुपए से ज्यादा की कैश चोरी की वारदात कराई, जिसमें एक आईपीएस अफसर की भूमिका सामने आई थी। सोनीपत जिले में भी कुछ स्थानों पर रेड हुई है। जिसमें तिहाड़ जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर काला जेठड़ी के चचेरे भाई के घर जठेड़ी में और उसके भांजे सोनू माहाल के घर गांव पिनाना में भी एनआईए टीमें पहुंची। तीन दिन पहले दो शराब के ठेकों पर कब्जे में सोनू के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसके अलावा गांव पलड़ा में कुख्यात बदमाश अक्षय पलड़ा के घर पर भी रेड की गई है। अक्षय पलड़ा पंजाब की जेल में है। उस पर हत्या के दर्जन भर केस हैं। 15 साल की उम्र में ही पारिवारिक विवाद में पहला मर्डर किया था। वि कुख्यात गैंगस्टर राजू बसौदी का साथी है।

  • जनसंवाद में महिला सरपंच ने सिर से दुपट्‌टा उतारकर सीएम के पैरों में फेंका, हुआ बवाल, देखें वीडियो

    जनसंवाद में महिला सरपंच ने सिर से दुपट्‌टा उतारकर सीएम के पैरों में फेंका, हुआ बवाल, देखें वीडियो

    सिरसाः हरियाणा के सीएम मनोहर लाल के सिरसा में जनसंवाद कार्यक्रम के तीसरे दिन भी विवाद हो गया। बणी गांव की महिला सरपंच ने अपना गले से दुपट्‌टा उतार कर सीएम के पैरों में फेंक दिया। इसको देखकर वहां खड़ी पुलिस और अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में महिला को संभाला। फिर उसे पकड़कर स्टेज से नीचे उतार दिया गया। हालांकि इस दौरान सीएम मनोहर लाल बातों से इस बारे में समझाते दिखे। सीएम मनोहर लाल के पास स्टेज पर पहुंची महिला सरपंच नैना झोरड़ ने कहा कि उनके गांव के प्राइमरी हेल्थ सेंटर में स्टाफ नहीं है। 25 किमी में कोई कॉलेज नहीं है। बीजेपी का नारा है बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ। हमारे साथ अन्याय हुआ है।

    यह सुनकर सीएम ने कहा कि आप लिखकर दे दो। इस पर महिला सरपंच नहीं मानी। नैना ने कहा कि मैने लोकतांत्रिक चुनाव जीता। सीएम ने रोकने का प्रयास किया। मेरे पति पर जानलेवा हमला हुआ। फिर भी पुलिस ने अभी तक आरोपियों को नहीं पकड़ा। इतना कहते ही सरपंच ने अपने सिर से दुपट्‌टा उतार कर आगे फेंक दिया। सीएम ने कहा कि मान सम्मान सबके अपने हाथ में है। हमने आपको इज्जत देकर ऊपर बैठाया, इस बात के लिए नहीं बैठाया। इसके बाद सीएम ने भारत माता की जय कहकर कार्यक्रम समाप्त कर दिया। वहीं संतनगर में सीएम ने गांव का पटवार खाना दोबारा से शुरू करने के आदेश दिए। सीडीएलयू में भर्ती प्रकिया की जांच के लिए सीएम ने वीसी की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करके जांच के आदेश दिए है।

    सीएम के जनसंवाद कार्यक्रम में सिरसा में किसान नेताओं और आप वर्करों ने विरोध किया। डबवाली में किसानों पर लाठीचार्ज हुआ और पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। तीसरे दिन रानियां क्षेत्र में बणी, संतनगर और ओटू में जनसंवाद कार्यक्रम है। बणी में महिला सरपंच ने अपने चुनरी सीएम के पैरों में फेंक दी। सिरसा में रविवार को हुए जनसंवाद में सीएम मनोहर लाल लोगों से नशे को खत्म करने के लिए सुझाव मांग रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास कुछ सुझाव हो तो मुझे बताइए। इसी दौरान एक व्यक्ति हंगामा करने लगा। इस पर सीएम मनोहर बोले- ये राजनीति करने वाला है। आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता है। इसकी पिटाई करो और बाहर फेंको।

