Home International विदेश में पंजाबी बहुल इलाके के 2 नाबालिगों का गोलियां मारकर कत्ल

विदेश में पंजाबी बहुल इलाके के 2 नाबालिगों का गोलियां मारकर कत्ल

0
विदेश में पंजाबी बहुल इलाके के 2 नाबालिगों का गोलियां मारकर कत्ल

सरेः ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पंजाबी बहुल इलाके में 2 नाबालिगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है और पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, जब संदिग्ध हमलावरों ने दोनों किशोरों पर गोलीबारी की और घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मारे गए दोनों युवकों की उम्र 16 और 17 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे सुनियोजित हमला माना है और घटना को ब्रिटिश कोलंबिया में चल रहे गैंग संघर्ष से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों मृतक पंजाबी मूल के हैं।

कनाडाई पुलिस ने इस मामले को प्रारंभिक तौर पर लक्षित हमला बताया है और संगठित अपराध से जुड़े एंगल से जांच की जा रही है। जांच की जिम्मेदारी इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) को सौंपी गई है, जो ऐसे गंभीर हत्या मामलों की गहन जांच करती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हमला किसी पूर्व रंजिश या आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, हालांकि अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। जांच टीम सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घटना के कुछ समय बाद पुलिस को एक ग्रे रंग की चार दरवाजों वाली कार जली हुई अवस्था में एनवर क्रीक स्कूल के पास मिली। यह स्थान घटना स्थल से कुछ दूरी पर है। जांचकर्ताओं को शक है कि यह वाहन हमलावरों द्वारा इस्तेमाल किया गया हो सकता है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और डैशकैम रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। आईएचआईटी की प्रवक्ता सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने कहा कि इस वारदात ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

सरी में बड़ी संख्या में पंजाबी समुदाय रहता है, और इस घटना के बाद स्थानीय समुदाय में भय और आक्रोश का माहौल है। कई लोगों ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि यह एक गंभीर मामला है और दोषियों को जल्द पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह जांच एजेंसियों के साथ साझा करे। विशेषज्ञों का मानना है कि कनाडा में हाल के वर्षों में कुछ क्षेत्रों में गैंग-संबंधित हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं, जिन्हें रोकने के लिए सख्त कार्रवाई और सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस मामले में महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here