Home Himachal>Una ऊना पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी हुई बाइक कुछ घंटों में बरामद, पांच युवक मामले में शामिल

ऊना पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी हुई बाइक कुछ घंटों में बरामद, पांच युवक मामले में शामिल

0
ऊना पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी हुई बाइक कुछ घंटों में बरामद, पांच युवक मामले में शामिल

ऊना, सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों को पकड़कर चोरीशुदा बाइक बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जून 2026 को अंकित जसवाल निवासी भदसाली, तहसील हरोली ने पुलिस चौकी पंडोगा में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना हरोली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

डीएसपी हरोली मोहन रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानव स्रोतों की मदद से मामले का जल्द खुलासा करते हुए चोरी में शामिल पांच युवकों की पहचान की। पुलिस ने अमित कुमार निवासी कुठार खुर्द और बबलु राम निवासी सुनेहरा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल तीन नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

जांच के दौरान आरोपी अमित कुमार की निशानदेही पर चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से दो अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी मिली हैं, जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उनके वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पुलिस इन वाहनों की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय ऊना में पेश किया जाएगा। वहीं जिला पुलिस ऊना ने लोगों से अपने घरों और दुकानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here