Home Chandigarh भागवत कथा में शामिल होने गया परिवार, घर से लाखों के गहने लेकर चोर फरार

भागवत कथा में शामिल होने गया परिवार, घर से लाखों के गहने लेकर चोर फरार

0
भागवत कथा में शामिल होने गया परिवार, घर से लाखों के गहने लेकर चोर फरार

चंडीगढ़ः शहर में चोरी और स्नेचिंग की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ना शुरू हो गया है। ताजा मामला मालोया कॉलोनी से सामने आया है, जहां चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता उस समय चला जब पड़ोसी महिला ने घर का टूटा हुआ ताला देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही थाना मालोया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में सुमन पत्नी राजेंद्र कुमार निवासी मकान नंबर 3354, मालोया कॉलोनी ने बताया कि जिस मकान में चोरी हुई है वह उनके चाचा ससुर का है।

उनके चाचा ससुर कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के जिला गोंडा स्थित गांव बेलवा में भागवत कथा में शामिल होने गए हुए हैं। वह मालोया बस स्टैंड के पास फल बेचने का काम करते हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार पड़ोस में रहने वाली अंजू निवासी मकान नंबर 3345 ने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचीं तो पाया कि घर के बाहरी गेट और अंदर लगे ताले टूटे हुए थे। घर के अंदर जाने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने फोन पर अपने चाचा ससुर को घटना की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घर में रखा एक छोटा संदूक/बॉक्स गायब है, जिसमें सोने-चांदी के कीमती गहने रखे हुए थे। चोरी हुए सामान में करीब 3 तोले की सोने की चेन, डेढ़ तोले की सोने की अंगूठियां, लगभग 25 ग्राम की नथ, डेढ़ तोले की झुमकी, करीब 300 ग्राम की चांदी की पायल, लगभग 500 ग्राम की चांदी की करधनी और डेढ़ तोले के सोने के कानों के गहने शामिल हैं। घटना की सूचना पर थाना मालोया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इलाके में सक्रिय चोरी गिरोहों के एंगल से भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here