मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में खुलेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। बदमाश हर दिन किसी न किसी को निशाना बना रहे हैं। मुरादाबाद में दिनदहाड़े स्कूल प्रिंसीपल को बाइक सवार बदमाशों ने सिर में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, प्रिंसीपल शबाबुल भाजपा के महानगर मंत्री शम्मी भटनागर के स्कूल में पदभार संभालते थे। मंगलवार को रोज की तरह प्रिंसीपल शबाबुल पैदल स्कूल जा रहे थे। स्कूल से महज 50 मीटर की दूरी पर 2 बदमाश बाइक पर आए और प्रिंसीपल को गोली मार दी। सिर में गोली लगते ही प्रिंसीपल मुंह के बल जमीन पर गिर गए और बदमाश फरार हो गए। घटना का खोफनाक वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना मंगलवार सुबह 9 बजे की है। घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी से हमलावरों की तलाश में जुटी है।