एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बीमार बच्चों के पहुंचने से स्वास्थ्य केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और भीड़ जमा हो गई। डॉक्टरों की टीम लगातार बच्चों की जांच और उपचार में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि एक बच्चे की थाली में सांप का मरा हुआ बच्चा मिला था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी बच्चे अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। 5वीं कक्षा के छात्र रोहित कुमार ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे स्कूल में भोजन में चावल-दाल दिया गया था। इसे खाने के कुछ ही देर बाद तबीयत खराब होने लगी। पेट में तेज दर्द के साथ उल्टी और चक्कर आने लगे। वहीं, सातवीं कक्षा की छात्रा शिवानी ने भी बताया कि भोजन के तुरंत बाद एक-एक कर कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी थी। इस घटना को लेकर कुछ बच्चों के परिजन ने दावा किया कि जिस बर्तन में पकी हुई दाल रखी गई थी, उसमें एक सांप मिला। उन्होंने बताया कि विद्यालय में मौजूद 545 विद्यार्थियों में से करीब 250 बच्चे भोजन कर चुके थे। इस दावे के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि एफएसएल टीम और औषधि निरीक्षक ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। उन्होंने कहा, ‘जांच के लिए भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा।’ वहीं, सिविल सर्जन डॉक्टर राजनारायण प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। वहीं, प्रशासन ने मिड-डे मील के नमूनों को जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।