Home Himachal>Una कुठार कलां में ग्रामीणों ने विधायक सत्ती को बताई समस्याएं

कुठार कलां में ग्रामीणों ने विधायक सत्ती को बताई समस्याएं

0
कुठार कलां में ग्रामीणों ने विधायक सत्ती को बताई समस्याएं

विधायक बोले विधानसभा में भी उठाऊंगा मुद्दा

ऊना/सुशील पंडित: ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के गांव कुठार कलां में ग्रामीणों के साथ बैठक कर संवाद स्थापित किया। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में विकास कार्य पूरी तरह ठप होने को लेकर कड़ा रोष जताया और अपनी विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी ग्राम पंचायत को बिना ग्रामीणों की सहमति के नगर निगम में शामिल कर दिया गया, जिसके बाद से विकास कार्यों पर पूरी तरह ब्रेक लग गई है। नगर निगम में शामिल होने के बावजूद न तो मूलभूत सुविधाएं मिल पा रही हैं और न ही पहले की तरह पंचायत स्तर पर विकास कार्य हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नगर निगम में शामिल होने के बाद सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ लेने वाले पात्र लोगों के समक्ष भी संकट खड़ा हो गया है। कई बुजुर्ग और जरूरतमंद पेंशन से वंचित हो रहे हैं, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो रहा है। बैठक में संतोषगढ़ रोड पर रामपुर स्थित क्षतिग्रस्त पुल का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला यह पुल पिछले ढाई वर्षों से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसका निर्माण नहीं हो पाया है। बरसात के मौसम में पुल बंद होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई बार इस समस्या को अधिकारियों और सरकार के प्रतिनिधियों के समक्ष उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के हालात दिन-ब-दिन जटिल होते जा रहे हैं और शासन-प्रशासन उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहा है।

इस पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इन सभी मुद्दों को वह विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वह हर समय जनता के साथ खड़े हैं और यदि जरूरत पड़ी तो समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को साथ लेकर धरना-प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here