Home Government News>Haryana Govt प्रदेश के हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता: कृष्ण कुमार बेदी

प्रदेश के हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता: कृष्ण कुमार बेदी

0
प्रदेश के हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता: कृष्ण कुमार बेदी

चंडीगढ़— हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार सभी हलकों के चहुंमुखी एवं सर्वांगीण विकास के लिए विशेष कार्य योजना तैयार कर रही है और नरवाना क्षेत्र के विकास हेतु व्यापक एवं दूरदर्शी रोडमैप पर प्रभावी ढंग से कार्य किया जा रहा है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री आज विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में नरवाना हलके में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा विकास परियोजनाओं को गति देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान खेल स्टेडियम, पुल, सड़कें, पशु अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र, बस स्टैंड, पार्क और सार्वजनिक भवनों सहित विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित विकास कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

बेदी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के हर वर्ग के कल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर लागू किया जाए, ताकि आमजन को उनका सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक खेल स्टेडियम विकसित किए जाएंगे। बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए सड़कों और पुलों का निर्माण कराया जाएगा, जबकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों एवं पशु अस्पतालों का विस्तार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आमजन की सुविधा के लिए बस स्टैंड, पार्क तथा अन्य सार्वजनिक भवनों की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

बेदी ने कहा कि नरवाना हलके के विकास को लेकर सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है और आने वाले समय में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं साकार होंगी, जो क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य करेंगी। उन्होंने बताया कि लगभग 48 करोड़ रुपये की लागत से 16 सड़कों की मरम्मत करवाई जाएगी, जिनमें से 9 सड़कों पर जल्द कार्य शुरू होगा। उन्होंने यह भी बताया कि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 100 बेड के अस्पताल भवन के उन्नयन का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसके अलावा नरवाना में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य पार्क विकसित किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर सार्वजनिक मनोरंजन और सैर-सपाटे की सुविधा मिल सके।

बेदी ने बताया कि उझाना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फरैन कलां में पशु डिस्पेंसरी, नरवाना में पशु अस्पताल तथा हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही नरवाना-टोहाना सड़क मार्ग और पुराने एनएच-65 पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी कराया जाएगा, जिन पर लगभग 60 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। बैठक में लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ अनिल कुमार दहिया सहित स्वास्थ्य, परिवहन, पशुपालन, खेल एवं स्थानीय निकाय विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here