Home Government News>Haryana Govt J.C Boss विश्वविद्यालय में “ग्राम पंचायत छात्रवृत्ति योजना” का हुआ शुभारंभ

J.C Boss विश्वविद्यालय में “ग्राम पंचायत छात्रवृत्ति योजना” का हुआ शुभारंभ

0
J.C Boss विश्वविद्यालय में “ग्राम पंचायत छात्रवृत्ति योजना” का हुआ शुभारंभ
चंडीगढ़- जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आयोजित “सरपंच और प्राचार्य बैठक” के दौरान ग्राम पंचायत छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, विद्यालय प्रधानाचार्य, शिक्षाविद और गणमान्य अतिथि शामिल हुए। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत सीसीएसडी के प्राचार्य प्रो. संजीव गोयल के स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने कौशल आधारित शिक्षा, इंटर्नशिप, आरपीएल और रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों की जानकारी दी।

अपने संबोधन में कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत छात्रवृत्ति योजना ग्रामीण युवाओं को शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता से जोड़ने का मजबूत माध्यम बनेगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के उद्योग आधारित पाठ्यक्रमों और पूर्व अर्जित कौशल की मान्यता (RPL) कार्यक्रम को उद्योग जगत से व्यापक सराहना मिल रही है और कई उद्योग संस्थान ऐसे पाठ्यक्रम शुरू करने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आर्थिक कारणों से कोई भी इच्छुक विद्यार्थी कौशल शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा।

इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस माफी का लाभ दिया जाएगा। पात्रता के लिए ग्राम पंचायत सरपंच की अनुशंसा, हरियाणा सरकार का ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र (PPP) और वार्षिक आय 8 लाख रुपये से कम होना अनिवार्य है। साथ ही, सीसीएसडी के प्रत्येक बी.वोक., पीजी डिप्लोमा और डिप्लोमा पाठ्यक्रम में 5-5 सीटें इस योजना के लिए निर्धारित की गई हैं, जो ग्रामीण प्रतिभाओं को उच्च शिक्षा और कौशल विकास से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here