Home Mohali Punjab News: ऑनलाइन सट्टेबाजी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, देखें वीडियो

Punjab News: ऑनलाइन सट्टेबाजी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, देखें वीडियो

0
Punjab News: ऑनलाइन सट्टेबाजी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, देखें वीडियो

 4 लैपटॉप और 8 मोबाइल फोन सहित 5 लोग गिरफ्तार

जीरकपुरः पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के नाम पर लोगों से कथित ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनसे 4 लैपटॉप और 8 मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ के रहने वाले के रूप में हुई है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति भोले-भाले लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर प्राइवेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने के नाम पर पैसे अपने खातों में ट्रांसफर करवाकर हड़प रहे हैं।

पुलिस के अनुसार एएसआई गुरनाम सिंह अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कोहिनूर ढाबा के पास एक विश्वसनीय मुखबिर ने सूचना दी कि राकेश कुमार, अनिल कुमार, दीसू गर्ग, मनीष कुमार और विजय कुमार वीआईपी रोड स्थित मोना ग्रीन सोसायटी के फ्लैट नंबर 1202 से यह कथित अवैध कारोबार चला रहे हैं।

सूचना में बताया गया कि आरोपी लोगों को कम समय में अधिक कमाई और बड़े मुनाफे का झांसा देकर ऑनलाइन सट्टेबाजी में निवेश करने के लिए प्रेरित करते हैं। इसके बाद वे रकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेते हैं और पैसे हड़प लेते हैं।

मुखबिर ने यह भी दावा किया कि यदि तुरंत छापेमारी की जाए तो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा जा सकता है तथा उनके कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हो सकते हैं, जिनका इस्तेमाल इस कथित ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में किया जा रहा है।

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ पंजाब गैंबलिंग एक्ट की धारा 3 और 4 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल फोन और लैपटॉप की जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस कथित ठगी का शिकार कितने लोग हुए हैं और कितनी रकम का लेनदेन हुआ है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here