सरकार ने निभाया वादा
कृषि एवं पशुपालन मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों में लोगों को 10 गारंटियां दी थीं, उनमें से अधिकतर को पूरा कर लिया गया है। पुरानी पेंशन बहाली समेत अनेक बड़े एवं ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। वहीं सरकार ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना आरंभ करके पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा भी पूरा कर दिया है। इस योजना में ऊना जिले में 7280 महिलाओं को तीन माह की राशि एक मुश्त जारी करते हुए 3 करोड़ 27 लाख 60 हज़ार रुपये उनके बैंक खातों में डाले जा चुके हैं।
6,000 निराश्रित बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ स्टेट का दर्जा
प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सुखाश्रय विधेयक पारित होने के बाद राज्य के 6,000 निराश्रित बच्चों को अब चिल्ड्रन ऑफ स्टेट का दर्जा मिला है। मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की संवेदनशीलता के चलते हिमाचल प्रदेश इस तरह का कानून बनाने वाला पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि सरकार 27 वर्ष की आयु तक के निराश्रित बच्चों के माता-पिता की भूमिका में रहकर उनकी पढ़ाई का सारा खर्च उठाएगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के बाद मकान बनाने के लिए 3 बिस्वा जमीन भी उपलब्ध करवाएगी।
कृषि एवं पशुपालन मंत्री ने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश के अनेक हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ से बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। ऊना में भी बाढ़ से जान माल की भारी क्षति हुई है। इस आपदा में अनेक बहुमूल्य जानेें चली गईं। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी भयंकर आपदा से प्रदेश को भारी नुकसान झेलना पड़ा था। लेकिन प्रदेश सरकार ने अपने सीमित संसाधनों के बावजूद प्रभावितों के लिए मुआवजे में बढ़ोतरी की। उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए तत्परता से काम किया। इस दुखदाई घड़ी में प्रदेश सरकार सभी प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार सभी प्रभावितों के पुर्नवास के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
ये हुए सम्मानित
इस मौके कृषि मंत्री ने समाज जीवन में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले प्रेरणादायी व्यक्तित्वों और विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास पर बल देने और शिक्षा और कौशल का संबल देने के लिए देहलां स्थित आश्रय संस्थान और प्रेम आश्रम ऊना को सम्मानित किया गया। दोनों संस्थानों को प्रशस्ति पत्र के साथ 21-21 हजार रुपये सम्मान राशि भी प्रदान की गई।
नगर परिषद ऊना के सफाई कर्मचारियों को बेहतर कार्य एवं सेवाभाव के लिए 51 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। ऊना के जरनैल सिंह को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अंडर-19 लड़कों के लिए कोच नियुक्त होने की बड़ी उपलब्धि पर सम्मानित किया गया। वहीं, रामपुर के जतिन्द्र कुमार को सांप पकड़ने के कौशल से लोगों के बहुमूल्य जीवनों की रक्षा में सहायक होने तथा ऊना के कुलबीर सिंह को चाइल्ड हेल्पलाइन ऊना में अपने दायित्वों का पूरी कर्त्तव्य निष्ठा से निर्वहन करने और बहडाला के कुलबंत सिंह को बहडाला स्कूल के पास नदी में डूब रही एक महिला को बचाने के लिए 5100-5100 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा रक्कड़ कालोनी के 65 वर्षीय अजीत सिंह को सिंगापुर में 5 हज़ार, 15 सौ व 800 मीटर दौड़ में तीन रजत पदक जीतने की उपलब्धि के लिए तथा वंशिका ठाकुर को कर्मचारी चयन आयोग संयुक्त स्नातक स्तरीय (एसएससी-सीजीएल) परीक्षा में 385 रैंक हासिल करने तथा मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल अम्ब के प्रधानाचार्य विनोद कुमार को स्कूल को खेलों के साथ-साथ पढ़ाई में आदर्श स्कूल बनाने के लिए सम्मानित किया गया। भटोली के राम कुमार को चित्रों पर सूक्ष्म लेखन शैली की उत्कृष्ट कलाकारी के लिए, ऊना के कार्टूनिस्ट सुनील कुमार को चित्रकला क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
इस मौके कृषि मंत्री ने शैक्षणिक सत्र 2023-24 में स्कूली परीक्षाओं में जिले में अव्वल रहे बच्चों को भी सम्मानित किया। उन्होंने डी.ए.वी वरष्ठि माध्यमिक स्कूल ऊना की अर्शिता को 12वीं में कला संकाय में 490 अंक हासिल कर जिले में प्रथम रहने तथा इसी स्कूल की ईशा ठाकुर को 12वीं कक्षा में वाणिज्य संकाय में 487 अंक प्राप्त कर जिले में अव्वल आने पर सम्मानित किया। बरनोह के ईशान शर्मा को जेईई मेन्स 2024 की परीक्षा उत्तीर्ण कर एनआईटी हमीरपुर में दाखिले पर सम्मानित किया गया। इन सभी को प्रशस्ति पत्र तथा 1100-1100 रुपये के नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
उन्होंने सेंट डी.आर. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल गगरेट की अर्पिता राणा को 12वीं कक्षा में विज्ञान संकाय में 490 अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान प्राप्त करने तथा गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल पक्का परोह अंब के शौर्य भारद्वाज को 10वीं कक्षा में 694 अंक प्राप्त जिले में प्रथम आने पर जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग के निरीक्षक मनोज कुमार, सहायक उप निरीक्षक अमित ठाकुर, हेड कांस्टेबल मोहिंद्र सिंह, ऑनरेरी हेड कांस्टेबल बलविंदर सिंह, कांस्टेबल बलजीत सिंह, महिला कांस्टेबल अनुराधा, राम कुमारी व रीना कुमारी को अपनी डयूटी को पूरी लगन और कर्त्तव्य निष्ठा के साथ करने के लिए सम्मानित किया गया।
उन्होंने कार्यक्रम में मार्च पास्ट तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया। समारोह में सामाजिक संदेश और विकास योजनाओं पर आधारित झांकियां भी निकाली गईं। इनमें मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना, डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, कैच द रेन, तथा कृषि-बागवानी, सामर्थ्य कार्यक्रम और जिला आपदा प्राधिकरण से संबंधित झांकियां शामिल रहीं। इससे पहले, कृषि मंत्री ने एमसी मार्च ऊना में स्थित शहीद स्मारक में माल्यार्पण कर अमर बलिदानियों को नमन किया।
यह रहे उपस्थित
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, ऊना सदर के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, पूर्व गणेश दत्त भरवाल, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रणजीत राणा, प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक ठाकुर तथा देशराज गौतम, कांग्रेस के जिला ओबीसी सेल के चेयरमैन प्रमोद कुमार, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर, एसडीएम ऊना विश्वमोहन देव चौहान सहित अन्य अधिकारी, स्कूलों के बच्चे, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ऊना शहरीवासी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिले में सभी उपमंडल मुख्यालयों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। वहां संबंधित एसडीएम ने कार्यक्रमों की अध्यक्षता की।