Home Breaking News Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर में भगवान वाल्मीकि जी के अवसर पर की बड़ी घोषणा

Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर में भगवान वाल्मीकि जी के अवसर पर की बड़ी घोषणा

0
Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर में भगवान वाल्मीकि जी के अवसर पर की बड़ी घोषणा
  • जालंधर में शोभा यात्रा में की शिरकत, राज्यभर में सफाई कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने की योजना का किया ऐलान
जालंधर, 17 अक्टूबर, 2024: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को भगवान वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और उनके आदर्शों पर चलकर प्रगतिशील और समृद्ध पंजाब के निर्माण का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने जालंधर में आयोजित शोभा यात्रा में भाग लिया और कहा कि भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाएं आज के समाज के लिए बेहद प्रासंगिक हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान वाल्मीकि जी संस्कृत भाषा के आदि कवि और प्रथम महाकाव्यकार थे, जिन्होंने अपनी कालजयी रचना ‘रामायण’ के माध्यम से अच्छाई पर बुराई की विजय का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रामायण सदियों से नैतिक और अनुशासित जीवन जीने का मार्गदर्शन करती आई है और आज के भौतिकवादी समाज में यह और भी अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाएं समानता, नैतिकता और आदर्श राज्य की अवधारणा पर आधारित हैं। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे भगवान वाल्मीकि जी के दिखाए मार्ग पर चलें और समाज में भाईचारे, शांति और सद्भावना को बढ़ावा दें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब को समृद्ध और प्रगतिशील बनाने के लिए हमें इन उच्च आदर्शों को अपनाने की जरूरत है।

सफाई कर्मचारियों की सेवाएं होंगी नियमित

मुख्यमंत्री ने शोभा यात्रा के दौरान घोषणा की कि राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने के लिए नीति बना रही है। उन्होंने बताया कि इस उद्देश्य के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है, जो सभी हितधारकों से परामर्श कर एक व्यावहारिक समाधान तैयार करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार समाज के हर तबके के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

भगवान वाल्मीकि जी की धरोहर का संरक्षण जरूरी

भगवंत सिंह मान ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी के आदर्शों और शिक्षाओं को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित करना राज्य सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्र जो अपनी सांस्कृतिक धरोहर और अतीत को भूल जाते हैं, वे समय के साथ विलुप्त हो जाते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि भगवान वाल्मीकि जी ने लव और कुश को पंजाब की धरती पर अपने आश्रम में शिक्षा दी, जो इस राज्य के लिए गर्व की बात है। भगवंत सिंह मान ने लोगों से अपील की कि वे भगवान वाल्मीकि जी के प्रकट उत्सव को भाईचारे, सौहार्द्र और शांति की भावना के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि इस शोभा यात्रा में शामिल होना उनके लिए जीवनभर का सौभाग्य है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार भगवान वाल्मीकि जी के जीवन और दर्शन को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here