Home Panchkula नगर निगम चुनाव को लेकर DCP ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, देखें वीडियो

नगर निगम चुनाव को लेकर DCP ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, देखें वीडियो

0
नगर निगम चुनाव को लेकर DCP ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, देखें वीडियो

पंचकूला: आगामी नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आज डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने पुलिस लाइन में एसीपी स्तर के अधिकारियों, पेट्रोलिंग पार्टी इंचार्जों तथा विभिन्न नाका इंचार्जों को चुनाव ड्यूटी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। डीसीपी ने बताया कि नगर निगम चुनाव के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। इसके तहत 5 इंटरस्टेट नाके, 2 इंटर डिस्ट्रिक्ट, अन्य 17 नाकों समेत कुल सभी 24 नाके पूरी तरह से संचालित किए जा रहे हैं।

सभी नाकों पर पुलिस कर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि चुनाव को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को समय रहते रोका जा सके। इस दौरान डीसीपी ने पेट्रोलिंग पार्टियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्रों में लगातार गश्त करने तथा सभी संवेदनशील, अति संवेदनशील और सामान्य मतदान बूथों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले का समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, इसलिए पुलिस की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव के दौरान अवैध शराब तस्करी, नशा तस्करी या धनबल के जरिए चुनाव प्रभावित करने जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह निगरानी रखी जाए। साथ ही असामाजिक तत्वों को चुनावी क्षेत्रों से दूर रखने और प्रत्येक शिकायत पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा डीसीपी ने आमजन से भी चुनाव के दौरान शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत डायल 112 पर देने का आग्रह किया।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here