  • कैंसर का नकली टीका लाखों रुपए में बेचने के मामले में 4 गिरफ्तार

    कैंसर का नकली टीका लाखों रुपए में बेचने के मामले में 4 गिरफ्तार

    हरियाणाः कैंसर के नकली इंजेक्शन बेचने वाले एक अंतर्राष्ट्रीय रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। इस रैकेट के तार देश के कई राज्यों व विदेशों तक जुड़े हैं। हरियाणा के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने इसका खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह अपनी तरह का पहला केस है, जिसमें किसी औषधि नियंत्रक अधिकारी द्वारा नकली दवा के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 3 सप्ताह में इस अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। यह गिरोह कैंसर बीमारी ठीक करने के नाम पर नकली इंजेक्शन की सप्लाई कर रहा था। एक विदेशी नागरिक सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले में आने वाले दिनों में और भी कई गिरफ्तारियां हो सकती हैं। दरअसल, विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ ने 11 अप्रैल को एक एडवाइजरी जारी करके स्पष्ट किया था कि कैंसर की बीमारी के नाम पर मार्केट में नकली इंजेक्शन बेचे जा रहे हैं।

    जांच आगे भी जारी रहेगीः गृह मंत्री अनिल विज 

    डब्ल्यूएचओ ने इंजेक्शन के नाम के साथ इनका निर्माण करने वाली कंपनी के नाम का भी खुलासा किया था। हरियाणा के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने इसको लेकर जानकारी इकट्ठी की। इसके बाद 21 अप्रैल को ट्रैप लगाकर संदीप भुई नाम के एक आदमी को नकली इंजेक्शन एक नकली ग्राहक को ढाई लाख रुपये में बेचते हुए रंगे-हाथ पकड़ा। इस पूरे घटनाक्रम पर प्रकाश डालते हुए बुधवार को यहां मीडिया से रूबरू हुए स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि जांच आगे भी जारी रहेगी। विज ने कहा कि आरोपी संदीप भुई ने खुलासा किया कि वह औखला (दिल्ली) के रहने वाले मोती उर रहमान अंसारी के लिए काम करता है। 28 अप्रैल को अमनदीप चौहान द्वारा मोती उर रहमान अंसारी को गिरफ्तार किया गया। मोती उर रहमान अंसारी द्वारा जानकारी देने पर नई दिल्ली के रमेश नगर में रहने वाले कनिष्क राज कुमार को 9-10 मई की रात को नोएडा के सेक्टर-62 स्थित हार्टलेंट फार्मेसी बिल्डिंग से गिरफ्तार किया।

    जांच अधिकारियों से 15 दिन में जवाब तलब

    एक साल से अधिक समय से लंबित केसों से जुड़े जांच अधिकारियों से विज के निर्देशों पर डीजीपी ने कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इससे जुड़े सवाल पर विज ने कहा कि पिछले एक साल से ज्यादा लगभग 3500 एफआईआर लंबित थी। इनके बारे में जांच अधिकारियों को नोटिस जारी करके 15 दिन में जवाब देने को कहा है। उन्हें यह बताना होगा कि केस दर्ज होने के बाद भी उनमें कार्रवाई क्यों नहीं की गई। जवाब आने के बाद अगली कार्रवाई होगी।

    ठगी के 10 हॉटस्पाट

    100 करोड़ की ठगी से जुड़े मामले पर विज ने कहा कि हरियाणा पुलिस ने बहुत बड़ा काम किया है। इस तरह के पूरे देश में ठगी के 10 हॉटस्पाट हैं, जहां से इस प्रकार की साइबर ठगी होती है। इसी में से एक नूंह था। 5000 पुलिस कर्मियों को लगाकर इन ठगों को पकड़ा है और लगभग 28 हजार केस के तार इससे जुड़े हैं। इस मामले में 65 लोगों को गिरफ्तार किया है और 250 लोगों को गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया है।

    कंपनी ने कहा-यह बैच यूएई व किर्गिस्तान में भी

    विज ने कहा कि 21 अप्रैल को विभाग की ओर से इंजेक्शन बनाने वाली असली कंपनी को ईमेल भेजी। साथ ही, नकली इंजेक्शन का लेबल भी भेजा गया। लेबल पर असली कंपनी का नाम दर्ज था। कंपनी ने ईमेल के जवाब में दो-टूक कहा कि यह इंजेक्शन नकली है। साथ ही, यह भी खुलासा किया कि यह बैच यूनाइटेड अरब अमीरात व किर्गिस्तान देशों में भी पाया गया है। निर्माता कंपनी से नकली इंजेक्शन की पुख्ता जानकारी के बाद गुरुग्राम के औषधि नियंत्रण अधिकारी अमनदीप चौहान ने आरोपी संदीप भुई को गिरफ्तार किया।

