खेत में कुएं से मोटर निकालने उतरे पिता-पुत्र, कीचड़ में फंसने से मौत

Written by

in

डीगः मोटर को निकालने के लिए कुएं में उतरे एक पिता और उसके बेटे की कीचड़ में धंसकर मौत होने का मामला सामने आया है जिन्हें 2 घंटे बाद बाहर निकाला जा सका। घटना के तुरंत बाद ढाई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। स्थानीय लोगों व प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। हादसा डीग में गुरुवार सुबह 7:30 बजे कामा गेट क्षेत्र के बरई रोड स्थित एक खेत में सामने आया है।

जानकारी मुताबिक, डीग शहर के धर्मसिंह (55) और उनका बेटा बंटी (23), गुरुवार सुबह 7 बजे बरई रोड स्थित हुकम सैनी के खेत में पहुंचे थे। उन्हें खेत में लगी कुएं की मोटर निकालने के लिए बुलाया गया था। पिता-पुत्र रस्सी के सहारे कुएं में उतरे, लेकिन नीचे कीचड़ अधिक था। लगभग 7:30 बजे धर्मसिंह कुएं के अंदर फिसलकर कीचड़ में फंस गया। धर्मसिंह के कीचड़ में फंसने पर उनका बेटा बंटी चिल्लाया और तुरंत अपने पिता को बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह खुद भी कीचड़ में धंस गया। घटनास्थल पर मौजूद खेत मालिक हुकम सैनी भी यह सब देखकर घबरा गया और लोगों को बुलाने दौड़े। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रस्सियों व औजारों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया।

करीब 8 बजे धर्मसिंह की शर्ट एक हुक में फंस गई, जिससे ग्रामीणों ने उसे ऊपर खींच लिया। मौके पर मौजूद पुलिस व डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उन्हें एंबुलेंस से डीग के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बंटी को बाहर निकालने के लिए नगर परिषद की टीम, भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीन मौके पर तैनात की गई। लेकिन बंटी केवल अंडरवियर में था, जिससे रेस्क्यू में काफी कठिनाई आई, क्योंकि उसका शरीर हुक में नहीं अटक पा रहा था। अंततः करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया और डीग अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर गजेंद्र पाल सिंह ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा यह परिवार अब इस हादसे के बाद गहरे शोक में डूब गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी मदद की मांग की है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *