Home Punjab>Ludhiana Punjab News: गाड़ी साइड करने को लेकर पड़ोसियों के बीच जमकर हुई मारपीट, व्यक्ति का कान कटा, देखें वीडियो

Punjab News: गाड़ी साइड करने को लेकर पड़ोसियों के बीच जमकर हुई मारपीट, व्यक्ति का कान कटा, देखें वीडियो

0
Punjab News: गाड़ी साइड करने को लेकर पड़ोसियों के बीच जमकर हुई मारपीट, व्यक्ति का कान कटा, देखें वीडियो

लुधियानाः  जिले के हैबोवाल इलाके में गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ छोटा सा विवाद देखते ही देखते खूनी झगड़े में बदल गया। घटना जस्सियां रोड स्थित हैबोवाल क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां पड़ोसियों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक युवक का कान दांतों से काट दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

पीड़ित जतिंदर सिंह ने लगाए गंभीर आरोप
घायल युवक जतिंदर सिंह के अनुसार वह अपने घर के बाहर गाड़ी धो रहा था। इसी दौरान पड़ोसी गुलशन धीर वहां पहुंचे। जतिंदर का कहना है कि पड़ोसियों ने गाड़ी हटाने के लिए कहा, जिस पर उसने सिर्फ दो मिनट का समय मांगा ताकि वह गाड़ी और मोटरसाइकिल साइड कर सके और रास्ता खाली हो जाए। जतिंदर ने आरोप लगाया कि इतनी सी बात पर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान गुलशन धीर का बेटा गौतम धीर नीचे आया और उसके साथ हाथापाई करने लगा। मामला इतना बढ़ गया कि गुलशन धीर ने उसके चेहरे पर हमला करते हुए दांतों से उसका कान काट लिया।

घायल युवक का कहना है कि हमले के बाद काफी खून बहने लगा और परिवार के लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दूसरे पक्ष ने लगाए मारपीट के आरोप
वहीं दूसरे पक्ष के गुलशन धीर ने इन आरोपों को लेकर अपनी अलग कहानी बताई है। उनका कहना है कि जतिंदर घर के बाहर गाड़ी धो रहा था, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था और निकलने के लिए जगह नहीं बची थी।

गुलशन धीर के मुताबिक जब उन्होंने गाड़ी हटाने के लिए कहा तो जतिंदर ने मना कर दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान जतिंदर का भाई भी बाहर आ गया और उनके बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। गुलशन धीर का कहना है कि दूसरी तरफ से लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उनकी नाक पर चोट लगी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने जो भी किया वह अपनी सुरक्षा के लिए किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दोनों परिवारों के बीच पहले से पुराना विवाद चल रहा है।

दोनों पक्ष अस्पताल पहुंचे
घटना के बाद दोनों पक्ष इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार जतिंदर सिंह के कान पर गहरी चोट लगी है और काफी खून बह चुका था। हालत को देखते हुए उसे आगे इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस को दी जाएगी शिकायत
पीड़ित परिवार का कहना है कि इलाज के बाद वे हैबोवाल थाना की जगतपुरी चौकी में आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाएंगे। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here