Home Himachal>Una ऊना जिला के शहरी निकायों में शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ मतदान, 77 फीसदी रहा मतदान

ऊना जिला के शहरी निकायों में शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ मतदान, 77 फीसदी रहा मतदान

0
ऊना जिला के शहरी निकायों में शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ मतदान, 77 फीसदी रहा मतदान

ऊना सुशील पंडित : ऊना जिले के छह शहरी निकायों में रविवार को मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सौहार्दपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कुल 28,292 मतदाताओं में से 21,813 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और जिले में औसत मतदान प्रतिशत 77 रहा। इनमें 11,244 महिला, 10,568 पुरुष तथा 1 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल रहे। मतदान के दौरान युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में लोकतंत्र के प्रति खास उत्साह देखने को मिला तथा सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं।

जिला निर्वाचन अधिकारी जतिन लाल ने बताया कि सबसे अधिक 84.14 प्रतिशत मतदान नगर पंचायत टाहलीवाल में दर्ज किया गया, जहां 2,441 मतदाताओं ने मतदान किया। नगर पंचायत अंब में 78.89 प्रतिशत, गगरेट में 76.64 प्रतिशत, मैहतपुर-बसदेहड़ा में 77.35 प्रतिशत, दौलतपुर चौक में 77.23 प्रतिशत और संतोषगढ़ में 72.71 प्रतिशत मतदान हुआ। सभी निकायों में महिला मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

उपायुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, पेयजल, छाया, बैठने और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सहायता प्रबंध भी किए गए। पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं ने इसे अपना अधिकार और जिम्मेदारी बताते हुए अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया, जबकि बुजुर्ग मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here