Home Himachal>Una चारों नगर निगमों में खिलेगा कमल, कांग्रेस सरकार के खिलाफ है जनता में आक्रोश : जयराम ठाकुर

चारों नगर निगमों में खिलेगा कमल, कांग्रेस सरकार के खिलाफ है जनता में आक्रोश : जयराम ठाकुर

0
चारों नगर निगमों में खिलेगा कमल, कांग्रेस सरकार के खिलाफ है जनता में आक्रोश : जयराम ठाकुर
ऊना/मंडी सुशील पंडित : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नगर निगम चुनावों के प्रचार के अंतिम दिन मंडी के सभी 14 वार्डों में भव्य रोड शो और चौहट्टा बाजार में विशाल जनसभा के माध्यम से कांग्रेस सरकार के विरुद्ध शंखनाद करते हुए दावा किया कि प्रदेश की चारों नगर निगमों — मंडी, पालमपुर, धर्मशाला और सोलन — में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है। जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों और झूठी गारंटियों से हिमाचल की जनता का मोहभंग हो चुका है तथा प्रदेश का हर वर्ग सरकार की कार्यप्रणाली से त्रस्त होकर उसे सत्ता से हटाने का मन बना चुका है। उन्होंने कहा कि यह नगर निगम चुनाव केवल स्थानीय चुनाव नहीं हैं, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की विदाई की पटकथा लिखने वाले साबित होंगे।

जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने चारों नगर निगम क्षेत्रों में प्रचार किया है और निश्चित रूप से कह सकते हैं कि चारों जगह “कमल” खिलेगा तथा सरकार की विदाई की शहनाई बजेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि हार के डर से कांग्रेस प्रलोभन की राजनीति पर उतर आई है। ठाकुर के अनुसार मुख्यमंत्री ने चुनावी सभाओं में खुलेआम कहा कि कांग्रेस पार्षदों को जिताने पर वार्डों को 50 लाख से एक करोड़ रुपये तक का बजट दिया जाएगा। उन्होंने इस बयान को लोकतंत्र की मर्यादा का अपमान और मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास बताते हुए कहा कि भाजपा इस मामले में चुनाव आयोग से औपचारिक शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी।

उन्होंने मंडी में उमड़े जनसमूह को भाजपा की संभावित जीत का संकेत बताते हुए कार्यकर्ताओं से मतदान तक पूरी ऊर्जा के साथ डटे रहने का आह्वान किया। ठाकुर ने कहा कि जनता कांग्रेस के कुशासन और संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का जवाब देने के लिए तैयार है तथा मतगणना के दिन पालमपुर से सोलन तक कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है। इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी, पूर्ण चंद, पूर्व मेयर वीरेंद्र भट्ट, भाजपा महामंत्री पायल वैद्य और जिलाध्यक्ष निहाल चंद भी उपस्थित रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here