Home National भीषण सड़क हादसे में पूर्व गृह मंत्री की बेटी सहित 3 की मौत

भीषण सड़क हादसे में पूर्व गृह मंत्री की बेटी सहित 3 की मौत

0
भीषण सड़क हादसे में पूर्व गृह मंत्री की बेटी सहित 3 की मौत

कार को काटकर शवों को निकाला बाहर

इंदौर : शहर के बाईपास पर रालामंडल के नजदीक तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां तेज रफ्तार कार, ट्रक में घुस गई। इस भीषण हादसे में 2 युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हुई है। पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी सहित 3 लोगों की मौत हो गई है। इस पूरे ही घटनाक्रम में प्रारंभिक तौर पर यह बताया जा रहा है कि सभी जन्मदिन मना कर अल सुबह लौट रहे थे। इस दौरान सुबह 5.15 पर अनियंत्रित कार एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी की पूरी कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार प्रखर, मनु संधू और पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक युवती अनुष्का राठी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसा इतना भीषण था कि सभी मृतकों के शव कार में बुरी तरह से फंस गए थे, जिन्हें क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि तेजाजी नगर थाना क्षेत्र से देर रात पार्टी कर प्रखर कासलीवाल, मनु संधू अपनी महिला मित्र प्रेरणा बच्चन और अनुष्का राठी के साथ वापिस लौट रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार टाटा नेक्सन सड़क पर एक ट्रक में जा घुसी। पुलिस के मुताबिक प्रखर का जन्मदिन होने के चलते सभी कार से बर्थडे सेलीब्रेट करने महू गए थे और वहीं से वापिस लौटते वक्त ये हादसा हो गया। वापसी के दौरान कार जैसे ही रालामंडल से निकलकर बाईपास के ओर आई तो दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस के अनुसार, हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी की कवायद शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here