युवक के खिलाफ पुलिस ने 126/170 BNSS के तहत कलंदरा बनाया है। बाइक वाले को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। सेक्टर-39 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान पंजाब के रोपड़ निवासी जसविंदर के रूप में हुई है। वह चंडीगढ़ में मिस्त्री का काम करता है। पुलिस के मुताबिक रविवार को दिन के समय जसविंदर अपनी बाइक से सेक्टर-37 और 41 की सड़क पर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक आगे चल रही कार से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच सड़क पर बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान जसविंदर अचानक गुस्से में आ गया। उसने बाइक की पेट्रोल टंकी का ढक्कन खोला और जेब से माचिस निकालकर बाइक में आग लगा दी। आग लगते ही बाइक से ऊंची लपटें उठने लगीं। पुलिस ने कार ड्राइवर के बयान भी दर्ज किए, लेकिन उसने शिकायत देने से इनकार कर दिया। कार ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी गाड़ी का नुकसान खुद ठीक करवा लेगा। उसने कहा कि युवक ने गुस्से में अपनी ही बाइक को आग लगा दी। ऐसे में वह किसी और विवाद में नहीं पड़ना चाहता। पुलिस ने आरोपी जसविंदर को हिरासत में लेकर मेडिकल करवाया। जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वहीं, सड़क पर बीचोंबीच बाइक में आग लगाने की घटना से कुछ देर के लिए इलाके में ट्रैफिक भी प्रभावित रहा।View this post on Instagram