Home National कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

0
कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

गोरखपुर: शहर के राजघाट थाना क्षेत्र के रायगंज स्थित घंटाघर मार्केट में मंगलवार की रात एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटें दुकान के ऊपर बने मकान तक पहुंच गईं, जिससे घर में मौजूद परिवार के लोग घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार रायगंज इलाके में ‘निष्ठा ट्रेडर्स’ नाम से कपड़ों की दुकान है, जहां चुनरी, गमछा और हैंडलूम के कपड़े थोक दरों पर बेचे जाते हैं। दुकान मालिक ने ग्राउंड फ्लोर पर दुकान और गोदाम बना रखा है, जबकि प्रथम और द्वितीय तल पर अपने परिवार के साथ रहते हैं। अचानक दुकान के अंदर आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊपर बने मकान तक पहुंच गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की। फायर स्टेशन गोलघर से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायर ब्रिगेड के जवानों ने पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू कर दिया और मकान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया।

दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रखी। घटना के दौरान आसपास के मकानों और दुकानों में रहने वाले लोग भी घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। पूरे इलाके में धुआं फैलने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोग भी फायर ब्रिगेड की टीम की मदद करते हुए दिखाई दिए और आसपास की दुकानों को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। फिलहाल दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। आग से दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामान को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here