Home International Airport पर हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत, Airspace बंद, IndiGo ने जारी की एडवाइजरी

Airport पर हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत, Airspace बंद, IndiGo ने जारी की एडवाइजरी

0
Airport पर हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत, Airspace बंद, IndiGo ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्लीः कुवैत हवाई अड्डे पर हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई है। कुवैत में स्थित भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। दूतावास ने भारतीय नागरिक की मौत पर गहरा दुख जताया है। दूतावास के अधिकारी पीड़ित परिवार के साथ लगातार संपर्क में बने हुए हैं। वे परिवार को हर मुमकिन सहायता और सहयोग देने के लिए कुवैत के अधिकारियों के साथ तालमेल बिठा रहे हैं। इस हमले में जो लोग घायल हुए हैं, दूतावास उन्हें भी पूरी मदद पहुंचाने का काम कर रहा है।

सोशल मीडिया के जरिए बताया कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला हुआ, जिसके बाद कुवैत ने अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया। घटना के बाद भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने कुवैत आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 4 जून 2026 को दोपहर 12 बजे तक निलंबित कर दी हैं। जानकारी के अनुसार, कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 यात्री भवन को ड्रोन ने निशाना बनाया। हमले के बाद कुवैती नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने तत्काल प्रभाव से देश का एयरस्पेस बंद करने का फैसला लिया। कुवैत सिविल एविएशन ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “सभी हवाई यातायात को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है और उड़ानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है।”

इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। एयरलाइन ने कहा, “हम समझते हैं कि इससे यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित होंगी और इसके लिए हमें खेद है, लेकिन हमारे ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।” एयरलाइन ने बताया कि वह क्षेत्रीय हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और संबंधित विमानन प्राधिकरणों के संपर्क में है। सुरक्षित परिस्थितियां बनने और संचालन के लिए सुरक्षित हवाई मार्ग उपलब्ध होने पर सेवाएं फिर शुरू की जाएंगी।

बता दें कि यह हमला कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की पैसेंजर बिल्डिंग (T1) को निशाना बनाकर किया गया था। कुवैत की सेना ने आरोप लगाया है कि ईरान ने ड्रोन के जरिए यह हमला किया। सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने इसे ईरान की आपराधिक आक्रामकता बताया है। इस हमले की वजह से हवाई अड्डे की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है। हमले में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा कारणों से कुवैत ने हवाई यातायात को रोक दिया है और उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की तरफ मोड़ दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here