ट्रक ने तीन वाहनों को मारी टक्कर, हादसे में एक की मौत, चालक को लोगों ने पकड़ा

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के अंतर्गत आते मैहतपुर में तेज़ रफ़्तार ट्रक ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ने मौके से भागने की कोशिश की परंतु लोगों ने उसे पकड़ लिया। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में मनमोहन सिंह(40) निवासी जखेडा ने बताया कि वह रात करीब नौ बजे शराब के ठेके से कैश इकट्ठा कर पिकअप गाड़ी से घर लौट रहा था, इसी दौरान ऊना की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक संख्या (एचपी 72 डी-0673) ने उसकी पिकअप गाड़ी संख्या (एचपी 64-5395)को पीछे से जोरदार टक्कर मारी और करीब 30-40 फीट तक नंगल की ओर घसीटते हुए ले गया। इस टक्कर से पास में खड़ी एक स्कूटी व एक बाइक भी चपेट में आ गईं और एक दुकान में घुस गई। इस हादसे में दुकान के बाहर खड़े राकेश कुमार दीवार और गाड़ी के बीच में दब गए और स्थानीय लोगों की मदद से उनको बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला और उपचार के लिए ऊना के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान गांव वनगढ प्रधान राकेश कुमार की मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मैहतपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं स्थानीय लोगों ने भागते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, टीम ने घटनास्थल की जांच की और मनमोहन सिंह के बयान के आधार पर आरोपी ट्रक चालक किशन कुमार के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने मामले को लेकर ट्रक चालक किशन कुमार पुत्र गुलवंत सिंह निवासी गांव नैहरी, नैहरियां, अम्ब के विरुद्ध थाना मैहतपुर में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *