Category: Haryana>Panipat

  • महिला को आया 21 लाख का बिल, ढोल और मिठाई लेकर पहुंचीं बिजली दफ्तर

    महिला को आया 21 लाख का बिल, ढोल और मिठाई लेकर पहुंचीं बिजली दफ्तर

    पानीपत: हरियाणा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आ रहा है जहां एक बुजुर्ग को बिजली विभाग ने 22 लाख रुपये के करीब बिजली भेजा। विरोध में बुजुर्ग महिला ने निगम के दफ्तर के बाहर ढोल बजवाए और मिठाई बांटी। दरअसल, पानीपत में सबडिवीजन बिजली निगम कार्यालय में बिजली बिल ज्यादा आने पर अलग तरह से खुशी मनाई गई। संत नगर की रहने वाली 65 वर्षीय महिला सुमन का 60 गज के घर का बिजली बिल 21 लाख 89 हजार रुपये आया है, जिसके बाद उन्होंने बिजली निगम में ढोल बजवाया और अधिकारियों के लिए मिठाई लेकर पहुंच गई।

    बुजुर्ग महिला सुमन का कहना है कि उसके पास बिल भरने के लिए पैसे नहीं है और वह अब अपना घर बेचने जा रही हैं, जिसकी खुशी में उन्होंने निगम में ढोल बजवाए हैं। सुमन अपने 60 गज के घर में अकेले रहती है और फैक्टरी में मजदूरी का काम करती है। दरअसल साल 2019 में संत नगर की रहने वाली सुमन का बिजली बिल अचानक 12 लाख रुपये आया था, जबकि पिछले महीने उन्होंने सारा बिल भर दिया था। सुमन ने बताया कि 12 लाख रुपये उसके पास नहीं है, जिसके कारण वे बिल नहीं भर पाईं और लगातार ओर इस बिल पर ब्याज लगता जा रहा है।

    जब बिजली बिल में देखा गया तो उसमें 99 हजार रीडिंग आई हुई थी, जबकि 2 किलोवाट मीटर में इतनी रीडिंग साल भर में भी नहीं आ सकती है. महिला का कहना है कि उसके पास आखिरी उपाय केवल घर बेचना है, वह भी शायद इतने रुपये में नहीं बिकेगा कि वह बिल भर लें. सबडिवीजन बिजली निगम के एसडीओ नरेंद्र जागलान का कहना है कि महिला का जो बिजली बिल का कनेक्शन है, वह उनकी डिवीजन के अंदर नहीं आता है, महिला को अपना बिजली बिल ठीक करवाने के लिए किला स्थित डिवीजन पर जाना पड़ेगा और तभी उनका बिजली का बिल ठीक होगा।

  • पंजाब: सड़क हादसे में 2 भाईयों सहित बहन की मौत

    पंजाब: सड़क हादसे में 2 भाईयों सहित बहन की मौत

    पंचकूला: शादी से लौट रहे एक ही परिवार के दो भाई और एक बहन की सड़क हादसे में मौत होने का समाचार मिला है। जानकारी के अनुसार रिश्तेदारी में शादी अटेंड करके बाइक पर लौट रहे ब्लॉक बरवाला के गांव बरेली के तीन लोग बरवाला पावर हाउस के पास एक स्कार्पियो कार की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार दो भाई और एक बहन की मौत हो गई।

    जिन में से एक भाई अभिषेक और बहन अंजली की मौके पर मौत हो गई थी और तीसरे भाई अंकित को पीजीआई रेफर किया गया था, जिसकी आज मौत हो गई। मृतकों के पिता पवन कुमार ने बताया कि ये सभी गांव बरेली के रहने वाले हैं। तीनों एक शादी समारोह से लौट कर अपने घर खटोली जा रहे थे और रास्ते में एक स्कॉर्पियो कार ने तीनों को टक्कर मार दी और आज एक ही परिवार के तीन बच्चों को मोर्चरी हाउस से अंतिम संस्कार के लिए उनके परिवार को सौंप दिया गया।

  • बसों में बदलेगा टिकट काटने का तरीका

    बसों में बदलेगा टिकट काटने का तरीका

    चंडीगढ़ : अब रोडवेज बसों में टिकट काटने का पुराना सिस्टम बंद होने जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रदेशवासियों को हरियाणा रोडवेज में नई टिकटिंग व्यवस्था (ई-टिकटिंग) की सौगात देने जा रही हैं। हरियाणा रोडवेज में ओपन लूप टिकटिंग सिस्टम को लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बन जाएगा। इस नई ई-टिकटिंग व्यवस्था से न केवल यात्रियों को लाभ मिलेगा बल्कि हरियाणा रोडवेज को भी फायदा होगा।

