प्रदेश के 117 स्कूल शामिल, ऊना के भी करीब एक दर्जन स्कूलों में लागू होगा पाठ्यक्रम
उपमुख्यमंत्री शनिवार को ऊना जिले के अंब उपमंडल के धुसाड़ा स्थित केवी इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अकादमिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उपमुख्यमंत्री ने अपनी ऐच्छिक निधि से 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।
बच्चों के विकास में शिक्षक सबसे महत्वपूर्ण कड़ी
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बच्चे के जीवन में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि शिक्षकों द्वारा तराशे गए बच्चे ही आगे चलकर देश-दुनिया का नेतृत्व करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों के वार्षिक कार्यक्रमों में अवश्य शामिल हों तथा बच्चों के लिए समय निकालें। साथ ही विद्यालय प्रबंधन से भी आग्रह किया कि आमंत्रण पत्र में दोनों माता-पिता को आमंत्रित करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे बच्चों की पढ़ाई एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उनके प्रदर्शन को देख सकें। उपमुख्यमंत्री ने अपने स्कूल जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उस दौर में अध्यापकों का सम्मान बहुत ऊंचा होता था। उन्होंने आज भी अध्यापकों का सम्मान करने पर बल देते हुए कहा कि अभिभावकों को छोटी-छोटी बातों पर शिक्षकों से नहीं उलझना चाहिए। शिक्षक बच्चों के हित के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं।