Home National अनियंत्रित School Bus ने बाइक सवार Headmaster को मारी टक्कर, मौत, बच्चों में मची चीख पुकार

अनियंत्रित School Bus ने बाइक सवार Headmaster को मारी टक्कर, मौत, बच्चों में मची चीख पुकार

0
अनियंत्रित School Bus ने बाइक सवार Headmaster को मारी टक्कर, मौत, बच्चों में मची चीख पुकार

हिंडौनः बयाना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास भयानक सड़क हादसे का मामला सामने आया है जहां, एक प्राइवेट स्कूल बस पहले बिजली के पोल से टकराई, फिर बाइक सवार हेडमास्टर को टक्कर मारकर पलट गई। गंभीर चोट लगने के कारण हेडमास्टर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्कूल से करीब एक किलोमीटर पहले हेडमास्टर दुर्घटना के शिकार हुए। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी देते सूरौठ थाना के एएसआई मुरारी लाल ने बताया कि हादसा बुधवार सुबह करीब 7:50 बजे करौली के सूरौठ के बयाना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। सूरौठ की इंदिरा गांधी स्कूल की बस धंधावली से बच्चों को लेकर सूरौठ की तरफ जा रही थी। राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल धंधावली के हेडमास्टर भूरी सिंह मीना (58) अपनी बाइक से स्कूल की ओर जा रहे थे। वह भुकरावली के रहने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूल बस अचानक बिजली के पोल से टकराई और बाद में सामने से आ रहे हेडमास्टर की बाइक को टक्कर मार दी और सड़क किनारे पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और भूरी सिंह दूर जा गिरे। उनके हाथ-पैर और सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के समय बस में 10 से 12 बच्चे थे। मौके पर आसपास के लोग दौड़े। बस में फंसे बच्चों को फौरन बाहर निकालना शुरू किया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार बच्चों को मामूली खरोंचें ही आईं, कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। सूरौठ थाना पुलिस ने शव को हिंडौन जिला अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया और दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लिया। हादसे के बाद ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here