    इस सिस्टम के अन्त्रगत यात्रियों को लगभग 10 लाख नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड जारी किए जाएंगे। इस कार्ड को भविष्य में मेट्रो, बस, ट्रेन आदि के सफर में इस्तेमाल किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में इस टिकटिंग परियोजना को 6 रोडवेज डिपो चंडीगढ़, करनाल, फरीदाबाद, सोनीपत, भिवानी और सिरसा में लागू किया जाएगा। इसी तरह हरियाणा रोडवेज के शेष 18 डिपो में इस परियोजना को जनवरी 2023 के अंत तक लागू कर दिया जाएगा।

  • सरकारी स्कूल की गिरी छत, हादसे में कई बच्चे घायल

    सरकारी स्कूल की गिरी छत, हादसे में कई बच्चे घायल

    करनालः हरियाणा के करनाल में बड़ा हादसा हो गया है। जिले के तिरावड़ी में स्कूल की दीवार गिरने के कारण सात बच्चे घायल हो गए। बच्चों के सिर में टांके आए हैं। जानकारी सामने आई कि स्कूल की छत पर बिठाकर बच्चों को पढ़ाया जा रहा था। हादसा उस दौरान हुआ जब स्कूल की पास वाली गली से नगर कीर्तन निकल रहा था और बच्चे कीर्तन देखने के लिए दीवार के सहारे टिककर खड़े हो गए थे।

    जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करनाल के तरावड़ी में शासकीय संस्कृति प्राथमिक विद्यालय में बच्चे पढ़ने गए थे। स्कूल की छत पर बिठाकर बच्चों को पढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान स्कूल की पास वाली गली से नगर कीर्तन निकला। उत्सुकतावश बच्चे नगर कीर्तन देखने के लिए छत पर मौजूद बाउंड्री से टिककर खड़े हो गए। दीवार पुरानी थी और ज्यादा वजन नहीं झेल सकी, जिससे सभी बच्चे छत से सीधे गली में आ गिरे।

    बच्चों के गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल  स्टाफ और अन्य लोगों ने मिलकर बच्चों को उठाया तो देखा उनके सिर में गंभीर चोट आई है। घायल बच्चों को तुरंत ही सामुदायिक  स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। बच्चों के सिर में घाव होने के कारण उन्हें टांके आए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही घायल बच्चों के परिजन और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी धर्मपाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चों का हाल जाना साथ ही स्कूल पहुंच कर घटना के बारे में भी जानकारी ली है।

    अधिकारियों ने बताया कि स्कूल की छत पर बच्चों की क्लास ली जा रही थी। बच्चे कीर्तन देखने के लिए दीवार के सहारे टिके थे। तभी दीवार गिरने से बच्चे भी नीचे आ गए। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी द्वारा स्कूल स्टाफ को तलब किया गया है।

  • 13 वर्षीय बच्चे ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

    13 वर्षीय बच्चे ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

    पानीपतः हरियाणा के मतलौडा थाना क्षेत्र के गांव भालसी में 13 वर्षीय बच्चे घर में फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। बच्चे ने कमरे में 12 फीट ऊंचाई पर कपड़े से फंदा लगाकर सुसाइड किया है। घटना के बारे में उस वक्त पता लगा, जब उसे तलाशता हुआ 7 वर्षीय छोटा भाई वहां तक पहुंचा। इस दौरान भाई के बारे में उसने मां को बताया। मां ने जब तक उसे फंदे से नीचे उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया। जहां आज उसका पोस्टमार्टम होगा। वहीं, परिजनों के मुताबिक सुसाइड के कारण अज्ञात है।

    जानकारी देते हुए हफिजूल ने बताया कि वह मूल रुप से वेस्ट बंगाल के जिला उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर क्षेत्र का रहने वाला है। उसकी बहन नरगिस, जीजा कौशर अपने बच्चों समेत पानीपत के गांव भालसी में करीब 1 साल से रह रहे हैं। यहां वे एक डाई हाउस फैक्ट्री के बने क्वाटरों में रहते हैं। जीजा कौशर एक सेठ के पास काम करता है।शुक्रवार को कौशर काम पर गया हुआ था। घर पर बहन नरगिस अपने तीनों बच्चों के साथ थी। उसका बड़ा बेटा नाजिम राजा (13) भी वहीं खेल रहा था। वह दोपहर को दूध पीने घर आया और फिर खेलने चला गया था।

    कुछ देर बाद फिर आया और उर्दू की पढ़ाई करने की बात कह कर चला गया। वह बाहर जाकर फिर से अन्य बच्चों के साथ खेलने लगा था। खेलते-खेलते वह काफी देर के लिए संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। जिसे तलाशते हुए 7 वर्षीय छोटा भाई नसीम क्वाटरों के आखिरी कमरे तक पहुंच गया। जहां देखा कि फंदे पर लटका हुआ है। वह दौड़कर मां को बुलाकर लाया। मां ने बेटे को फंदे से नीचे उतारा। उसे डॉक्टर के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की सबसे छोटी बहन 5 वर्षीय कोयल है।

