सिविल इंजीनियर ने बादशाहपुर थाने में थार सवार युवकों के खिलाफ शिकायत दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सेक्टर 71 स्थित सिग्नेचर एंडोर हाइट्स में रहने वाले ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 15 सालों से गुरुग्राम में रह रहे हैं। फिलहाल वह ‘एमआरजी बिल्डर’ के साथ सिविल बिल्डिंग वर्क में बतौर सिविल इंजीनियर जॉब करते हैं। बुधवार सुबह करीब सवा 7 बजे वह अपनी नाइट ड्यूटी खत्म कर वापस अपनी सोसाइटी लौट रहे थे। आगे बताया कि सोसाइटी के ठीक बाहर हिमाचल प्रदेश के नंबर HP 90-8901 वाली ब्लैक थार कार वहां आकर रुकी। संकरे रास्ते में गाड़ी को साइड करने की बात को लेकर थार सवार युवकों ने उसके साथ कहासुनी शुरू कर दी। बात इतनी बढ़ गई कि थार सवार युवक आपा खो बैठे और उन्होंने गाड़ी से खींच लिया। धर्मेंद्र ने बताया कि युवकों ने उस पर हमला कर दिया। वह खुद को बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें तब तक पीटा जब तक वह अधमरे नहीं हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी तेज रफ्तार थार कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। धर्मेंद्र ने बादशाहपुर थाने में शिकायत दी है। एसएचओ विजयपाल ने कहा कि पीड़ित की शिकायत मिल चुकी है। गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।