ऊना,( 20 अप्रैल) सुशील पंडित: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज (सोमवार) को श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के अंतर्गत जल शक्ति विभाग द्वारा निर्मित लगभग 12 करोड़ रुपये लागत की दो महत्वपूर्ण उठाऊ पेयजल योजनाओं का विधिवत लोकार्पण किया। इनमें उठाऊ पेयजल योजना कोहाड़छन्न तथा उठाऊ पेयजल योजना अरनवाल गुरेट शामिल हैं।
इन योजनाओं से चौआर, भगड़ाह, लोहारा अप्पर, अंब टीला तथा चौआर पंचायतों की करीब 5000 आबादी को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।
उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी दिशा में जल शक्ति विभाग के माध्यम से हर घर जल योजना को सशक्त किया जा रहा है तथा किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रयास तेज किए गए हैं।