जानकारी मुताबिक, एक पिता अपनी बेटी के साथ कार से कहीं जा रहा था। इसी दौरान पालासुनी पुल पर पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के आगे फंस गई। इस दौरान ट्रक चालक ने गाड़ी रोकने की बजाए ट्रक को उसी स्पीड से चलाता रहा जिसके चलते कार ट्रक के साथ कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। गणीमत यह रही कि कुछ दूरी के बाद कार को चालक ने मोड़ लिया जिससे वह ट्रक के पीछे हट गई और कार में सवार सभी लोग बच गए। घटना के दौरान कार में बैठे पिता और बेटी बेहद घबरा गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दोनों इस खतरनाक हादसे में सुरक्षित बच निकले। वहीं घटना के वक्त रोड पर मौजूद अन्य लोगों की जान भी हलक में आ गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने ट्रक चालक की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। फिलहाल घटना के बाद पुलिस ने हाइवा ट्रक के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया और जांच शुरू कर दी है। अधिकारी घटनाक्रम का सही पता लगाने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए इलाके के CCTV फुटेज के साथ-साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच कर रहे हैं।