    नकली इंजेक्शन की बिक्री का रिकार्ड जब्त

    विज ने बताया कि आरोपी कनिष्क राज कुमार के ठिकाने से नकली इंजेक्शन ‘Defitelio 80 mg/ml’ का बिक्री रिकॉर्ड भी औषधि नियंत्रण अधिकारी द्वारा जब्त किया है। इसमें मोती उर रहमान अंसारी द्वारा नकली इंजेक्शन देने की पुष्टि हुई है। कनिष्क राजकुमार ने पूछताछ में बताया कि एक तुर्की नागरिक मोहम्मद अली तरमानी उसके ऑफिस में जनवरी 2023 से आ रहा है। वह एक नकली इंजेक्शन मोहम्मद अली तरमानी से 1.75 लाख रुपये में खरीदकर 2.50 लाख रूपये में बेचता है। उसने यह भी बताया कि मोहम्मद अली तरमानी इस समय मुंबई के किसी होटल में ठहरा हुआ है। कनिष्क राजकुमार ने मोहम्मद अली तरमानी का मोबाइल नंबर भी औषधि नियंत्रण अधिकारी को बताया। इसके बाद मोहम्मद अली तरमानी का फोन निगरानी पर लगाया गया। इससे पता चला कि वह कोलाबा, मुंबई के एक होटल में रह रहा है। राज्य औषधि नियंत्रक ने इस बारे में मुंबई के जोन-। के डीसीपी हरी बालाजी से बात की। डीसीपी की टीम ने आरोपी मोहम्मद अली तरमानी को गिरफ्तार किया।

  • स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट में पुलिस की रेड, 5 लड़कियां और 2 लड़के काबू

    स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट में पुलिस की रेड, 5 लड़कियां और 2 लड़के काबू

    पानीपत: हरियाणा के पानीपत में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। यहां से पुलिस ने 5 लड़कियों और 2 लड़कों को गिरफ्तार किया। मौके से आपत्तिजनक चीजें भी बरामद हुई हैं। दरअसल, पुलिस को पानीपत के पॉश इलाके अंसल सुशांत सिटी में देह व्यापार की सूचना मिली थी। इस पर टीम कोहिनूर स्पा सेंटर में रेड मारने पहुंची तो भगदड़ मच गई। यहां स्पा सेंटर की आड़ में लड़कियां देह व्यपार का काम कर रही थीं। बताया जा रहा है कि पकड़ी गई लड़कियां 18 से 22 साल की हैं। पुलिस की रेड के दौरान वो चेहरा छिपाती नजर आईं। रेड की सूचना मिलते ही कुछ लड़कियों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

    जानकारी के मुताबिक, अंसल सुशांत सिटी में चल रहे इस स्पा सेंटर में रिसेप्शन पर कस्टमर को सिर्फ स्पा के बारे में बताया जाता था। उनसे वही फीस ली जाती थी। मगर, अंदर जाते ही लड़कियां ग्राहक से रेट तय करती थीं, ताकि किसी को शक न हो। सेक्टर 13 तारा थाना प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि पुलिस को जानकारी है कई और सेंटर्स में देह व्यपार चल रहा है। उन पर भी कार्रवाई होगी। फिलहाल कोहिनूर स्पा सेंटर से 5 लड़कियों ओर 2 लड़कों को पकड़ा गया है।

    हरियाणा के पानीपत में पुलिस ने अंसल स्थित कोहिनूर स्पा सेंटर पर छापेमारी की है। इस दौरान पुलिस ने जिस्मफरोशी का धंधा कर रही 5 लड़कियों और 2 लड़कों को धर दबोचा है। पुलिस ने देह व्यापार कर रहे सभी लड़के और लड़कियों को गिरफ्तार कर आगे की करवाई शुरू कर दी है। पानीपत पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार यहां स्पा सेंटर की आड़ में जिस्मफरोशी का धंधा किया जा रहा था। जब पुलिस ने यहां छपेमारी की तो अदर 5 लड़के और 2 लड़कियां संदिग्ध हालत में मिले।

