Home Himachal>Una मोदी सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर पहली बार मिला बंगाल में सत्ता का जनादेश: भुट्टो

मोदी सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर पहली बार मिला बंगाल में सत्ता का जनादेश: भुट्टो

0
मोदी सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर पहली बार मिला बंगाल में सत्ता का जनादेश: भुट्टो

बंगाल,असम,पांडिचेरी में भाजपा प्रचंड बहुमत से बन रही सरकार,डेढ़ वर्ष बाद हिमाचल में भी बनेगी डबल इंजन की भाजपा सरकार

ऊना/सुशील पंडित : कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने पश्चिम बंगाल, असम और पांडिचेरी में भाजपा को मिली बड़ी जीत पर खुशी जाहिर करते हुए इसे प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और “गारंटी” का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ देश के हर वर्ग तक पहुंचा है, जिसका असर अब चुनावी परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता लंबे समय से बदलाव चाहती थी और वहां की मौजूदा सरकार से नाराज़गी लगातार बढ़ रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल राज्य में गुंडाराज और भ्रष्टाचार का माहौल बना हुआ था, जिससे आम जनता परेशान थी। ऐसे में लोगों ने भाजपा को एक मजबूत विकल्प के रूप में चुना और बदलाव के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक नहीं बल्कि जनता के विश्वास की जीत है। केंद्र सरकार की योजनाएं जैसे गरीब कल्याण,किसान हित और बुनियादी ढांचे के विकास ने लोगों का भरोसा मजबूत किया है। दविंदर भुट्टो ने यह भी कहा कि भाजपा ने चुनावों में विकास, पारदर्शिता और सुशासन को मुद्दा बनाया, जिसे जनता ने स्वीकार किया। बंगाल में भाजपा की जीत से यह संदेश गया है कि अब देश की राजनीति विकास और प्रदर्शन के आधार पर तय होगी। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल वादों से संतुष्ट नहीं है, बल्कि जमीन पर काम देखना चाहती है, और भाजपा ने यह साबित किया है कि वह काम करने वाली सरकार है।

पूर्व विधायक भुट्टो ने अपने बयान में हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार से जनता निराश और दुखी है, सरकार न तो विकास के मोर्चे पर सफल रही है और न ही लोगों की समस्याओं का समाधान कर पाई है। भुट्टो ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक कमजोरी के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय किए गए वादे पूरे नहीं हुए हैं और सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह अन्य राज्यों में जनता ने भाजपा को समर्थन देकर बदलाव लाया है, उसी तरह हिमाचल प्रदेश में भी जल्द राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकेगी और भाजपा को सत्ता में लाएगी। भाजपा नेता ने डबल इंजन सरकार की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि जब केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होती है तो विकास की गति तेज हो जाती है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल में भाजपा की सरकार बनने पर विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी और प्रदेश को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं और आने वाले चुनावों के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि देश और प्रदेश का समग्र विकास करना है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here