Home National Petrol ना मिलने पर बुलेट छोड़कर घोड़े से Bank पहुंचा कर्मचारी, देखें वीडियो

Petrol ना मिलने पर बुलेट छोड़कर घोड़े से Bank पहुंचा कर्मचारी, देखें वीडियो

0
Petrol ना मिलने पर बुलेट छोड़कर घोड़े से Bank पहुंचा कर्मचारी, देखें वीडियो

देवास: प्रदेशभर में पेट्रोल-डीजल को लेकर उड़ी अफवाहों के चलते कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। फुल टैंक कराने की होड़ में कई पेट्रोल पंप पर भारी जाम लग रहा है, तो कहीं हड़बड़ी में ग्राहकों द्वारा ज्यादा पेट्रोल भरवाने के चलते पेट्रोल पंप आउट ऑफ स्टॉक हो गए। वहीं मध्य प्रदेश के देवास शहर में चल रहे पेट्रोल संकट के बीच एक युवक का अनोखा वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें बैंक कर्मी घोड़े पर सवार होकर अपने ऑफिस पहुंचा। मिली जानकारी के अनुसार बैंककर्मी बुलेट में पेट्रोल डलवाने पेट्रोल पंप पहुंचा, लेकिन जब उसे पेट्रोल नहीं मिला तो देसी अंदाज में घोड़े पर सवार होकर दफ्तर पहुंच गया।

मामले की जानकारी देते हुए राधागंज निवासी निजी बैंककर्मी गोपाल ठाकुर ने बताया कि पेट्रोल ना मिलने के कारण वह घोड़े पर सवार होकर बैंक पहुंचे। बुलेट के लिए गोपाल ठाकुर ने पेट्रोल को लेकर काफी मशक्त की, लेकिन जब पेट्रोल नहीं मिला तो उन्होंने अपना घोड़ा निकाला और उसी पर सवार होकर 3 किलोमीटर का सफर तय करते हुए बैंक पहुंचे। बैंककर्मी गोपाल ने बताया, ” जवाहर नगर स्थित ब्रांच में समय पर डिजिटल अटेंडेंस पंच करना थी, लेकिन बुलेट में पेट्रोल कम था और पंपों पर भारी भीड़ थी, इसलिए सोचा कि घोड़ा ही निकाल लूं। इमरजेंसी में घोड़े ने बुलेट से पहले मुझे ऑफिस पहुंचा दिया और एबसेंट लगने से बच गई।” घोड़े पर सवार होकर जब बैंक कर्मी गोपाल जब बैंक पहुंचे तो कई लोग उनका वीडियो बनाने लगे।

बताया जा रहा है कि देवास में लोग पेट्रोल की किल्लत से परेशान हैं। बीते दिन 24 मार्च को 3 पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद हो गए थे। मेंड़की रोड स्थित पेट्रोल पंप पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी थी। लोगों को आधे से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा था। इंदौर, देवास, उज्जैन, बुरहानपुर के बाद सागर में भी पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाह उड़ी, जिसके बाद लोगों की भारी भीड़ पेट्रोल पंपों पर जमा हो गई। सागर जिले के बीना और खुरई में पेट्रोल पंपों पर स्टॉक को लेकर फैली अफवाहों के चलते बीती रात अचानक से भीड़ उमड़ पड़ी। कई पेट्रोल पंपों पर देर रात तक लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली। कई लोग पेट्रोल और डीजल का स्टॉक रखने के लिए टंकियां लेकर पहुंचे। कई पेट्रोल पंपों पर विवाद की स्थिति भी बनी। जिसको लेकर पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here