Home Mohali Punjab News: जिम में वर्कआउट करते 23 वर्षीय युवक की बिगड़ी तबीयत, मौत

Punjab News: जिम में वर्कआउट करते 23 वर्षीय युवक की बिगड़ी तबीयत, मौत

0
Punjab News: जिम में वर्कआउट करते 23 वर्षीय युवक की बिगड़ी तबीयत, मौत

मोहालीः फेज-3बी2 स्थित एक जिम में वर्कआउट के दौरान 23 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश निवासी सेक्टर-56, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। घटना के बाद जिम में मौजूद लोगों और परिजनों में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार मुकेश नियमित रूप से जिम जाता था और रोजाना की तरह व्यायाम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार उसे चक्कर आने लगे और कुछ ही पलो में वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। जिम में मौजूद उसके दोस्तों और अन्य लोगों ने तुरंत उसे संभाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे।

परिवार की सहमति के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। बुधवार शाम को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल परिवार और पुलिस दोनों पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार वर्कआउट के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें पहले से मौजूद लेकिन अनजान हार्ट संबंधी बीमारी, अत्यधिक शारीरिक दबाव, शरीर में पानी की कमी, पर्याप्त नींद न लेना, हाई-इंटेंसिटी एक्सरसाइज, अनियंत्रित ब्लड प्रेशर या किसी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज करना शामिल है।

कुछ मामलों में अत्यधिक सप्लीमेंट्स या स्टेरॉयड का सेवन भी जोखिम बढ़ा सकता है। हालांकि मुकेश की मौत का कारण क्या था, इसका पता केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि जिम शुरू करने से पहले स्वास्थ्य जांच जरूर करानी चाहिए, खासकर यदि परिवार में हृदय रोग का इतिहास हो। वर्कआउट के दौरान शरीर की क्षमता से अधिक दबाव नहीं डालना चाहिए और किसी भी तरह की घबराहट, सीने में दर्द, सांस फूलना या चक्कर आने जैसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। पर्याप्त पानी पीना, संतुलित आहार लेना और प्रशिक्षित ट्रेनर की निगरानी में एक्सरसाइज करना भी जरूरी है। यदि एक्सरसाइज के दौरान असामान्य लक्षण महसूस हों तो तुरंत वर्कआउट रोककर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here