बारातियों की Car अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, Air Force जवान समेत 4 की मौत

Written by

in

कौशांबीः जिले में एयरफोर्स जवान समेत 4 लोगों की सड़क हादसे में मौत होने का मामला सामने आया है। सभी अर्टिगा कार से बारात से लौट रहे थे, तभी सामने से एक गाड़ी आ गई और उसे बचाने के चक्कर में कार पेड़ से टकराकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद घायल करीब 30 मिनट तक कार में तड़पते रहे। बाद में राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से कार को बाहर निकलवाया। इसके बाद कार का दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि कार ड्राइवर की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि एयरफोर्स का जवान दूल्हे का दोस्त था। हादसा रविवार सुबह साढ़े 3 बजे पिपरी थाना क्षेत्र में हुआ।

जानकारी देते हुए पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के पूरामुफ्ती गांव के बुधराम सिंह की शनिवार को शादी थी। उनकी बारात पिपरी थाना क्षेत्र के पटेल नगर दरियापुर गांव गई थी। बारात में खाना खाने के बाद अर्टिगा कार सवार 5 लोग लौट रहे थे। सुबह साढ़े 3 बजे जैसे ही कार पिपरी थाना क्षेत्र में गुंगवा का बाग के पास पहुंची, तभी सामने से एक डंपर आ गया। उसे बचाने के चक्कर में कार बेकाबू होकर सड़क किनारे जामुन के पेड़ से टकरा गई। इसके बाद खाई में पलट गई। चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके पर जुट गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद पुलिस जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची और कार को बाहर निकलवाया। मृतकों की पहचान बलिया निवासी एयरफोर्स जवान विकास कुमार, कौशांबी के पूरामुफ्ती निवासी सुनील पटेल (35), रवि कुमार पटेल (38), और चंद बदन (36) के रूप में हुई है। कोटवा थाना क्षेत्र निवासी कार चालक अमित कुमार (30) गंभीर रूप से घायल हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *