Home National वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही लोकगायिका Sharda Sinha, PM मोदी ने की बेटे से बात

वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही लोकगायिका Sharda Sinha, PM मोदी ने की बेटे से बात

0
वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही लोकगायिका Sharda Sinha, PM मोदी ने की बेटे से बात

बेटे ने रिलीज किया मां का नया छठ गीत

नई दिल्लीः पद्म श्री और पद्मभूषण से सम्मानित लोकगायिका शारदा सिन्हा की हालत नाजुक बनी हुई है। वो पिछले 10 दिनों से दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में एडमिट हैं और अब उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट करना पड़ा है। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने बेटे से फोन पर बात करके शारदा सिन्हा का हाल जाना। वो साल 2017 से Multiple Myeloma (एक प्रकार का बोन मैरो कैंसर) से पीड़ित हैं। हर कोई उनकी सलामती के लिए दुआ मांग रहा है, इस बीच उनके बेटे ने उनका नया छठ गीत रिलीज कर दिया है। शारदा सिन्हा अपने छठ गानों के लिए जानी जाती हैं। उनकी आवाज का जादू ऐसा है कि फैंस कहते हैं कि उनके गानों के बिना छठ अधूरा है। इस महापर्व पर उनके गाए हुए छठ गाने हर जगह सुने और बजाए जाते हैं। उनके नए गाने का वीडियो अंशुमान सिन्हा ने रिलीज किया है। तबीयत खराब होने से पहले शारदा ने इस गाने को रेकॉर्ड कर लिया था, लेकिन इसका वीडियो शूट नहीं हो पाया। ऐसे में उनके बेटे ने इसे एडिट करके वीडियो रिलीज किया है। 72 साल की शारदा सिन्हा के बेटे ने कैप्शन में लिखा, ‘इस बीच जबकि मां की स्वास्थ्य संबंधी लड़ाई जारी है, मै एक छोटा सा प्रयास कर मां के नए छठ गीत ‘दुखवा मिटाईं छठी मईया’ का एक वीडियो भी पोस्ट कर रहा हूं। ऑडियो रिलीज के पश्चात Aiims हॉस्पिटल के परिसर में ही अपने लैपटॉप और मोबाइल डेटा की मदद से मां की पुरानी सुंदर स्मृतियों के एक गुच्छे को छठ महापर्व की मनोरम छटा के साथ समागम कर इस वीडियो का निर्माण मैने किया है।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘आशा करता हूं आप सब मुझे अपना आशीर्वाद जरूर देंगे। आग्रह यही है कि वीडियो देख कर अगर किसी की उंगली या हाथ उठे तो वो बस मां के लिए दुआ में उठे, उनके पुनः जीवंत होने की प्रार्थना में उठे। इस अकस्मात प्रोजेक्ट के मेरे अनन्य बंधुओं का मैं हृदय से आभार प्रकट करता हूं जिनकी बदौलत यह संभव हो पाया जैसे।’ एक तरफ छठ त्योहार की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं तो दूसरी तरफ हर कोई शारदा सिन्हा की सलामती की दुआ मांग रहा है। एक फैन ने लिखा, ‘हे छठी मैया, हम्मर सबके बिहार के शान शारदा सिन्हा जी को जल्दी स्वस्थ का दियो।’ दूसरे ने लिखा, ‘छठी मैया से यही प्रार्थना है कि जल्द से जल्द शारदा सिन्हा जी को स्वस्थ कर दें, ताकि इस बार भी छठ पूजा बिना किसी उदासी के साथ मना सकें।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here