  • दुकानदार से 4 बदमाशों ने मांगी 50 हजार की रंगदारी, न देने पर चलाई गोलियां

    दुकानदार से 4 बदमाशों ने मांगी 50 हजार की रंगदारी, न देने पर चलाई गोलियां

    हिसारः जिले की सर छोटूराम कॉलोनी में एक दुकानदार से चार बदमाशों ने 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। दुकानदार ने रुपये देने से मना कर दिया तो उस पर फायरिंग कर दी। गोली काउंटर पर लगी। हंगामा होने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। अर्बन स्टेट थाना पुलिस ने दुकानदार बलवीर की शिकायत पर दो नामजद समेत चार लोगों पर रंगदारी मांगने, हत्या के प्रयास, मारपीट करने और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। 

    पुलिस को दी गई शिकायत में सर छोटू राम कॉलोनी में रहने वाले बलबीर ने बताया कि उसने घर के अंदर ही दुकान बनाई हुई है। मंगलवार रात करीब नौ बजे दो बाइक पर सवार होकर चार युवक आए। उनमें क्रांति नगर निवासी सूरज व अरमान के अलावा दो अन्य युवक थे। सूरज ने 50 हजार की रंगदारी मांगी और कहा कि रुपये नहीं दिए तो जान से मार देंगे। वे पहले भी रंगदारी मांग चुके हैं।

    बलबीर ने उन्हें रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी दौरान सूरज ने अपनी अवैध पिस्तौल निकाली और जान से मारने की नियत से बलबीर पर गोली चला दी। बलबीर नीचे झुका तो गोली काउंटर में लगी। गोली की आवाज सुनकर बलबीर की पत्नी और बच्चे बाहर आए तो हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की। शोर-शराबा हुआ तो लोग एकत्रित हुए। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • सरकार ने बढ़ाई 10वीं, 12वीं परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि

    सरकार ने बढ़ाई 10वीं, 12वीं परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि

    नई दिल्ली: HBSE Board Exam 2023: हरियाणा बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं परीक्षा के लिए हरियाणा बोर्ड एग्जाम 2023 की रजिस्ट्रेशन तिथि बढ़ा दी है। अब 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा फॉर्म को 28 नवंबर 2022 तक भरा जा सकता है। बोर्ड ने इस संबंध में एक नोटिस अपने आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की है। हरियाणा बोर्ड से अगले साल बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्र बोर्ड की इस नोटिस को आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in से चेक कर सकते हैं। बोर्ड के नोटिस के मुताबिक, “सभी विद्यालयों/गुरुकुलों/विद्यापीठों के प्राचार्यों/प्रधानाध्यापकों/से अनुरोध है कि नियमित/गुरुकुल/विद्यापीठ के विद्यार्थियों के ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया उपरोक्त समय सारिणी के अनुसार पूर्ण हो, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो.” इससे पहले, हरियाणा बोर्ड परीक्षा 2022 के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 21 नवंबर थी।

    कारिक नोटिफिकेशन के मुताबिक कक्षा 10वीं परीक्षा के लिए छात्रों को 850 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा। अंतिम तिथि तक बोर्ड परीक्षा फॉर्म भरने में असफल रहे छात्र विलंब शुल्क के साथ 5 दिसंबर और 12 दिसंबर 2022 तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। 5 दिसंबर तक बोर्ड परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के लिए छात्रों को 1150 रुपये जमा करना होगा। वहीं 12 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन कराने के लिए छात्रों को 1850 रुपये देना होगा।

    हरियाणा बोर्ड की कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा फॉर्म को भरने के लिए छात्रों को 1050 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा। वहीं 5 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 1350 रुपये और 12 दिसबंर 2022 तक 12वीं के परीक्षा फॉर्म को भरने के लिए छात्रों को 2050 रुपये का शुल्क देना होगा। बोर्ड परीक्षा रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा। 

  • DJ की धुन पर महिला सरपंच ने ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस ने लिया एक्शन, देखें वीडियो

    DJ की धुन पर महिला सरपंच ने ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस ने लिया एक्शन, देखें वीडियो

    सिरसा: गांव दड़बा कलां की महिला सरपंच संतोष बेनीवाल चुनाव जीतते ही एक नए विवाद में फंस गई है। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कि वह नाचते हुए पिस्टल से 7 राउंड फायर करती आ रही है। वीडियो में गाना बज रहा है कि मितरां नू शौक हथियारा दा। हाथ में तमंचा लहराते हुए महिला सरपंच का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

