दुकान मालिक राकेश वर्मा अपनी बड़ी बेटी की 29 अप्रैल को होने वाली सगाई के निमंत्रण कार्ड बांटने रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। इस दौरान छोटी बेटी अमृता अकेली दुकान संभाल रही थी। दो युवक गहने दिखाने का बहाना बनाकर अंदर आए। जैसे ही अमृता ने झुमके निकालकर दिखाए, एक बदमाश ने झपट्टा मारा और भागने लगा। अमृता ने पल भर में समझते ही जोर-जोर से चीखना शुरू कर दिया और बदमाश के पीछे दौड़ पड़ी। अमृता ने एक आरोपी को पीछे से पकड़कर जमीन पर पटक दिया। बदमाश छूटने की कोशिश में झटका देकर भागा, इस दौरान अमृता के हाथ में चोट भी आई, लेकिन उसने हार नहीं मानी। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दूसरा साथी पहले से ही सरया सब्जी मंडी के पास, थाने के बगल में बाइक पर तैयार खड़ा था। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। स्थानीय लोग अमृता की बहादुरी की तारीफ कर रहे हैं, लेकिन साथ ही नाराजगी भी जता रहे हैं कि मौके पर कई लोग मौजूद थे, फिर भी कोई बदमाशों को पकड़ने आगे नहीं आया। एक नाबालिग लड़की ने जो साहस दिखाया, वह आज के समय में कम ही देखने को मिलता है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर तुरंत मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान और तलाश तेज कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।View this post on Instagram