Home Government News>Haryana Govt राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की

0
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की

चंडीगढ़– हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने आज आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल ने 26 जून, 1975 को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताते हुए कहा कि आपातकाल की घोषणा के साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों पर अभूतपूर्व हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि उस दौर में नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया गया, प्रेस की स्वतंत्रता को कुचला गया, विपक्षी नेताओं को जेलों में डाल दिया गया तथा नागरिक स्वतंत्रताओं पर कठोर प्रतिबंध लगाए गए।

राज्यपाल ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के आंदोलन के प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक बनकर उभरे, जबकि लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित के प्रति भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अटूट प्रतिबद्धता आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्थायी स्रोत है। उन्होंने कहा कि उन विषम परिस्थितियों में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले अनगिनत लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

असीम कुमार घोष ने कहा कि देश उन वीर लोकतंत्र सेनानियों का सदैव ऋणी रहेगा, जिन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा और संविधान की मर्यादा बनाए रखने के लिए कारावास, उत्पीड़न और अनेक कठिनाइयों का साहसपूर्वक सामना किया। उन्होंने कहा कि उनका साहस, त्याग और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति अटूट समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here