    इस वीडियो के वायरल होने पर तूल पकड़ा तो सिरसा एसपी अर्पित जैन ने इसकी जांच करने के आदेश जारी किए। चोपटा थाने में एएसआई सुभाष चंद्र की शिकायत पर आर्म्स एक्ट व आईटी एक्ट का मामला दर्ज हुआ है। हालांकि सरपंच संतोष बेनीवाल ने इस वीडियो को पुराना बताया है और हथियार थाने में जमा होने की बात कही। यह वीडियो दो साल पुराना है। परिवार में एक समारोह का है।

    संतोष बेनीवाल दड़बाकलां के पूर्व विधायक भरत सिंह बेनीवाल के भाई कालू ठेकेदार की पत्नी है। यह गांव अति संवेदनशील है। संतोष बेनीवाल ने भाजपा के टिकट पर दो बार और कांग्रेस की टिकट पर ऐलनाबाद उपचुनाव लड़ चुके पवन बेनीवाल के भाई की पत्नी श्रुति बेनीवाल को चुनाव में हराया है। भरत सिंह बेनीवाल और पूर्व राज्यसभा सांसद विद्या बेनीवाल के परिवारों के बीच सालों पुरानी दुश्मनी है। दोनों परिवारों के सदस्य सरपंची से लेकर विधानसभा चुनावों में एक दूसरे के विरोध में चुनाव लड़ते आ रहे हैं।

  • डबल डेकर बस और ट्रक की भयानक टक्कर, हादसे में 2 की मौत

    डबल डेकर बस और ट्रक की भयानक टक्कर, हादसे में 2 की मौत

    रेवाड़ीः हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव खरखड़ा के समीप एक डबल डेकर बस को गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं आरोपी चालक ट्रक मौके पर ही छोड़कर भाग निकला।

    मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली की एक प्राइवेट डबल डेकर बस सवारियों को भरकर जयपुर के लिए निकली थी। चालक ने गांव खरखड़ा के निकट रात को खाना खाने के लिए बस को रोक दिया। खाना खाने के बाद सभी सवारियां बस में बैठ गई थी। इस दौरान चालक बस को ढाबा से सर्विस लेन पर बैक कर रहा था। इसी दौरान गलत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बस के पिछले हिस्से में सीधी टक्कर मार दी।

    हादसे के बाद मची चीख-पुकार

    ट्रक की टक्कर से बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चीख-पुकार मच गई। सवारियां बस में फंस गई। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश भी की। ट्रक का अगला टायर सर्विस लेन के साथ बने नाले में फंस गया। इसके बाद आरोपी ट्रक को मौके पर ही छोड़ कर भाग निकला। हादसे की सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

    पुलिस ने सवारियों को बाहर निकाला

    पुलिस ने हाईवे से गुजर रहे लोगों की मदद से सवारियों को बाहर निकाला। वहीं हादसे में घायल हुए 5 लोगों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मरने वालों की पहचान राजस्थान के जिला अजमेर के पुष्कर निवासी मुकुल के रूप में हुई है। एक मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

    ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज

    घायलों का ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिए है। परिजनों के आने के बाद दोनों के शव का पोस्टमार्टम होगा। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया है।

  • पूर्व फौजी ने पहले महिला को फिर खुद को मारी गोली

    पूर्व फौजी ने पहले महिला को फिर खुद को मारी गोली

    रोहतकः हरियाणा के रोहतक स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में रविवार सुबह पूर्व फौजी ने एक महिला को गोली मार दी। जिसके कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसके बाद पूर्व फौजी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली लगने के बाद महिला ने खुद पुलिस को फोन किया। सूचना पाकर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

    घटनास्थल से रिवाल्वर भी बरामद हुआ है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पूर्व फौजी ने ऐसा क्यों किया। दोनों के परिवार वालों से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि मामले की तय तक पहुंचा जा सके। पूर्व फौजी पिछले करीब 10 साल से फ्रेंड्स कॉलोनी में रहता था।

    दोनों झज्जर के रहने वाले

    मृतक की पहचान फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी पूर्व फौजी करीब 55 वर्षीय कुलदीप व घायल महिला की पहचान फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी करीब 40 वर्षीय नरेश के रूप में हुई है। दोनों ही मूल रूप से झज्जर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

    गोली लगने के बाद महिला ने किया फोन

    पुलिस के अनुसार घटना रविवार सुबह की है। फोन ने गोली लगने के बाद खुद लड़खड़ाते हुए पुलिस को फोन कर कहा कि उसके घर में फायरिंग हो गई है। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची तो वहां खून से लथपथ पूर्व फौजी कुलदीप व महिला नरेश मिले। कुलदीप की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में भिजवा दिया। वहीं, घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

    आईएमटी थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। कुलदीप की मौत हो चुकी है और महिला नरेश का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लग पाए।