    पुलिस को कोहिनूर स्पा सेंटर में छापेमारी के दौरान संदिग्ध हालत में मिले लड़के-लड़कियों को हिरासत में लेकर पुछताछ शुरु कर दी है। वहीं पुलिस फिलहाल स्पा सेंटर के मालिक के बारे में जांच जुटाने में लगी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार 2 युवक और 5 युवतियों के खिलाफ मामला दर्ज कर मेडिकल करवाके उन्हें जल्दी कोर्ट में पेश किया जाएगा। बता दें कि पानीपत में कई जगह अवैध रूप से चल रहे स्पा सेंटरों पर पहले भी पुलिस कार्ऱवाई कर चुकी है लेकिन ये आज तक बंद नहीं हुए। अब फिर से स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार की सूचना पाकर पुलिस ने छापेमारी की है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच जुटाने में लगी हुई है कि लड़कियां कहां से है और यहां कब से ये देह व्यापार का धंधा कर रही हैं।

  • चलती बस में खिड़की से घुसी लड़की, लोग हुए हैरान, वीडियो वायरल

    चलती बस में खिड़की से घुसी लड़की, लोग हुए हैरान, वीडियो वायरल

    हरियाणाः चलती बस या फिर ट्रेन में चढ़ने के मामले में भारतीयों का कोई मुकाबला नहीं! हालांकि, ऐसा करना बहुत रिस्की होता है। कभी-कभार लोगों की जान पर बन आती है। पर बहुत सी जनता ट्रेन और बस में ही ट्रेवल करती है। ऐसे में सीट पाने की जद्दोजहद और बस ना छूट जाए, इसलिए बहुत से लोग जैसे-जैसे बस में घुस ही जाते हैं। लेकिन भैया… सोशल मीडिया पर एक युवती का क्लिप खूब देखा जा रहा है। इसमें लड़की कुछ ऐसे बस में चढ़ती नजर आ रही है कि देखने वाले भी दंग रह गए। दरअसल, आपने लोगों को चलती बस में गेट से चढ़ते देखा होगा, पर यह युवती पुराने तरीकों को पीछे छोड़ खिड़की से बस में दाखिल हो गई, जो बहुत ही चौंकाने वाला है।

    इस वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि हरियाणा रोडवेज की बस धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगती है। बस का पिछला और अगला गेट यात्रियों से खचाखच भरा होता है। ऐसे में किसी यात्री का वहां से चढ़ना मुश्किल हो जाता है। इस दौरान एक युवती बस में चढ़ने की कोशिश कर रही होती है। जब उसे जगह नहीं मिलती, तो बस में खिड़की से चढ़ने की कोशिश करती है। कोई बंदा पहले से बस में मौजूद होता है, वह लड़की का हाथ पकड़ उसे बस में खींच लेता है। युवती भी जैसे तैसे अपने पैर उठाती है और झट-पट विंडो के रास्ते बस के अंदर घुस जाती है। उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। जिसे देखकर लोग दंग रह गए।

  • युवती से गैंगरेप कर कुएं में फेंका, 3 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज 

    युवती से गैंगरेप कर कुएं में फेंका, 3 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज 

    पलवलः हरियाणा के पलवल से इंसानियत शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां 3 युवक एक युवती का अपहरण कर जंगल में ले गए और वहां उससे गैंग रेप किया गया। बाद में युवती को कुएं में फेंक कर युवक फरार हो गए। युवती का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने उसे बाहर निकाला। पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत पर एक नामजद सहित 3 के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पलवल महिला थाना प्रभारी सुशीला के अनुसार, हथीन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने दी शिकायत में कहा है कि वह ड्राइवर की नौकरी करता है और अक्सर घर से बाहर रहता है। उसकी बेटी अपने घर से पुराने घर जा रही थी।

    रास्ते से इस्ताक व दो अन्य युवकों ने उसकी बेटी का अपहरण कर लिया। उसकी बेटी ने शोर मचाना चाहा तो उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। युवक उसकी बेटी का अपहरण कर जंगल में ले गए। जंगल में उसके साथ तीनों ने सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया। इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। उसकी बेटी ने उनका विरोध किया तो युवकों ने उसकी बेटी को कुएं में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। कुएं में फेंकते समय उसकी बेटी चिल्लाई तो आस-पास के लोग वहां पहुंच गए और उसकी बेटी को कुएं से बाहर निकाला।

    लेकिन इस दौरान उसकी बेटी बेहोश हो चुकी थी, वह अपनी बेटी को इलाज के लिए अस्पताल ले गया।  होश में आने के बाद उसकी बेटी ने आपबीती पूरी घटना उन्हें बताई। महिला थाना पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत पर इस्ताक सहित 3 युवकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 365, 376डी, 506, 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है। आईओ सुमित्रा का कहना है कि आरोपियों की तलाश में उनकी टीम जुटी हुई है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।