मामले की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा बल के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें किसी राहगीर ने सूचना दी कि भट्टियां गांव फिलौर के पास, जीओ पंप के सामने एक हादसा हुआ है। मौके पर पहुंचकर टीम ने देखा कि एक वैगनआर गाड़ी में चालक समेत कुल 5 व्यक्ति सवार थे, जिनमें चालक प्रदीप भाटिया उसकी पत्नी, बेटा और 2 बेटियां सवार थे। इस घटना में मां-बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। जानकारी के दौरान पता चला कि यह गाड़ी किसी अज्ञात आगे जा रहे वाहन से टकरा गई, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। एसएसएफ टीम को सूचित किए जाने से पहले राहगीरों ने अपनी निजी गाड़ी से जख्मी लोगों को किसी निजी अस्पताल में दाखिल कराया। मौके पर क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से साइड पर हटाया गया और उनके वारिसों को सूचित किया गया। घटना स्थल पर कार मालिक मौके पर पहुंच गए और हादसे में घायल मां-बेटी की की हालत गंभीर बताई जा रही है।