नई दिल्लीः नीट री-एग्जाम से पहले एक बार फिर छात्रों की मुश्किलें बढ़ सकती है। आज दोपहर 2 बजे नीट की परीक्षा होने जा रही है। लेकिन इससे पहले अजमेर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक अज्ञात कॉलर ने परीक्षा में शामिल होने वाले एक छात्र को वीडियो कॉल पर प्रश्न पत्र दिखाने का दावा करते बदले में 30,000 रुपए की मांग की है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन भी कर दिया है।
आपको बता दें 3 मई को नीट-यूजी परीक्षा पेपर लीक होने के चलते रद्द की गई थी। जिसके बाद आज इसका री-एग्जाम होने जा रहा है।
डीएवी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और एबीवीपी सदस्य कृष्ण सिंह ठाकुर ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कृष्ण सिंह ठाकुर ने पुलिस को बातचीत की रिकॉर्डिंग मुहैया करवाई। मामले की शिकायत के बाद पुलिस मोबाइल नंबर, QR कोड और वीडियो कॉल की जांच कर रही है।
एडिशनल एसपी (सिटी) हिमांशु जागीद ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है और जांच के लिए एक टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि कॉल करने वाले की पहचान करने और वीडियो कॉल के दौरान दिखाए प्रश्न पत्र की प्रामाणिकता की पुष्टि करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के शुरुआती आकलन के मुताबिक, यह रविवार को होने वाली नीट की पुनर्परीक्षा में बैठने वाले छात्रों को गुमराह कर पैसे ऐंठने का एक बड़ा धोखाधड़ी का प्रयास (स्कैम) हो सकता है।